Himanta Biswa Sarma Wife Controversy: एक प्रेस कॉन्फ्रेंस और चंद दस्तावेजों ने असम से लेकर दिल्ली तक की सियासत में भूचाल ला दिया है. असम चुनाव से कुछ दिन पहले ही कांग्रेस नेता पवन खेड़ा के एक वार ने राज्य में सियासी तापमान को सातवें आसमान पर पहुंचा दिया है. आरोप सीधे मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा और उनकी पत्नी रिनिकी भुइयां सरमा पर लगे हैं. हालांकि मुख्यमंत्री और उनकी पत्नी ने इन आरोपों को सिरे से खारिज किया है, लेकिन मामला अब कोर्ट कचहरी का रुख कर रहा है. इन आरोपों के बाद सोशल मीडिया पर रिनिकी भुइयां सरमा को लेकर सर्चिंग तेज हो गई. हर कोई यह जानना चाह रहा है कि आखिर रिनिकी भुइयां कौन हैं? वो क्या आरोप हैं जिन्होंने उन्हें चर्चा के केंद्र में ला दिया है? मुख्यमंत्री की पत्नी होने के अलावा उनकी अपनी पहचान क्या है? साथ ही अब लोगों की दिलचस्पी हिमंत और रिनिकी की लव स्टोरी पर भी है. इन्ही सवालों के जवाब तलाशने के लिए आज हमारे शो के चर्चित चेहरे बने हैं रिनिकी भुइयां और हिमंत बिस्वा सरमा.
ADVERTISEMENT
तीन देशों के पासपोर्ट का दावा...पवन खेड़ा के गंभीर आरोप
असम चुनाव से पहले बम तब फूटा जब कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने रिनिकी पर तीन देशों का पासपोर्ट होने का आरोप लगाया. दावा किया कि रिनिकी के पास Egypt, UAE और Antigua बारबुडा के पासपोर्ट हैं. पवन खेड़ा ने कहा कि भारत के कानून के हिसाब से आप दोहरी नागरिकता नहीं रख सकते, तो रिनिकी तीन देशों का पासपोर्ट कैसे रखती हैं? उन्होंने पूछा कि क्या वो भारत का पासपोर्ट भी रखती हैं? पवन खेड़ा ने ये भी कहा कि हिमंता की पत्नी 52 हजार करोड़ रुपये की अमेरिकी कंपनी की भी मालिक हैं.
हिमंत बिस्वा सरमा ने आरोपों पर दिया ये जवाब
पत्नी पर बात आई तो हिमंता खुद मैदान में आ गए. पहले सोशल मीडिया पर पवन खेड़ा के आरोपों का खंडन किया और उसके एक दिन बाद बाकायदा प्रेस कॉन्फ्रेंस करके दस्तावेजों की गड़बड़ी बारी-बारी दिखाई. दावा किया कि पवन खेड़ा ने जो भी दिखाया वो डिजिटल जालसाजी और AI द्वारा बनाए गए फर्जी दस्तावेज हैं. पत्नी ने भी इसे AI generation और photoshopping का हिस्सा बताया. रिनिकी ने पवन खेड़ा के खिलाफ एफआईआर फाइल की. पति-पत्नी दोनों ने पवन खेड़ा पर मानहानि का दावा ठोकने की बात कही. मामला अब पूरा लीगल होने जा रहा है.
जानें कैसे हुई हिमंता और रिनिकी की पहली मुलाकात
आज से नहीं, हिमंता पहले से ही पत्नी रिनिकी के लिए ढाल बनकर खड़े होते आए हैं. आखिर रिनिकी नॉर्थईस्ट में मीडिया टायकून और पावरफुल वुमेन हैं. रिनिकी का जन्म असम के एक प्रतिष्ठित बिजनेस परिवार में हुआ था. उनके पिता जादव चंद्र भुइयां एक जाने-माने उद्योगपति थे. पढ़ाई-लिखाई के दौरान गुवाहाटी के कॉटन कॉलेज में दाखिला लिया, तब रिनिकी की उम्र 17 साल थी और हिमंता 22 साल के थे. हिमंता रिनिकी के सीनियर थे. पहली बार मुलाकात हुई और दोनों दोस्त बन गए. कुछ समय साथ बिताने के बाद दोनों को लगा कि इस रिलेशन को जीवनभर का साथ बना लें.
कॉलेज की वो मुख्यमंत्री वाली बात जो अब सच साबित हुई
रिनिकी को लगा कि जब वो किसी के साथ हैं तो उनके घरवालों को भी पता होना चाहिए. रिनिकी हिमंता के पास गईं और पूछा कि परिवार को क्या बताऊं, तुम कॉलेज के बाद क्या करने वाले हो? इस सवाल पर हिमंता ने हंसकर कहा कि जाकर बोल दो कि तुम जिससे शादी करना चाहती हो, वो एक दिन असम का सीएम बनेगा. 22 साल के हिमंता ने मजाक में ये बात कही थी, जो सालों बाद सच साबित हो गई. रिनिकी के लिए तब इस बात पर यकीन करना मुश्किल था, लेकिन वो हिमंता का आत्मविश्वास देखकर हैरान रह गई थीं. उस लम्हें में रिनिकी को ये एहसास जरूर हुआ कि वो एक नेकदिल और उसूलों के पक्के इंसान को जीवनसाथी चुन रही हैं.
शादी, परिवार और राजनीतिक सफर की शुरुआत
शादी के बंधन में बंधने से पहले दोनों ने लगभग 10 साल तक एक-दूसरे को डेट किया. दोनों ने साल 2001 में शादी की, उस समय हिमंता विधायक थे. उनके दो बच्चे हैं-बेटा नंदिल बिस्वा सरमा और बेटी सुकन्या सरमा. कांग्रेस के साथ जिस हिमंता का सफर शुरू हुआ वो आगे चलकर कांग्रेस की ही टिकट पर फिर विधायक बने और तरुण गोगोई सरकार में कैबिनेट मंत्री भी रहे. कांग्रेस में लंबी पारी के बाद 2015 में वह बीजेपी में शामिल हो गए.
मीडिया जगत में रिनिकी की अपनी स्वतंत्र पहचान
रिनिकी की छवि पति हिमंता की पॉलिटिकल इमेज से ऑवरशैडो नहीं होती. उन्होंने बिजनेस की समझ विरासत में पाई लेकिन मीडिया क्षेत्र में अपनी पहचान खुद बनाई. उन्होंने 2006 में प्राइड ईस्ट एंटरटेनमेंट प्राइवेट लिमिटेड की नींव रखी. 2008 में अपना पहला 24x7 असमिया समाचार चैनल 'News Live' लॉन्च किया, जिसने बहुत कम समय में उत्तर-पूर्व में जगह बना ली. उन्होंने 'रंग' और 'रामधेनु' जैसे चैनल लॉन्च किए, जो आज असमिया संगीत और संस्कृति के सबसे बड़े मंच हैं.
व्यापार, शिक्षा और खेल जगत में रिनिकी का योगदान
मीडिया से इतर, रिनिकी ने असम के पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए 'ब्रह्मपुत्र जंगल रिज़ॉर्ट' जैसे प्रोजेक्ट्स के जरिए हॉस्पिटैलिटी सेक्टर में कदम जमाए. वह 'वंद्या इंटरनेशनल स्कूल' की संस्थापक भी हैं. असमिया सिल्क को वैश्विक पहचान दिलाने के लिए उन्होंने 'गोल्डन थ्रेड्स' नाम का वेंचर शुरू किया. रिनिकी एलएलबी की पढ़ाई भी कर चुकी हैं और अभी बार काउंसिल ऑफ इंडिया में नामांकित हैं. इसके अलावा वह पूर्व टेनिस खिलाड़ी भी रही हैं.
सीएम हिमंता से ज्यादा रिनिकी के नाम पर संपत्ति
हिमंता और रिनिकी दोनों अच्छी-खासी संपत्ति वाले लोग हैं. हाल में हिमंता ने जालुकबारी निर्वाचन क्षेत्र से जब अपना नामांकन पत्र भरा तो संपत्ति की डिटेल सामने आई. उनकी कुल संपत्ति पिछले 5 वर्षों में लगभग दोगुनी होकर 35.16 करोड़ रुपये हो गई है. हिमंता बिस्वा सरमा के पास व्यक्तिगत रूप से केवल चल संपत्ति है. उनके नाम पर कोई भी जमीन, घर या गाड़ी नहीं है. परिवार की अधिकांश संपत्ति रिनिकी भुइयां के नाम पर है, जिनकी कुल संपत्ति 32.79 करोड़ रुपये है.
जानें पुराने विवाद और सब्सिडी से जुड़े आरोप
यह कोई पहली बार नहीं है जब रिनिकी पर आरोप लगे हों. 2023 में कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने आरोप लगाया था कि रिनिकी की कंपनी 'प्राइड ईस्ट एंटरटेनमेंट्स' को प्रधानमंत्री किसान संपदा योजना के तहत 10 करोड़ रुपये की सब्सिडी मिली है. विपक्ष का दावा था कि कृषि भूमि को औद्योगिक भूमि में बदलकर यह लाभ लिया गया. रिनिकी ने इन आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि उनकी कंपनी ने न तो आवेदन किया और न ही कोई पैसा लिया, और उन्होंने गोगोई के खिलाफ 10 करोड़ रुपये का मानहानि का केस भी दर्ज किया.
यह भी पढ़ें: Himanta Biswa Sarma vs Rahul Gandhi: राहुल ने स्टेज से दी धमकी, पूरा दिन क्यों हुए हिमंता-वाइफ ट्रेंड
ADVERTISEMENT


