Falta By Election Final Result: पश्चिम बंगाल की फालटा विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव के फाइनल नतीजे सामने आ गए हैं. यहां बीजेपी के कैंडिडेट देबांग्शु पांडा ने रिकॉर्ड तोड़ वोटों से शानदार जीत हासिल कर इतिहास रच दिया है. देबांग्शु पांडा ने 1,09,021 वोटों के बड़े अंतर से ऐतिहासिक जीत दर्ज की. चुनाव आयोग के आंकड़ों के मुताबिक इस उपचुनाव में बीजेपी के देबांग्शु पांडा को कुल 1,49,666 वोट हासिल हुए हैं. वहीं इस रेस में दूसरे स्थान पर माकपा के शंभू नाथ कुर्मी रहे जिन्हें कुल 40,645 वोट मिले. इसके अलावा कांग्रेस के उम्मीदवार अब्दुर रज्जाक मुल्ला को बेहद कम यानी महज 10,084 वोटों से ही संतोष करना पड़ा. इस बीच रिकॉर्ड तोड़ वोटों से जीत दर्ज करने के बाद देबांग्शु पांडा पूरे देश भर में चर्चा में आ गए हैं. ऐसे में अब हर कोई जानना चाहता है कि फालटा से जीतकर इतिहास रचने वाले देबांग्शु पांडा आखिर कौन हैं?
ADVERTISEMENT
जानिए कौन हैं देबांग्शु पांडा?
देबांग्शु पांडा के चुनावी एफिडेविट के अनुसार वे दक्षिण 24 परगना जिला के निवासी हैं. उनकी उम्र 46 साल है. उनके पिता का नाम रुद्रांग्शू पांडा हैं. एफिडेविट में दी गई जानकारी के अनुसार देबांग्शु पांडा पर कई गंभीर आपराधिक मामले लंबित चल रहे हैं. उनके खिलाफ थानों में दर्ज मुकदमों की लिस्ट काफी लंबी है. ये सभी बंगाल के अलग-अलग पुलिस स्टेशनों में दर्ज हैं.
देबांग्शु पांडा पर दर्ज मुकदमों की लिस्ट
बीजेपी नेता देबांग्शु पांडा के खिलाफ पश्चिम बंगाल के अलग-अलग थानों में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं. डायमंड हार्बर पुलिस स्टेशन में दर्ज केसों में उन पर हत्या के प्रयास, गंभीर चोट पहुंचाने, धमकी देने, दंगा करने, गैरकानूनी तरीके से लोगों को रोकने और सार्वजनिक शांति भंग करने जैसे आरोप लगे हैं. इसके अलावा उन पर धोखाधड़ी, लोक सेवक के आदेश की अवहेलना और अलग-अलग समूहों के बीच दुश्मनी फैलाने के आरोप भी दर्ज हैं.
साल 2019 से 2024 के बीच डायमंड हार्बर, फालटा, बिष्णुपुर, चंडीतला, उस्ती और मगराहाट थानों में उनके खिलाफ कई मामले दर्ज हुए हैं. इन केसों में हत्या के प्रयास, सरकारी काम में बाधा डालना, लोक सेवक को चोट पहुंचाना, गैरकानूनी सभा, दंगा और आपराधिक धमकी जैसी गंभीर धाराएं लगाई गई हैं. हालांकि, राहत की बात यह है कि अब तक किसी भी अदालत ने देबांग्शु पांडा के खिलाफ आरोप तय नहीं किए हैं और वे किसी भी मामले में दोषी साबित नहीं हुए हैं.
कितनी है देबांग्शु पांडा की सालाना कमाई
एफिडेविट के मुताबिक बीजेपी नेता देबांग्शु पांडा की वित्तीय वर्ष 2024-25 में घोषित आय 6.98 लाख रुपये रही, जबकि उनकी पत्नी सुलगना पांडा चटर्जी की आय करीब 4.98 लाख रुपये दर्ज की गई है. चल संपत्ति की बात करें तो देबांग्शु पांडा के पास लगभग 91.94 लाख रुपये और उनकी पत्नी के पास करीब 40.26 लाख रुपये की संपत्ति है. वहीं नकदी के रूप में पांडा के पास 2 लाख रुपये और उनकी पत्नी के पास 20 हजार रुपये मौजूद हैं. इसके अलावा दोनों के अलग-अलग बैंकों में सेविंग अकाउंट और फिक्स्ड डिपॉजिट भी हैं.
जानें कौन सी हैं गाड़ियां और कितना है सोना?
एफिडेविट के अनुसार देबांग्शु पांडा के पास 2024 मॉडल की महिंद्रा स्कॉर्पियो एन और 2020 मॉडल की रॉयल एनफील्ड बाइक है. स्कॉर्पियो की अनुमानित कीमत करीब 10 लाख रुपये और बाइक की कीमत लगभग 70 हजार रुपये बताई गई है. वहीं आभूषणों की बात करें तो देबांग्शु पांडा के पास 33 ग्राम सोना है जिसकी कीमत करीब 6.60 लाख रुपये है, जबकि उनकी पत्नी सुलगना पांडा के पास 100 ग्राम सोना है जिसकी घोषित कीमत करीब 20 लाख रुपये है.
चुनाव आयोग को क्यों कराना पड़ा दोबारा मतदान?
दरअसल फालटा विधानसभा सीट पर पहले 29 अप्रैल को वोटिंग हुई थी लेकिन वोटिंग के दौरान यहां बेहद गंभीर अनियमितताएं पाई गईं. इसके बाद चुनाव आयोग ने कड़ा रुख अपनाते हुए फालटा विधानसभा क्षेत्र के सभी 285 बूथों पर दोबारा मतदान कराने का बड़ा आदेश जारी कर दिया. इसी क्रम में यहां 21 मई को वोटिंग हुई और फाइनल नतीजे 24 मई को सामने आए.
ADVERTISEMENT


