NEET UG 2026 में पेपर लीक होने की वजह जैसे ही यह परीक्षा रद्द हुई तो देश भर के छात्रों में इसका गुस्सा साफ देखने को मिला है. एक ओर जहां इस मामले में लगातार चल रही जांच में नए-नए खुलासे हो रहे तो दूसरी तरफ स्टूडेंट्स काफी निराश है. इसी बीच आज केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर छात्रों का ढांढस बांधा और लोगों को यकीन दिलाया की दोषियों को पाताल से भी ढूंढकर खोज निकालेंगे.
ADVERTISEMENT
हालांकि, प्रेस कॉन्फ्रेंस से पहले ही NTA ने X पर परीक्षा की नई तारीख का ऐलान कर दिया था. अब 21 जून को यह परीक्षा दोबारा आयोजित की जाएगी. वहीं प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान धर्मेंद्र प्रधान ने कई महत्वपूर्ण बातें की जिसमें उन्होंने छात्र हित में लिए गए फैसले बताए. उन्होंने बताया कि अब अगले साल से यह परीक्षा CBT मोड यानी कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट में आयोजित की जाएगी. विस्तार से जानिए पूरी बात.
'छात्रों के हित के लिए लिया गया फैसला'
केंद्रीय शिक्षा मंत्री ने कहा है कि गेस पेपर लीक होने के बाद 3 से 4 दिन का समय लिया गया और छात्र हित को ध्यान में रखते हुए इस परीक्षा को रद्द कर दिया गया ताकि किसी को कोई परेशानी का सामना ना करना पड़े. उन्होंने कहा कि आज नई तारीखों का ऐलान हो चुका है और अगले महीने परीक्षा है. लेकिन हमारी लड़ाई परीक्षा माफियाओं के साथ है और सरकार इस पर काम कर रही है. इस बार सीबीआई मामले की तह तक जाएगी और जांच करेगी. इस मामले में जो भी जुड़े है उन्हें कठोर से कठोर सजा मिलेगी.
अफवाहों से रहें सावधान
धर्मेंद्र प्रधान ने छात्रों से अपील की है कि, डिजिटल जमाने में अफवाहें और भ्रामक खबरें सबसे बड़ी चुनौती बनकर उभरी है. ऐसे में छात्रों और अभिभावक दोनों से अपील है कि सोशल मीडिया पर अलग-अलग तरीके से फैलाए जा रहे झूठ और दावों से दूर रहें. केवल सरकार और NTA द्वारा जारी निर्देशों का ही पालन करें.
स्टूडेंट चुन सकेंगे अपने मन का शहर
शिक्षा मंत्री ने कहा है कि इस घटना से हम काफी दुखी है. NTA में जीरो एरर हो यह सुनिश्चित करना हमारा दायित्व है और हम यह करके रहेंगे. NTA हर साल एक करोड़ बच्चों का एग्जाम कराती है और स्टूडेंट्स पर आर्थिक बोझ ना पड़ें उसका भी दायित्व हम लेते है. इसलिए NEET UG की परीक्षा में दोबारा शामिल होने वाले छात्रों को मनपसंद शहर चुनने की अनुमति दी जाएगी. इसके पीछे का मकसद है कि दोबारा परीक्षा देने वाले छात्रों पर कम बोझ पड़ेगा और इससे स्टूडेंट्स के लिए प्रक्रिया सुगम होगी.
14 जून को आएगा एडिमट कार्ड
केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने बताया है कि 21 जून को होने वाली परीक्षा के लिए एडिमट कार्ड एक सप्ताह पहले यानी 14 जून तक जारी कर दिया जाएगा. यानी छात्रों को एक सप्ताह पहले पता चल जाएगा की उनका एग्जाम सेंटर कहां है.
शिक्षा मंत्री ने मानी गलती
धर्मेंद्र प्रधान ने साफ माना है कि NEET UG की परीक्षा में सुरक्षा की चूक हुई है और NTA के सिस्टम में विशेष सुधार की जरूरत है. उन्होंने कहा है कि सरकार इस गलती की जिम्मेदारी लेती है और इसे सुधारने के लिए काम किए जा रहे है. इस दौरान उन्होंने साल 2024 की परीक्षा में हुई गड़बड़ी का भी जिक्र किया. शिक्षा मंत्री ने कहा है कि परीक्षा व्यवस्था को खराब करने वाले लोगों और शिक्षा माफियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
ADVERTISEMENT


