Suvendhu Adhikari PA Murder Case:पश्चिम बंगाल की राजनीति को गरमाने वाले चंद्रनाथ रथ हत्याकांड में एक बड़ा खुलासा हुआ है . बंगाल पुलिस की जांच का सुई अब उत्तर प्रदेश और बिहार की ओर घूम गई है. इस हाई-प्रोफाइल मामले में फिलहाल मुख्य आरोपी राज सिंह को अयोध्या से गिरफ्तार कर लिया गया.
ADVERTISEMENT
अयोध्या में छिपकर बैठा था शूटर
मिली जानकारी के मुताबिक कत्ल को अंजाम देने के बाद आरोपी राज सिंह यूपी के अयोध्या में शरण लिए हुए था. वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बलिया का रहने वाला है लेकिन उसका ठिकाना बिहार का बक्सर जिला रहा है. कोलकाता पुलिस और अयोध्या पुलिस ने एक साझा ऑपरेशन चलाकर राज सिंह को घेराबंदी कर दबोच लिया . गिरफ्तारी के बाद उसे ट्रांजिट रिमांड पर कोलकाता ले जाया गया है.
बक्सर में दो दिनों तक जमी रही बंगाल STF
इस केस की गुत्थी सुलझाने के लिए पश्चिम बंगाल एसटीएफ की टीम पिछले दो दिनों से बक्सर में डेरा डाले हुए थी. जांच के दौरान पुलिस ने बक्सर से दो युवकों बीपी मौर्या और मयंक मिश्रा को हिरासत में लिया है और उन्हें पूछताछ के लिए अपने साथ बंगाल ले गई है.
पुलिस ने क्रिमिनल बैकग्राउंड वाले विशाल श्रीवास्तव से भी लंबी पूछताछ की, हालांकि बाद में उसे छोड़ दिया गया. सूत्रों का कहना है कि बक्सर के कुछ अपराधियों का सिलीगुड़ी में लगातार आना-जाना था, जिसने पुलिस के शक को पुख्ता कर दिया.
गाड़ी के नंबर ने खोला राज
जांच में यह बात भी सामने आई है कि हत्या में जिस वाहन का इस्तेमाल किया गया था, उसका नंबर सिलीगुड़ी के ही एक व्यक्ति के नाम पर दर्ज था . इसी लीड का पीछा करते हुए पुलिस यूपी और बिहार के बॉर्डर तक पहुंची.
पूर्वांचल कनेक्शन से मचा हड़कंप
शुभेंदु अधिकारी के करीबी माने जाने वाले चंद्रनाथ रथ की हत्या का 'पूर्वांचल लिंक' सामने आने के बाद जांच एजेंसियां सतर्क हो गई हैं . आशंका जताई जा रही है कि इस हत्याकांड की साजिश बक्सर और उससे सटे यूपी के जिलों में रची गई थी . फिलहाल, इस पूरे मामले पर बक्सर पुलिस ने चुप्पी साध रखी है, लेकिन बंगाल पुलिस की सक्रियता बता रही है कि आने वाले दिनों में कुछ और बड़े नाम सामने आ सकते हैं.
ADVERTISEMENT


