थलापति विजय ने तमिलनाडु की राजनीति पलटी तो कहा गया कि विजय के स्टारडम के कारण इतनी बड़ी जीत हुई. फैन क्लब ने जीत दिला दी, लोगों ने चेंज के लिए विजय को वोट दिया. लेकिन 4 मई को जब रूझान आ रहे थे तब एक कार चेन्नई में विजय के घर के बाहर रूकी और उसमें बैठे थे राधन पंडित. गुलदस्ता लेकर विजय के घर बधाई देने राधन पंडित उसी दिन से वायरल हो गए. उनके वीडियो सोशल मीडिया पर आग की तरह फैलने लगे.
ADVERTISEMENT
पहली बार राज खुला कि विजय केवल चुनावी खेल से चुनाव नहीं जीते. उनके साथ थे एक ज्योतिषी जिन्होंने कुंडली की ग्रह, दशाएं पढ़कर विजय को चुनाव जीतने के लिए गाइड किया. विजय के पीछे ज्योतिषी राधन पंडित का हाथ तब और मजबूत हो गया जब सीएम बनते ही विजय ने उन्हें OSD अप्वाइंट कर दिया. इसके बाद हर जुबान पर सिर्फ एक ही सवाल है कि कौन हैं राधन पंडित? और कैसे इस एक ज्योतिषी ने रातों-रात सुपरस्टार विजय की राजनीतिक तकदीर को अर्श पर पहुंचा दिया? चर्चित चेहरा के इस खास एपिसोड में जानिए पूरी कहानी.
राधन पंडित ने की थी भविष्यवाणी
हमारे देश में बच्चे की जन्म पर आम तौर पर सबसे पहला काम कुंडली बनाने का होता है. बहुत कॉमन है कि कुंडली में बच्चे का राजयोग दिखता है. ईसाई परिवार में जन्मे चंद्रशेखर जोसेफ विजय की कुंडली बनी थी या नहीं, ये तो पता नहीं लेकिन चुनाव के समय उनकी कुंडली देखकर राधन पंडित ने जो भविष्यवाणी की वही सच साबित हुई. इसी वजह से देश के सबसे सुपरहिट ज्योतिषी बन चुके हैं राधन पंडित.
तमिलनाडु की सियासत में थलापति विजय का राजतिलक तो हो गया लेकिन इस महा-विजय के पीछे कौन है? स्क्रीन पर जो विलेन को धूल चटाते थे, वो असल जिंदगी में किसके 'ग्रहों के जाल' के आगे नतमस्तक हैं? तभी एक बात सामने आई कि राधन पंडित ने साल भर पहले डंके की चोट पर कह दिया था कि तमिलनाडु की राजनीति में विजय की सुनामी आने वाली है. और ऐसी ही हुआ तो बंपर चुनावी जीत की सटीक भविष्यवाणी करने वाले राधन पंडित एकदम वायरल हैं और ग्रहों के खेल की जमकर चर्चा हो रही है.
24 घंटे में ही पलट दिया आदेश!
सरकारी नियुक्ति का नोटिफिकेशन निकला तो पता चला कि राधन पंडित विजय की सरकार में मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) में Officer on Special Duty - Political नियुक्त किए गए हैं. उनकी नियुक्ति के खिलाफ सरकार की समर्थक पार्टियों वीसीके, लेफ्ट ने ही हंगामा काट दिया कि एक ज्योतिषी राज्य का राजनीतिक सलाहकार कैसे हो सकता है? जो विजय सेकुलरिज्म की बात करते हैं वो अंधविश्वास को सरकारी संरक्षण कैसे दे सकती है? विजय को अगर ज्योतिष में भरोसा है, तो राधन पंडित को अपना पर्सनल एडवाइजर रखें, जनता के टैक्स के पैसे पर मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) का OSD नहीं. विजय राधन पंडित के लिए अड़ नहीं पाए. सीएम विजय ने अपना आदेश 24 घंटे में पलट दिया. OSD पद से ज्योतिषी राधन पंडित की छुट्टी हो गई.
इंटरनेट फिर राधन पंडित के लिए बिजी है. विरोधी मीम बना रहे हैं कि क्या राधन पंडित अपनी कुंडली में यह नहीं देख पाए कि चौबीस घंटे में ही उनकी नौकरी चली जाएगी? ज्योतिषी खुद अपना राहुकाल नहीं भांप पाया. समर्थकों का दावा है कि विजय ने नियुक्ति रद्द करके विपक्ष के हाथ से एक बहुत बड़ा चुनावी मुद्दा छीन लिया है और खुद को सबकी सुनने वाले सीएम के रूप में स्थापित किया है.
कौन हैं राधन पंडित?
राधन पंडित तमिलनाडु के इरोड के रहने वाले हैं. पंडित वेट्रिवेल नाम था. वैदिक ज्योतिष, अंक ज्योतिष (न्यूमेरोलॉजी) और 40 साल से ज्यादा वक्त से ध्यान साधना में पारंगत हुए. 2008 में दिल्ली आने पर अपना नाम पंडित वेट्रिवेल से बदलकर राधन पंडित रख लिया. क्लाइंट का ऐसा नेटवर्क बना कि कॉमन मैन से कहीं ज्यादा पॉलिटिकल और बड़े कॉरपोरेट क्लाइंट बन गए. हिंदी न जानने के बावजूद अंग्रेजी में ज्योतिषीय सलाह देकर चर्चित और आदरणीय बनते गए.
दिग्गज लोग हैं राधन पंडित के क्लाइंट्स!
radhanpandit.com के मुताबिक वो देश के टॉप ज्योतिषी हैं और उनका स्ट्राइक रेट 98 परसेंट तक रहा है. इसी वेबसाइट पर दी गई जानकारी के मुताबिक 1989 में उन्होंने पोस्टकार्ड भेजकर जयललिता के लिए भविष्यवाणी करने की इच्छा जताई थी. उनकी 4-5 मुलाकातें भी हुईं. 1996 से 1998 के बीच मुंबई में बेहद लोकप्रिय हुए. वहां उन्होंने आरबीआई, बैंकों के बड़े अफसरों, जज, एक्ट्रेसस के लिए भी काम किया. उनका दावा है कि उनके पास 950 बड़े क्लाइंट्स हैं जिनको ज्योतिष वाली सलाह देते हैं. हालांकि उनकी वेबसाइट में थलापति विजय को लेकर कोई जिक्र नहीं है.
जब राधन पंडित जयललिता के साथ थे तब वो सिंगापुर, मुंबई, दिल्ली में रहकर अपना काम कर रहे थे. जयललिता ने उन्हें चेन्नई में रहने के लिए कहा. कमाने के लिए मुंबई जाने से मना किया. राधन पंडित तमिलनाडु लौट आए. फिर धीरे-धीरे कॉमन फ्रेंड्स के जरिए राधन विजय के इंटरनल सर्कल तक पहुंचे. वहीं से विजय के पॉलिटिकल सर्कल में शामिल हुए. तब तक विजय इरादा बना चुके थे कि राजनीति में आएंगे. पार्टी बनाकर चुनाव में उतरेंगे. शंका और सवाल ये था कि होगा क्या, कैसे?
राधन पंडित का वायरल दावा!
राधन पंडित ने इंटरव्यूज और यूट्यूब वीडियो में डंके की चोट पर दावा किया कि विजय की कुंडली में 'सुनामी जैसी राजनीतिक शक्ति' है और तमिलनाडु के अगले सीएम बनकर रहेंगे. बैकस्टेज उन्होंने पार्टी के लिए कई रोल निभाए. उन्होंने सलाह दी कि पार्टी का नाम 'तमिऴगा वेत्री कड़गम' (TVK) न्यूमेरोलॉजी के अनुसार उनकी जन्मतिथि और ग्रहों के साथ कॉस्मिक तौर पर बिल्कुल परफेक्ट बैठता है. उन्होंने विजय को 'V' अक्षर से शुरू होने वाले सीट से चुनाव लड़ने की सलाह दी थी. हालांकि विजय ने जो दो सीटें चुनी दोनों के नाम वी से शुरू नहीं हुए लेकिन वी शामिल था.
इसके अलावा चुनाव नतीजों के बाद विजय ने 10 मई की दोपहर 3:45 बजे शपथ लेने का मन बनाया था, लेकिन राधन पंडित ने शुभ मुहूर्त का हवाला देकर इसे बदलकर सुबह 10 बजे करवा दिया.
जयललिता के भी रहे खास
सत्ता के करीबी होने से चर्चित राधन पंडित के लिए ये सब नया नहीं है. उनका जलवा तब भी था जब तमिलनाडु में जयललिता की सरकार थी. राधन पंडित अम्मा जयललिता के भी स्पिरिचुअल मेंटर और खास ज्योतिषी रहे. दावे के मुताबिक 1991 में उन्होंने जयललिता की प्रचंड जीत की सटीक भविष्यवाणी की थी. जयललिता का राधन पंडित पर इतना यकीन कि उन्होंने पंडितजी के कहने पर नाम के अंत में एक एक्स्ट्रा अंग्रेजी का 'a' जोड़ लिया. वही शशिकला को सलाह देकर नाम एन शशिकला से वीके शशिकला कराया.
1991 में जीत के साथ उन्होंने ये भी भविष्यवाणी की थी कि अम्मा के लिए 1994 से 1997 का समय कठिन होगा और सचमुच ऐसा ही हुआ. 1996 में जयललिता की सत्ता गई और जेल जाना पड़ा. ऐसी सटीक भविष्यवाणियों से अम्मा का राधन पंडित पर भरोसा और मजबूत होता रहा. राधन जयललिता के पर्सनल ज्योतिषी बन गए।.जयललिता ने चेन्नई में रोककर उनके लिए सारी सुख-सुविधाओं का इंतजाम कर रखा था.
हालांकि चीजें तब खराब हुईं जब 2014 में हाई-प्रोफाइल भविष्यवाणी गलत साबित हो गई. पंडित ने दावा किया था कि आय से अधिक संपत्ति के मामले में जयललिता जेल नहीं जाएंगी, लेकिन कोर्ट ने उन्हें जेल भेज दिया. उस एक भविष्यवाणी ने जयललिता को इतना तोड़ा कि उन्होंने राधन पंडित से सारे रिश्ते तोड़ लिए. हाल में विजय ने प्रेशर में उनकी नियुक्ति भले रद्द की हो लेकिन अगर विश्वास बना रहा तो सरकार से बाहर रखकर भी राधन पंडित विजय, टीवीके और तमिलनाडु के लिए एक्टिव रहेंगे.
यहां देखें वीडियो
ADVERTISEMENT


