Kerala Exit Poll 2026: केरल विधानसभा चुनाव 2026 को लेकर सामने आए तमाम एग्जिट पोल में सियासी तस्वीर काफी हद तक साफ हो गई है. वहीं, पोल मंत्रा के एग्जिट पोल रिपोर्ट में भी कांग्रेस नेतृत्व वाली यूडीएफ (UDF) राज्य में मजबूत बढ़त बनाती दिख रही है, जबकि वाम मोर्चा (LDF) पिछड़ता नजर आ रहा है. बीजेपी के नेतृत्व वाला एनडीए (NDA) इस बार भी सीमित दायरे में ही सिमटा रह सकता है.
ADVERTISEMENT
पोल मंत्रा के वोट शेयर में UDF सबसे आगे
पोल मंत्रा एग्जिट पोल के अनुसार, यूडीएफ को करीब 38.5% वोट मिलने का अनुमान है. वहीं एलडीएफ को 33.4% और एनडीए को लगभग 20.2% वोट शेयर मिल सकता है. करीब 5.6% मतदाता अब भी अनिर्णीत बताए गए हैं, जो अंतिम नतीजों पर असर डाल सकते हैं.
अगर क्षेत्रवार देखें तो मलाबार और सेंट्रल केरल में UDF को खास बढ़त मिलती दिख रही है, जबकि त्रावणकोर में मुकाबला थोड़ा कड़ा है.
युवाओं और महिलाओं का झुकाव भी अहम
एग्जिट पोल में यह भी सामने आया है कि 18 से 25 वर्ष के युवाओं में UDF को सबसे ज्यादा समर्थन मिल रहा है. वहीं महिलाओं में LDF और UDF के बीच कड़ा मुकाबला दिख रहा है.
समुदाय के आधार पर मुस्लिम और ईसाई वोट बैंक में UDF का दबदबा साफ दिखता है, जबकि नायर समुदाय में एनडीए को अपेक्षाकृत ज्यादा समर्थन मिलता नजर आ रहा है.
सीटों में बड़ी जीत की ओर UDF
140 सीटों वाली केरल विधानसभा में UDF को 88 से 92 सीटें मिलने का अनुमान है. LDF 42 से 46 सीटों पर सिमटते हुए दिखाया गया है. वहीं एनडीए को 0 से 2 सीटों तक सीमित रहने का अनुमान है.
जिला स्तर पर भी UDF का प्रदर्शन मजबूत बताया गया है. खासकर मलप्पुरम, एर्नाकुलम और तिरुवनंतपुरम जैसे जिलों में पार्टी को बढ़त मिलती नजर आ रही है.
मुख्यमंत्री चेहरे को लेकर कड़ा मुकाबला
सीएम चेहरे की पसंद में V.D. Satheeshan सबसे आगे बताए गए हैं, जिन्हें 21.2% समर्थन मिला है. उनके पीछे Pinarayi Vijayan 20.5% के साथ दूसरे स्थान पर हैं.
इसके अलावा K.C. Venugopal, K.K. Shailaja और Ramesh Chennithala भी दौड़ में बने हुए हैं.
चुनाव में किन नेताओं का रहा सबसे ज्यादा असर
रिपोर्ट के मुताबिक चुनाव से पहले के 60 दिनों में K.C. Venugopal का प्रभाव सबसे ज्यादा रहा, जिन्हें 21.4% लोगों ने सबसे प्रभावशाली नेता माना. इसके बाद Pinarayi Vijayan, V.D. Satheeshan और Shashi Tharoor का नाम सामने आया है.
क्या कहता है पूरा ट्रेंड
पोल मंत्रा के पूरे एग्जिट पोल को देखें तो केरल में सत्ता परिवर्तन के संकेत मिल रहे हैं. UDF की बढ़त साफ है, जबकि LDF को नुकसान होता दिख रहा है. हालांकि अंतिम नतीजे वोटों की गिनती के बाद ही तय होंगे, लेकिन फिलहाल सियासी माहौल UDF के पक्ष में झुका हुआ नजर आ रहा है.
ADVERTISEMENT


