असम विधानसभा चुनाव 2026 के लिए 9 अप्रैल को होने वाले मतदान से ठीक पहले सूबे की सियासत में 'बिगड़े बोल' का दौर शुरू हो गया है. एक तरफ कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा को देश का 'सबसे भ्रष्ट मुख्यमंत्री' करार दिया है, तो वहीं मुख्यमंत्री ने पलटवार करते हुए राहुल गांधी के लिए 'पागल' शब्द का इस्तेमाल किया है.
ADVERTISEMENT
राहुल गांधी का भ्रष्टाचार पर कड़ा प्रहार
असम में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा पर तीखे हमले किए. राहुल ने आरोप लगाया कि असम को गुवाहाटी (दिसपुर) से नहीं, बल्कि दिल्ली से पीएम मोदी और अमित शाह चला रहे हैं. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने भ्रष्टाचार में अपने परिवार को भी शामिल कर लिया है और आने वाले समय में उन पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी. राहुल गांधी ने दावा किया कि मुख्यमंत्री अपनी संभावित जेल यात्रा से डरे हुए हैं और इसीलिए वे अनाप-शनाप बयान दे रहे हैं.
हिमंता बिस्वा सरमा का 'पागल' वाला पलटवार
राहुल गांधी के आरोपों पर जब मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा से सवाल पूछा गया, तो उन्होंने तंज कसते हुए राहुल गांधी को 'पागल' कह दिया. उन्होंने राहुल के उस दावे को भी खारिज किया जिसमें कहा गया था कि असम में कांग्रेस का 'अंडर करंट' है. हिमंता ने कहा कि सरकार दिल्ली और दिसपुर (असम की राजधानी) के तालमेल से ही चलेगी, तभी 'डबल इंजन' की रफ्तार मिलेगी.
पुरानी है राहुल और हिमंता की अदावत
हिमंता बिस्वा सरमा और राहुल गांधी के बीच यह तकरार नई नहीं है. 2015 में कांग्रेस छोड़कर बीजेपी में शामिल होने वाले हिमंता कई बार वह किस्सा सुना चुके हैं जब राहुल गांधी ने उन्हें इग्नोर कर अपने पालतू कुत्ते को बिस्किट खिलाने को प्राथमिकता दी थी. तब से लेकर आज तक दोनों नेता एक-दूसरे पर निजी हमले करने का कोई मौका नहीं छोड़ते.
असम चुनाव का समीकरण
असम में 9 अप्रैल को एक ही चरण में विधानसभा चुनाव होने हैं. 2021 में बीजेपी ने हिमंता बिस्वा सरमा के चेहरे पर चुनाव लड़ा और जीत हासिल की थी. इस बार भी मुख्य मुकाबला बीजेपी और कांग्रेस के बीच ही है, लेकिन जिस तरह से चुनाव प्रचार के दौरान भाषा की मर्यादा टूट रही है, उसने चुनावी माहौल को और अधिक गर्मा दिया है.
ADVERTISEMENT


