देश के पांच राज्यों- पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, केरल, असम और पुडुचेरी में हुए विधानसभा चुनावों के लिए 4 मई 2026 यानी सोमवार को मतगणना (Counting Day) होनी है. सुबह 8 बजे से शुरू होने वाली काउंटिंग पर पूरे देश की नज़रें टिकी हैं. 4 मई को ये साफ हो जाएगा कि इन राज्यों की सत्ता की चाबी किसके हाथ में होगी. इसके साथ ही आगे के विधानसभा चुनाव और आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर भी एक एक इशारे वाली तस्वीर देखने को मिलेगी.
ADVERTISEMENT
मतगणना की प्रक्रिया: 8 बजे से शुरू होगा महा-संग्राम
मतगणना सुबह 8 बजे कड़ी सुरक्षा के बीच शुरू होगी. चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार, सबसे पहले 'पोस्टल बैलट' (Postal Ballots) की गिनती की जाएगी. इसके बाद इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (EVMs) से मतों की गिनती शुरू होगी.
रुझान और परिणाम
मतगणना शुरू होने के कुछ घंटों के भीतर यानी सुबह 9:30 बजे से शुरुआती रुझान सामने आने लगेंगे. दोपहर तक यह स्पष्ट होने लगेगा कि किस राज्य में किसका पलड़ा भारी है. शाम तक अंतिम परिणाम आने की पूरी उम्मीद है.
फल्ता सीट पर मतगणना 24 को
पश्चिम बंगाल की एकमात्र फल्ता (Falta) सीट पर पुनर्मतदान होने जा रहा है. यहां 285 मतदान केंद्रों पर एक बार फिर फिर 21 मई को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान होगा. यहां के परिणाम 24 मई को घोषित किए जाएंगे. फल्ता में दोबारा क्यों होने जा रहा मतदान...यहां जानें
किस राज्य में कैसी है सियासी जंग?
पश्चिम बंगाल
यहां ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली तृणमूल कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी (BJP) के बीच कड़ी टक्कर है. ममता बनर्जी चौथी बार मुख्यमंत्री बनने की राह देख रही हैं. पश्चिम बंगाल विधानसभा में कुल 294 सीटें हैं. सरकार बनाने के लिए किसी भी दल या गठबंधन को 148 सीटों की आवश्यकता होती है. वर्ष 2021 के विधानसभा चुनावों में 'ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस' (TMC) ने प्रचंड जीत हासिल करते हुए सत्ता में वापसी की थी. TMC (All India Trinamool Congress) को ममता बनर्जी के नेतृत्व में 215 सीटें मिली थीं जबकि भाजपा को 77 सीटों पर ही संतोष करना पड़ा था. अन्य के खाते में 2 सीटें गई थीं.
तमिलनाडु
सत्ताधारी DMK दूसरी बार वापसी की कोशिश में है, जबकि AIADMK अपने अस्तित्व और रिवाइवल के लिए संघर्ष कर रही है. वहीं, BJP अपने विस्तार के लिए AIADMK के साथ गठबंधन कर आगे बढ़ रही है. तमिलनाडु विधानसभा में कुल 234 सीटें हैं. सरकार बनाने के लिए किसी भी दल या गठबंधन को 118 सीटों की आवश्यकता होती है. वर्ष 2021 के विधानसभा चुनावों में एम.के. स्टालिन के नेतृत्व वाले 'द्रविड़ मुनेत्र कड़गम' (DMK) गठबंधन ने बड़ी जीत हासिल की थी. DMK गठबंधन (Secular Progressive Alliance) ने 159 सीटें (इसमें DMK ने अकेले 133 सीटें ) जीती थीं. AIADMK गठबंधन (NDA) ने 75 सीटें (इसमें AIADMK ने 66 सीटें जीती थीं).
केरल
यहां लेफ्ट डेमोक्रेटिक फ्रंट (LDF) और कांग्रेस के नेतृत्व वाले यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (UDF) के बीच मुकाबला है. मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन एक बार फिर इतिहास बदलने की कोशिश में हैं. केरल विधानसभा में कुल 140 सीटें हैं. सरकार बनाने के लिए किसी भी दल या गठबंधन को 71 सीटों की आवश्यकता होती है. वर्ष 2021 के विधानसभा चुनावों में 'लेफ्ट डेमोक्रेटिक फ्रंट' (LDF) ने ऐतिहासिक जीत दर्ज करते हुए सत्ता में वापसी की थी. पिनाराई विजयन के नेतृत्व में LDF ने कुल 99 सीटें जीती थीं. UDF की 41 और NDA का तो खाता भी नहीं खुला था.
असम
मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के नेतृत्व वाली BJP सरकार अपनी सत्ता बरकरार रखने के लिए प्रयासरत है, जबकि कांग्रेस के नेतृत्व वाला गठबंधन उसे कड़ी चुनौती दे रहा है. असम विधानसभा में कुल 126 सीटें हैं. सरकार बनाने के लिए किसी भी दल या गठबंधन को 64 सीटों की आवश्यकता होती है. साल 2021 के चुनाव परिणाम में भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नेतृत्व वाले गठबंधन 'राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन' (NDA) ने जीत हासिल की थी. गठबंधन ने कुल 75 सीटें जीतकर सत्ता बरकरार रखी थी. इसमें BJP ने 60 सीटें और कांग्रेस (INC) के नेतृत्व वाला 'महाजोत' (विपक्ष) गठबंधन ने कुल 50 सीटें जीती थीं.
पुडुचेरी
पुडुचेरी में इस बार मुकाबला काफी टफ हो गया है. NDA (सत्ताधारी गठबंधन: इसमें AINRC और BJP मुख्य रूप से शामिल हैं) जो अपनी सत्ता बरकरार रखने के लिए लड़ रहे हैं. INDIA गठबंधन (विपक्ष) जिसमें DMK और कांग्रेस (INC) शामिल हैं, जो वापसी की कोशिश में हैं. इस बार अभिनेता थलपति विजय की पार्टी 'तमिलगा वेट्री कड़गम' (TVK) ने पहली बार चुनाव लड़कर मुकाबले को त्रिकोणीय बना दिया है, जिसका असर विशेषकर युवाओं और शहरी वोटरों पर देखा जा रहा है. पुडुचेरी विधानसभा में कुल 30 सीटें हैं. सरकार बनाने के लिए किसी भी दल या गठबंधन को बहुमत के लिए 16 सीटों की जरूरत होती है. पिछले चुनाव (2021) में एनडीए (NDA) ने सरकार बनाई थी. तब AINRC ने 10 सीटें और BJP ने 6 सीटें जीती थीं, जिससे वे 16 के जादुई आंकड़े तक पहुंच गए और सरकार बना ली.
एग्जिट पोल का क्या अनुमान है?
ज्यादातर एग्जिट पोल में पश्चिम बंगाल में BJP और TMC के बीच कांटे की टक्कर दिखाई गई है. असम में BJP की वापसी के संकेत हैं, जबकि केरल में UDF को बढ़त मिलने का अनुमान है. तमिलनाडु में DMK गठबंधन के आगे रहने की संभावना जताई गई है और पुडुचेरी में NDA का पलड़ा भारी बताया गया है. हालांकि, ये केवल अनुमान हैं; वास्तविक नतीजे सोमवार को शाम तक ही सामने आएंगे.
लाइव रिजल्ट कैसे ट्रैक करें?
आप न्यूज तक की वेबसाइट newstak.in या चुनाव आयोग (ECI) की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर सीट-वार (seat-wise) परिणाम देख सकते हैं. चुनाव आयोग की आधिकारिक वेबसाइट https://results.eci.gov.in/ पर जाएं. यहां आपको पश्चिम बंगाल, असम, केरल, तमिलनाडु और पुडुचेरी के लिए अलग-अलग विंडो दिखाई देगी. संबंधित राज्य/केंद्र शासित प्रदेश पर क्लिक करके लाइव काउंटिंग देख सकते हैं. आप मोबाइल पर रिजल्ट चेक करने के लिए ECINET ऐप का भी उपयोग कर सकते हैं.
ADVERTISEMENT


