West Bengal BJP Government: पश्चिम बंगाल में बीजेपी की बड़ी जीत के बाद शनिवार को नई सरकार का गठन हो गया. भव्य शपथ ग्रहण समारोह में शुभेंदु अधिकारी ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली. उनके साथ कई प्रमुख नेताओं ने मंत्री पद और गोपनीयता की शपथ लेकर नई सरकार की जिम्मेदारी संभाली. इस नई कैबिनेट में ब्राह्मण, महिला, मतुआ और आदिवासी समुदायों का संतुलन साफ दिखाई दिया.
ADVERTISEMENT
शुभेंदु अधिकारी बने मुख्यमंत्री
शुभेंदु अधिकारी पहले तृणमूल कांग्रेस में थे और कभी ममता बनर्जी के करीबी माने जाते थे. बाद में उन्होंने बीजेपी का दामन थामा और राज्य की राजनीति में बड़ा चेहरा बनकर उभरे. उन्होंने दो बार ममता बनर्जी को उनके मजबूत राजनीतिक क्षेत्र में चुनौती दी और जीत दर्ज की. अब उन्होंने पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली है.
दिलीप घोष को भी मिली बड़ी जिम्मेदारी
इसके बाद दिलीप घोष ने मंत्री पद की शपथ ली. दिलीप घोष बंगाल बीजेपी के सबसे प्रभावशाली नेताओं में गिने जाते हैं. उन्होंने खड़गपुर सीट से जीत दर्ज कर विधानसभा में जगह बनाई और अब शुभेंदु सरकार में मंत्री बने हैं.
अग्निमित्रा पॉल बनीं महिला चेहरा
अग्निमित्रा पॉल ने भी मंत्री पद की शपथ ली. वह दूसरी बार विधायक बनी हैं और बीजेपी का मजबूत महिला चेहरा मानी जाती हैं. राजनीति में आने से पहले वह फैशन डिजाइनर थीं. साल 2019 में बीजेपी में शामिल हुईं और आसनसोल दक्षिण सीट से विधायक बनीं.
अशोक कीर्तनिया को भी मिला मंत्री पद
बनगांव उत्तर से विधायक अशोक कीर्तनिया ने भी मंत्री पद की शपथ ली. वह मतुआ समुदाय के कल्याण के लिए सक्रिय रहते हैं और लगातार दो बार विधायक चुने गए हैं.
खुदीराम टुडू आदिवासी चेहरे के रूप में शामिल
रानीबांध से विधायक खुदीराम टुडू पहली बार विधानसभा पहुंचे हैं. वह पश्चिम बंगाल में आदिवासी समाज के प्रमुख चेहरों में गिने जाते हैं. पेशे से सरकारी स्कूल के शिक्षक रहे खुदीराम टुडू ने भी मंत्री पद की शपथ ली.
निशीथ प्रमाणिक ने भी ली शपथ
निशीथ प्रमाणिक ने भी पद और गोपनीयता की शपथ ली. वह पहले कूचबिहार से सांसद रह चुके हैं और केंद्र सरकार में राज्यमंत्री का पद संभाल चुके हैं. उन्होंने राजनीति की शुरुआत टीएमसी से की थी, लेकिन 2019 में बीजेपी में शामिल हो गए. इस बार उन्होंने माथाभांगा सीट से चुनाव जीतकर विधानसभा में प्रवेश किया.
ADVERTISEMENT


