बंगाल में BJP की सुनामी...208 सीटें मिलने का अनुमान! प्रजा एग्जिट पोल के आंकड़ों ने चौंकाया

न्यूज तक डेस्क

30 Apr 2026 (अपडेटेड: Apr 30 2026 12:00 PM)

पश्चिम बंगाल में चुनाव खत्म होते ही एग्जिट पोल्स के नतीजे आ गए हैं. 'प्रजा पोल' समेत कई सर्वे में भाजपा की सरकार बनने का अनुमान है, जहां भाजपा 200 का आंकड़ा भी छू सकती है. हालांकि, कुछ सर्वे टीएमसी की वापसी का दावा भी कर रहे हैं.

NewsTak
Google CTA

पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण का मतदान बुधवार को संपन्न हो गया. वोटिंग खत्म होते ही अलग-अलग एजेंसियों के एग्जिट पोल सामने आ गए हैं. इन आंकड़ों ने बंगाल की सियासी हलचल तेज कर दी है.

Read more!

अधिकतर चुनावी पोल में इस बार पश्चिम बंगाल में सत्ता परिवर्तन के संकेत मिल रहे हैं और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार बनने का अनुमान जताया गया है.

प्रजा पोल का चौंकाने वाला अनुमान

इन एग्जिट पोल्स के बीच 'प्रजा पोल' के आंकड़ों ने सबको हैरान कर दिया है. इस सर्वे के मुताबिक, भाजपा बंगाल में 200 का आंकड़ा पार कर सकती है. प्रजा पोल ने भाजपा को 178 से 208 सीटें मिलने की उम्मीद जताई है.

वहीं, सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस (TMC) को बड़ा झटका लगते हुए 85 से 110 सीटों के बीच सिमटते हुए दिखाया गया है. अन्य दलों के खाते में महज 0 से 5 सीटें जाने का अनुमान है.

बाकी सर्वे क्या कहते हैं?

सिर्फ प्रजा पोल ही नहीं, बल्कि 'पोल डायरी', 'मैट्रिज' और 'पी-मार्क' जैसे सर्वे भी भाजपा को बहुमत मिलने की बात कह रहे हैं. पोल डायरी के अनुसार भाजपा को 142 से 171 सीटें मिल सकती हैं, जबकि मैट्रिज ने भाजपा को 146 से 161 सीटें मिलने का दावा किया है. हालांकि, 'पीपुल्स प्लस' का सर्वे इन सबसे अलग है. इसमें ममता बनर्जी की वापसी का अनुमान लगाते हुए टीएमसी को 177 से 187 सीटें दी गई हैं.

असम और अन्य राज्यों का हाल

बंगाल के अलावा असम में भी भाजपा के लिए अच्छी खबर दिख रही है. सभी प्रमुख सर्वेक्षणों में असम में भाजपा गठबंधन की 'हैट्रिक' लगने का अनुमान है. एक्सिस माय इंडिया ने भाजपा को 88 से 100 सीटें दी हैं. वहीं, केरल और तमिलनाडु में कांग्रेस व उसके सहयोगी दलों को बढ़त मिलती दिख रही है.

बता दें कि पश्चिम बंगाल की 294 सीटों के लिए मतदान प्रक्रिया अब पूरी हो चुकी है, जिसके बाद अब सबकी नजरें नतीजों पर टिकी हैं.