'...रोना और पछताना मत'- TMC उम्मीदवार को यूपी के 'एनकाउंटर स्पेशलिस्ट' IPS अजय पाल शर्मा की खुली चेतावनी

बंगाल चुनाव में ड्यूटी पर तैनात यूपी के एनकाउंटर स्पेशलिस्ट IPS अजय पाल शर्मा ने TMC उम्मीदवार जहांगीर खान को घर जाकर कड़ी चेतावनी दे दी. इस मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो गया है. जानें क्या है ये पूरा मामला और अजय पाल शर्मा के घर बंगाल पुलिस क्या कर रही थी?

NewsTak
IPS अजय पाल शर्मा का वीडियो की सोशल मीडिया पर है खूब चर्चा.

न्यूज तक डेस्क

follow google news

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के प्रचार के दौरान माहौल पूरी तरह गरमाया हुआ है. इसी बीच उत्तर प्रदेश कैडर के चर्चित 'एनकाउंटर स्पेशलिस्ट' IPS अधिकारी अजय पाल शर्मा का एक वीडियो सोशल मीडिया पर जबरदस्त वायरल हो रहा है. फिलहाल बंगाल में चुनाव ड्यूटी पर तैनात अजय पाल शर्मा ने दक्षिण 24 परगना जिले की फलता विधानसभा सीट से TMC उम्मीदवार जहांगीर खान को उनके घर जाकर सख्त लहजे में चेतावनी दी है. 

Read more!

क्या है पूरा मामला? 

पिछले कुछ दिनों से चुनाव आयोग और पुलिस को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि फलता विधानसभा सीट (Falta Assembly seat) से TMC उम्मीदवार जहांगीर खान और उनके समर्थक आम लोगों को डरा-धमका रहे हैं. इन शिकायतों का संज्ञान लेते हुए IPS अजय पाल शर्मा खुद मौके पर पड़ताल करने पहुंचे. हैरानी की बात यह रही कि जब वे इलाके में पहुंचे, तो न तो स्थानीय लोगों ने और न ही स्थानीय पुलिस ने जहांगीर खान के घर का पता बताने में सहयोग किया. हालांकि, कड़ी मशक्कत और तलाशी के बाद टीम ने जहांगीर का घर ढूंढ निकाला.

सुरक्षा में तैनात मिले 'एक्स्ट्रा' जवान, SP से मांगा जवाब 

जब IPS अजय पाल शर्मा जहांगीर खान के घर पहुंचे, तो वहां सुरक्षा व्यवस्था देखकर वे दंग रह गए. रिकॉर्ड के मुताबिक, जहांगीर को 'Y' कैटेगरी की सुरक्षा मिली हुई है, जिसमें 10 पुलिसकर्मी होने चाहिए, लेकिन मौके पर पश्चिम बंगाल पुलिस के 14 जवान तैनात मिले. 

अजय पाल शर्मा ने तुरंत स्थानीय SP से संपर्क किया और नोटिस जारी कर जवाब मांगा है कि सुरक्षा प्रोटोकॉल का उल्लंघन कर 4 अतिरिक्त पुलिसकर्मी किसकी अनुमति से वहां तैनात किए गए थे. 

"धमकाया तो अच्छे से खबर लेंगे, फिर रोना मत" 

जहांगीर खान के घर पर उनके परिजनों और समर्थकों की मौजूदगी में अजय पाल शर्मा ने कड़े शब्दों में कहा- ''आस-पास के जितने भी लोग हैं, ये अच्छी तरह समझ लें कि अगर किसी ने बदमाशी की, तो उनका कायदे से इलाज किया जाएगा. अगर कहीं से खबर आ गई कि किसी ने किसी को परेशान करने की खुराफात की है, तो फिर उसकी खबर अच्छे से लेंगे. ये जहांगीर के घरवाले खड़े हैं, उसे बता देना... ये बार-बार खबरें आ रही हैं कि उसके लोग धमका रहे हैं, फिर बाद में रोना और पछताना मत."

IPS अजय पाल शर्मा की इस सख्ती ने इलाके के दबंगों में हड़कंप मचा दिया है. उन्होंने स्पष्ट कर दिया है कि चुनाव के दौरान किसी भी तरह की गुंडागर्दी या मतदाताओं को डराने की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी. 

कौन हैं अजय पाल शर्मा? (IPS Ajay Pal Sharma Biography)

IPS अजय पाल शर्मा उत्तर प्रदेश कैडर के 2011 बैच के एक बेहद चर्चित और तेज-तर्रार पुलिस अधिकारी हैं. उन्हें यूपी पुलिस के 'सिंघम' और 'एनकाउंटर स्पेशलिस्ट' के रूप में जाना जाता है. वे मूल रूप से पंजाब के लुधियाना के रहने वाले हैं. पुलिस सेवा में आने से पहले वे एक डॉक्टर थे. उन्होंने BDS (डेंटल साइंस) की पढ़ाई की है, इसीलिए उन्हें अक्सर 'डेंटिस्ट टर्न्ड एनकाउंटर स्पेशलिस्ट' कहा जाता है.

तबाड़तोड़ एनकाउंटर से चर्चा में आए

अजय पाल शर्मा तब चर्चा में आए जब उन्होंने पश्चिमी उत्तर प्रदेश के शामली, गौतमबुद्ध नगर (नोएडा) और अन्य जिलों में तैनाती के दौरान अपराधियों के खिलाफ सख्त अभियान चलाया. उन्होंने अपने करियर में दर्जनों मुठभेड़ों (Encounters) का नेतृत्व किया है, जिसमें कई इनामी और खूंखार अपराधी ढेर हुए या गिरफ्तार किए गए.  वर्तमान में वे प्रयागराज कमिश्नरेट में अडिशनल पुलिस कमिश्नर (Additional Police Commissioner) के पद पर तैनात हैं. उन्हें जनवरी 2025 में DIG रैंक पर प्रमोट किया गया था.  वे अपनी कार्यशैली के कारण मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पसंदीदा अधिकारियों में से एक माने जाते हैं. 

फिलहाल वे भारत निर्वाचन आयोग (ECI) द्वारा पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के लिए पुलिस ऑब्जर्वर (Police Observer) नियुक्त किए गए हैं. वे दक्षिण 24 परगना जिले में सुरक्षा और शांतिपूर्ण चुनाव की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं.

सयानी घोष का 'सर्वधर्म' अवतार! चुनावी मंच पर पढ़ी हनुमान चालीसा और गुरुवाणी, वीडियो ने सोशल मीडिया पर मचाया तहलका
 

    follow google news