Exclusive: Aaj Tak से बातचीत में गृहमंत्री अमित शाह का दावा- असम और बंगाल में बनने जा रही बीजेपी की सरकार

गुवाहाटी में रोड शो के दौरान गृहमंत्री अमित शाह का बड़ा दावा. 'आज तक' से विशेष बातचीत में शाह ने असम में 90+ सीटें जीतने और पश्चिम बंगाल में भी भाजपा की सरकार बनने का विश्वास जताया. जानें घुसपैठ और विकास पर क्या बोले गृहमंत्री.

NewsTak
असम के गुवाहाटी में रोड शो के दौरान गृहमंत्री अमित शाह ने चुनावी माहौल पर आजतक से खास बातचीत की.

पीयूष मिश्रा

follow google news

असम के सेंट्रल गुवाहाटी में शनिवार को रोड शो के दौरान गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि असम में वे 90 से ज्यादा सीटें जीतकर तीसरी बार सरकार बनाने जा रहे हैं. Aaj Tak से एक्सक्लूसिव बातचीत में गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि पश्चिम बंगाल में निश्चित रूप से इस बार बदलाव होने जा रहा है. वहां भी बीजेपी की सरकार बनने जा रही है. 

Read more!

देश के 4 राज्यों समेत केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी में विधानसभा चुनाव का बिगुल फुंक चुका है. शनिवार को देश के गृहमंत्री अमित शाह सेंट्रल गुवाहाटी पहुंचे. यहां उन्होंने एक रोड शो किया. इस दौरान गुवाहाटी की सड़कों पर भारी भीड़ देखने को मिली. रोड शो के दौरान ही उन्होंने आज तक के संवाददाता पीयूष मिश्रा से खास बातचीत की. सवालों का जवाब देते हुए अमित शाह ने असम को लेकर कहा- ''बहुत अच्छी स्थिति में भारतीय जनता पार्टी ने चुनाव की शुरुआत की है. हम प्रचंड बहुमत से 90 से ज्यादा सीटों के साथ तीसरी बार यहां सरकार बनाने जा रहे हैं.''

पश्चिम बंगाल की जनता में राज्य सरकार के प्रति भयंकर गुस्सा है- शाह 

पश्चिम बंगाल के माहौल पर अमित शाह ने कहा- ' मैं बंगाल जाकर आया हूं. बंगाल की जनता में भयंकर गुस्सा और घृणा है तृणमूल कांग्रेस की सरकार के खिलाफ. मैंने मतदाताओं की आंखों में ये देखा है. निश्चित रूप से वहां इस बार भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने जा रही है और वहां बदलाव होने जा रहा है. आप देखिए असम में घुसपैठ बंद हो चुकी है. उसी तरह से बंगाल में भी बंद होगी और घुसपैठियों को हम देश के बाहर निकालेंगे.'

असम के माहौल पर बोले गृहमंत्री- यहां की जनता अब खुश है 

असम के माहौल पर गृहममंत्री अमित शाह ने कहा- ''देखिए असम में कई दशकों से कांग्रेस के शासन में यहां पर अशांति, आतंकवाद, उग्रवाद और विकास से महरूम एक माहौल को यहां की जनता ने देखा है. यहां 10,000 से ज्यादा युवा सरेंडर कर चुके हैं. सारे उग्रवादी समूह समझौता कर चुके हैं. असम में शांति है. मोदी जी के केंद्र सरकार की बदौलत यहां पर इंफ्रास्ट्रक्चर का डेवलपमेंट बहुत अच्छा हुआ है. इस कारण इन्वेस्टमेंट भी आ रहा है. हेमंत बिस्व शर्मा जी ने एक प्रकार से असम को पूरे नॉर्थ ईस्ट का हेल्थ का हब बनाया है. एजुकेशन का हब बनाया है. इसके कारण असम की जनता बहुत प्रसन्न है. युवाओं को रोजगार मिल रहा है. महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित हुई है और 24 घंटा बिजली और शुद्ध पीने का पानी हर घर में पहुंचा है.'' 

LPG7-पेट्रोल की किल्लत और लॉकडाऊन के अफवाह पर क्या बोले गृहमंत्री?  

गृहमंत्री अमित शाह ने देश में LPG गैस, पेट्रोल-डीजल की किल्लत और लॉकडानऊ के अफवाह पर कहा- ''कोई लॉकडाउन लगने का सवाल नहीं है. स्थिति नॉर्मल है. दुनिया भर में संकट है. भारत को भी कुछ दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. मगर नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में भारत सरकार ने बहुत अच्छी व्यवस्था की है. कहीं पर पेट्रोल, डीजल या रसोई बनाने के गैस की दिक्कत नहीं है और सब सुचारू रूप से चल रहा है. पर्याप्त मात्रा में भंडार भरे हुए हैं.''

गौरतलब है कि गृहमंत्री अमित शाह शनिवार को पहले पश्चिम बंगाल पहुंचे. वहां ममता सरकार के 15 सालों के कामकाज को लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस में मीडिया के सामने चार्जशीट प्रस्तुत किया. BJP जल्द ही पश्चिम बंगाल और असम का चुनावी घोषणापत्र भी जारी करेगी. 

अन्नामलाई का 'ब्लैकआउट', अपनों के ही चक्रव्यूह में कैसे फंसे बीजेपी के सबसे बड़े रणनीतिकार?
 

    follow google news