NEET UG Re-Exam: मेडिकल एंट्रेंस एग्जाम NEET UG 2026 की दोबारा परीक्षा (Re-Exam) से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आ रही है. नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने इस परीक्षा के लिए एडमिट कार्ड जारी कर दिए हैं लेकिन एडमिट कार्ड डाउनलोड करने के दौरान कई छात्रों को भारी टेक्निकल प्राबलम और सर्वर डाउन होने की समस्या का सामना करना पड़ रहा है. इस परेशानी पर अब खुद NTA का आधिकारिक बयान सामने आया है जिसमें एजेंसी ने छात्रों को भरोसा दिलाया है कि वे इस समस्या को दूर करने में जुटे हैं.
ADVERTISEMENT
4 लाख छात्र डाउनलोड कर चुके हैं एडमिट कार्ड
NTA के मुताबिक 21 जून 2026 को होने वाली NEET UG परीक्षा के लिए अब तक लगभग 4 लाख उम्मीदवार अपने एडमिट कार्ड सफलतापूर्वक डाउनलोड कर चुके हैं. हालांकि भारी संख्या में छात्रों के एक साथ वेबसाइट पर आने के कारण सर्वर पर लोड बहुत ज्यादा बढ़ गया है, जिससे कई छात्रों को अपना एडमिट कार्ड एक्सेस करने में परेशानी हो रही हैत
तकनीकी खराबी और सुरक्षा फीचर्स पर NTA की सफाई
लगातार आ रही शिकायतों पर NTA ने कहा कि वे छात्रों को होने वाली इस तकनीकी दिक्कत से पूरी तरह वाकिफ हैं। एजेंसी ने एडमिट कार्ड डाउनलोड करने की प्रक्रिया में देरी का एक कारण भी बताया है।
NTA के अनुसार लॉगिन करने के बाद 2-फैक्टर ऑथेंटिकेशन (2-Factor Authentication) की सुरक्षा प्रक्रिया जोड़ी गई है. इस बार एडमिट कार्ड के साथ बैंक अकाउंट डिटेल्स को वेरिफाई करने का एक नया फीचर दिया गया है ताकि परीक्षा के बाद रिफंड सीधे छात्रों के खाते में सुरक्षित रूप से भेजा जा सके. इसके अलावा एजेंसी का कहना है कि यह पूरी कवायद खुद छात्रों की सुरक्षा और उनके हित के लिए ही की गई है, जिसकी वजह से प्रक्रिया में थोड़ा वक्त लग रहा है.
जल्द ही हर छात्र को मिलेगा एडमिट कार्ड
NTA ने परीक्षार्थियों और उनके अभिभावकों को परेशान न होने की सलाह दी है. एजेंसी ने बयान जारी कर कहा, "सर्वर पर लोड काफी ज्यादा है, लेकिन हमारी टेक्निकल टीमें लगातार काम कर रही हैं। यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि सभी उम्मीदवार बिना किसी बाधा के अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकें. बहुत जल्द इस तकनीकी समस्या को पूरी तरह सुलझा लिया जाएगा और सभी छात्रों को उनके एडमिट कार्ड मिल जाएंगे."
आपको बता दें कि यह परीक्षा आगामी 21 जून को आयोजित होने जा रही है और छात्र लगातार सोशल मीडिया पर एडमिट कार्ड डाउनलोड न हो पाने को लेकर अपनी चिंता जाहिर कर रहे थे, जिसके बाद NTA को यह सफाई देनी पड़ी है.
ADVERTISEMENT


