पश्चिम बंगाल चुनाव में इस समय प्रत्याशियों से भी ज्यादा चर्चा सीएम योगी आदित्यनाथ के चहेते और यूपी कैडर के IPS अफसर अजय पाल शर्मा की है. अजय पाल शर्मा ने दक्षिण 24 परगना जिले के फलता विधानसभा इलाके में TMC उम्मीदवार जहांगीर खान के घर जाकर धमकी दी थी. इस वीडियो के वायरल होने के बाद जहांगीर खान का रिएक्शन भी आ गया है. TMC उम्मीदवार जहांगीर खान ने कहा कि ये बंगाल है. यदि वे सिंघम हैं तो मैं पुष्पा हूं.
ADVERTISEMENT
मंगलवार को दक्षिण 24 परगना जिले के फलता में तृणमूल कांग्रेस के समर्थकों ने इसे लेकर विरोध प्रदर्शन किया. उन्होंने चुनाव आयोग द्वारा नियुक्त उत्तर प्रदेश कैडर के IPS अधिकारी अजय पाल शर्मा पर पश्चिम बंगाल में मतदान के दूसरे चरण से पहले पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं को "डराने-धमकाने" का आरोप लगाया. फालता विधानसभा सीट पर TMC के उम्मीदवार जहांगीर खान ने कहा- ''फलता में BJP द्वारा नियुक्त उत्तर प्रदेश के पुलिस अधिकारियों द्वारा किसी भी तरह की धमकी या ज़बरदस्ती की अनुमति नहीं दी जाएगी. वे पुलिस बल के साथ आए और मेरे लोगों तथा मुझ पर दबाव बनाने की कोशिश की. एक लोकतांत्रिक व्यवस्था में इस तरह की कार्रवाई स्वीकार्य नहीं है." गौरतलब है कि फलता विधानसभा डायमंड हार्बर लोकसभा सीट के तहत आता है, जिसका प्रतिनिधित्व TMC के अभिषेक बनर्जी करते हैं.
TMC नेताओं ने भी जताई आपत्ति
IPS शर्मा द्वारा उठाए गए कदम पर आपत्ति जताते हुए TMC के वरिष्ठ नेताओं और मंत्रियों ने आरोप लगाया कि IPS अधिकारी अपनी भूमिका की सीमा लांघ रहे हैं. "मीडिया ने उन्हें 'एनकाउंटर स्पेशलिस्ट' का नाम दिया है. हमें हैरानी है कि ऐसा पुलिस अधिकारी यहां क्या कर रहा है? क्या वह रात में किसी के घर जाकर धमकी दे सकता है? क्या उसे बिना किसी सबूत के लोगों को गिरफ़्तार करने का जिम्मा दिया गया है?
पश्चिम बंगाल की मंत्री चंद्रिमा भट्टाचार्य ने कहा- "हम ऐसी बातों की निंदा करते हैं। ऐसा लगता है कि उसे किसी न किसी बहाने से शांति भंग करने के लिए यहाँ लाया गया है?" अरूप बिस्वास ने कहा- "पर्यवेक्षकों से निष्पक्ष रहने की उम्मीद की जाती है. संवैधानिक सीमाओं से बाहर जाकर काम करने या किसी खास पार्टी को निशाना बनाने की किसी भी कोशिश को कानूनी तौर पर चुनौती दी जाएगी."
TMC सांसद महुआ मोइत्रा ने X पर एक वीडियो शेयर किया, जिसमें एक आदमी पब में नाचता हुआ दिख रहा है. उन्होंने उस पोस्ट में अधिकारी को टैग करते हुए कहा, "आपको मज़े करते हुए देखकर अच्छा लगा... उम्मीद है कि आपकी पुलिसिंग स्किल्स, आपकी डांसिंग स्किल्स से बेहतर होंगी."
इनपुट: एजेंसी
ADVERTISEMENT


