Indian Army Agniveer 2026: भारतीय सेना ने अग्निवीर भर्ती 2026 को लेकर आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी कर दिया है. 12 फरवरी 2026 को जारी अधिसूचना के अनुसार, देशभर के अविवाहित पुरुष और महिला उम्मीदवारों से ऑनलाइन आवेदन मांगे गए हैं. इस भर्ती के तहत 25,000 से अधिक पद भरे जाएंगे. आवेदन प्रक्रिया 13 फरवरी 2026 से शुरू हो चुकी है और उम्मीदवार 1 अप्रैल 2026 तक ऑनलाइन फॉर्म भर सकते हैं.
ADVERTISEMENT
किन पदों पर होगी भर्ती
यह भर्ती अग्निपथ योजना के अंतर्गत की जा रही है. इसमें अग्निवीर जनरल ड्यूटी (GD), टेक्निकल, क्लर्क/स्टोर कीपर टेक्निकल और ट्रेड्समैन पद शामिल हैं. सेना ने अलग-अलग पदों के लिए अलग पात्रता तय की है ताकि योग्य अभ्यर्थियों का चयन किया जा सके.
शैक्षणिक योग्यता क्या है
जनरल ड्यूटी पद के लिए उम्मीदवार का 10वीं पास होना जरूरी है, जिसमें कुल 45 प्रतिशत अंक और प्रत्येक विषय में कम से कम 33 प्रतिशत अंक अनिवार्य हैं. टेक्निकल पद के लिए 12वीं विज्ञान वर्ग से भौतिकी, रसायन विज्ञान, गणित और अंग्रेजी विषयों के साथ 50 प्रतिशत कुल अंक तथा हर विषय में 40 प्रतिशत अंक जरूरी हैं. 10वीं के साथ दो साल का आईटीआई कोर्स करने वाले उम्मीदवार भी आवेदन कर सकते हैं.
क्लर्क या स्टोर कीपर टेक्निकल पद के लिए 12वीं किसी भी स्ट्रीम से 60 प्रतिशत अंकों के साथ पास होना अनिवार्य है. हर विषय में कम से कम 50 प्रतिशत अंक होने चाहिए और अंग्रेजी व गणित या लेखा विषय जरूरी हैं. ट्रेड्समैन पद के लिए 8वीं या 10वीं पास अभ्यर्थी पात्र हैं, बशर्ते प्रत्येक विषय में कम से कम 33 प्रतिशत अंक हों.
चयन प्रक्रिया कैसे होगी?
अग्निवीर भर्ती दो चरणों में पूरी होगी. पहले चरण में ऑनलाइन कॉमन एंट्रेंस एग्जाम (CEE) आयोजित किया जाएगा. यह कंप्यूटर आधारित परीक्षा होगी और इसमें बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाएंगे. सही उत्तर पर पूरे अंक मिलेंगे, जबकि छोड़े गए प्रश्न पर कोई अंक नहीं मिलेगा. परीक्षा में मिले अंकों के आधार पर मेरिट सूची तैयार की जाएगी.
दूसरे चरण में चयनित उम्मीदवारों को भर्ती रैली के लिए बुलाया जाएगा. क्लर्क और स्टोर कीपर पद के लिए टाइपिंग टेस्ट भी अनिवार्य है, जिसमें अंग्रेजी में लगभग 30 शब्द प्रति मिनट की गति जरूरी होगी.
फॉर्म अप्लाई करने की आखिरी तारीख क्या है?
अधिसूचना 12 फरवरी 2026 को जारी की गई है. आवेदन 13 फरवरी से शुरू होकर 1 अप्रैल 2026 तक स्वीकार किए जाएंगे. ऑनलाइन CEE परीक्षा 1 जून से 16 जून 2026 के बीच आयोजित होगी. भर्ती रैली की तिथियां क्षेत्रवार बाद में घोषित की जाएंगी.
आवेदन शुल्क कितना है?
सभी वर्गों के लिए आवेदन शुल्क 250 रुपये तय किया गया है. शुल्क का भुगतान केवल एसबीआई पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन किया जा सकता है. उम्मीदवार नेट बैंकिंग, डेबिट कार्ड या क्रेडिट कार्ड से भुगतान कर सकते हैं. जमा किया गया शुल्क वापस नहीं किया जाएगा.
कितनी मिलेगी सैलरी?
चयनित अग्निवीरों को पहले वर्ष 30,000 रुपये प्रतिमाह वेतन मिलेगा. हर वर्ष 5,000 रुपये की बढ़ोतरी के साथ चौथे वर्ष तक वेतन 40,000 रुपये हो जाएगा. हालांकि कुल वेतन का 30 प्रतिशत हिस्सा अग्निवीर कोष में जमा होगा. पहले वर्ष लगभग 21,000 रुपये और चौथे वर्ष करीब 28,000 रुपये हाथ में मिलेंगे.
ऐसे करें ऑनलाइन आवेदन
इच्छुक उम्मीदवार भारतीय सेना की आधिकारिक वेबसाइट joinindianarmy.nic.in पर जाकर आवेदन कर सकते हैं. वेबसाइट पर “अग्निपथ” सेक्शन में पंजीकरण कर प्रोफाइल बनानी होगी. इसके बाद जरूरी जानकारी भरकर दस्तावेज अपलोड करें और ऑनलाइन शुल्क जमा कर फॉर्म सबमिट करें. सेना में शामिल होने की इच्छा रखने वाले युवाओं के लिए यह एक बड़ा अवसर माना जा रहा है.
ADVERTISEMENT

