असम विधानसभा चुनाव के शोर के बीच मुख्यमंत्री हेमंत विश्व शर्मा और उनका परिवार गंभीर आरोपों के घेरे में आ गया है. कांग्रेस द्वारा सीएम की पत्नी रिंकी भुइयां शर्मा पर तीन अलग-अलग देशों के पासपोर्ट रखने और अमेरिका में संदिग्ध कंपनी खोलने के आरोपों के बाद अब राजनीतिक विश्लेषक योगेंद्र यादव ने भी मोर्चा खोल दिया है.
ADVERTISEMENT
योगेंद्र यादव के तीखे सवाल
योगेंद्र यादव ने सोशल मीडिया पर दस्तावेजों के हवाले से दावा किया कि असम चुनाव से महज एक हफ्ता पहले 3 अप्रैल को अमेरिका के व्योमिंग (Wyoming) में सीएम के परिवार के नाम पर एक कंपनी पंजीकृत की गई है. उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर चुनाव से ऐन पहले ऐसी जगह कंपनी क्यों खोली गई जिसे 'बिजनेस डील का स्वर्ग' कहा जाता है. यादव ने यहां तक कह दिया कि अगर आरोपों में थोड़ी भी सच्चाई है, तो सीएम को राजनीति छोड़ देनी चाहिए.
कांग्रेस का 'पासपोर्ट' अटैक
कांग्रेस नेता पवन खेड़ा और सुप्रिया श्रीनेत ने आरोप लगाया है कि रिंकी भुइयां के पास भारत के अलावा अन्य देशों के भी पासपोर्ट हैं. कांग्रेस का दावा है कि अमेरिका के व्योमिंग में 'रिंकी भुइयां शर्मा एसेट कलेक्टिव LLC' नाम की कंपनी में सीएम, उनकी पत्नी और बेटे मेंबर के तौर पर दर्ज हैं.
सीएम हेमंत विश्व शर्मा का पलटवार
इन आरोपों को मुख्यमंत्री हेमंत विश्व शर्मा ने पूरी तरह निराधार और 'फेक' बताया है. एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उन्होंने पासपोर्ट में नाम की स्पेलिंग, फोटो और जन्मतिथि से जुड़ी कई तकनीकी खामियां गिनाईं. उन्होंने दावा किया कि अमेरिका में कंपनी बनाना बेहद आसान है और कोई भी महज कुछ डॉलर खर्च करके किसी के भी नाम पर फर्जी कंपनी बना सकता है. सीएम ने पवन खेड़ा को मानहानि का केस दर्ज करने और जेल भेजने की चेतावनी भी दी है.
ADVERTISEMENT


