UPSC Prelims Answer Key: संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) ने अपनी परीक्षा प्रक्रिया में अहम बदलाव किया है. अब सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा (Prelims) के बाद उम्मीदवारों को आंसर-की के लिए लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा. आयोग ने सुप्रीम कोर्ट को जानकारी दी है कि परीक्षा समाप्त होने के तुरंत बाद आधिकारिक आंसर-की जारी की जाएगी.
ADVERTISEMENT
यह फैसला लंबे समय से उठ रही पारदर्शिता की मांग को ध्यान में रखते हुए लिया गया है. हर साल लाखों उम्मीदवार इस परीक्षा में शामिल होते हैं और उन्हें अपने प्रदर्शन का सही आकलन करने में दिक्कत होती थी.
छात्रों की बड़ी समस्या अब होगी दूर
अब तक उम्मीदवारों को आंसर-की के लिए महीनों इंतजार करना पड़ता था. कई बार उन्हें कोचिंग संस्थानों की अनऑफिशियल आंसर-की पर निर्भर रहना पड़ता था, जो हमेशा सटीक नहीं होती थी.
नए बदलाव के बाद उम्मीदवार परीक्षा के तुरंत बाद अपनी तैयारी और प्रदर्शन का सही अंदाजा लगा सकेंगे. इससे उन्हें यह समझने में आसानी होगी कि वे अगले चरण के लिए तैयार हैं या नहीं.
सरकार ने संसद में दी जानकारी
कार्मिक राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह ने राज्यसभा में इस फैसले की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि यह कदम सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के अनुरूप उठाया गया है.
हालांकि, आयोग ने स्पष्ट किया है कि अंतिम अंक पहले की तरह ही पूरी परीक्षा प्रक्रिया खत्म होने के बाद ही जारी किए जाएंगे.
उम्मीदवार दे सकेंगे आपत्ति
अगर किसी प्रश्न या उत्तर में त्रुटि पाई जाती है तो उम्मीदवार उसे चुनौती भी दे सकते हैं. इसके लिए आयोग ने आधिकारिक पोर्टल उपलब्ध कराया है, जहां जाकर उम्मीदवार अपनी आपत्ति दर्ज कर सकते हैं.
ADVERTISEMENT


