PM मोदी, CM योगी, कंगना और हेमा मालिनी... पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के लिए BJP ने जारी किए स्टार प्रचारकों नाम, देखें पूरी लिस्ट

West Bengal Assembly Election 2026: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 में कैंपन के लिए बीजेपी ने अपने स्टार प्रचारकों की लिस्ट जारी कर दी है. इस लिस्ट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमित शाह जैसे दिग्गज नेताओ के साथ फिल्म जगत के ग्लैमरस चेहरों को भी शामिल किया गया है. जानिए लिस्ट में किस किस के नाम हैं शामिल.

BJP Star Campaigners List Bengal
BJP Star Campaigners List Bengal

पीयूष मिश्रा

follow google news

BJP Star Campaigners List Bengal: पश्चिम बंगाल में होने वाले आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर दिल्ली से लेकर बंगाल तक हलचल तेज है. राज्य में राजनीतिक दलों के नेता चुनाव प्रचार के लिए धुआंधार रैलियां और रोड आयोजित कर रहे हैं. इसी कड़ी में बीजेपी ने भी अपने स्टार प्रचारकों की लिस्ट जारी कर दी है. इस लिस्ट में पार्टी के दिग्गज नेताओं सहित कई चर्चित चेहरों को शामिल किया गया है. पार्टी ने इस बार अनुभवी राजनेताओं के साथ-साथ युवाओं और लोकप्रिय कलाकारों का एक ऐसा मिश्रण तैयार किया है जो मतदाताओं को आकर्षित करने की कमान संभालेंगे.

Read more!

जानें स्टार प्रचारकों की लिस्ट में कौन-कौन शामिल?

बीजेपी की इस लिस्ट में सबसे प्रमुख नाम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का है. उनके साथ रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृह मंत्री अमित शाह, जेपी नड्डा और नितिन गडकरी जैसे कद्दावर नेता भी चुनावी मैदान में उतरेंगे. इसके साथ ही उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा जैसे नेताओं को भी स्टार प्रचारक बनाया गया है. इनके अलावा स्मृति ईरानी, अनुराग ठाकुर और अश्विनी वैष्णव जैसे केंद्रीय मंत्री भी बंगाल के अलग-अलग हिस्सों में रैलियां करेंगे.

इन फिल्मी चेहरों को मिली जिम्मेदारी

पार्टी ने इस बार चुनाव प्रचार में ग्लैमर और खेल जगत के लोकप्रिय चेहरों पर भी बड़ा दांव खेला है. दिग्गज अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती, हेमा मालिनी और कंगना रनौत को स्टार प्रचारक बनाकर बीजेपी ने फिल्म प्रेमियों के बीच पैठ बनाने की कोशिश की है. साथ ही टेनिस स्टार लिएंडर पेस और गायक-राजनेता मनोज तिवारी को भी इस सूची में खास जगह दी गई है. इनके अलावा बिहार के दिग्गज नेता सम्राट चौधरी और मंगल पांडेय जैसे नाम भी बंगाल में बीजेपी की नीतियों और योजनाओं को मतदाताओं तक पहुंचाने का काम करेंगे.

राज्य स्तर पर सुवेंदु और सुकांत संभालेंगे मोर्चा

केंद्रीय नेतृत्व के साथ-साथ बीजेपी ने पश्चिम बंगाल के स्थानीय नेताओं के नाम भी शामिल हैं. राज्य में विपक्ष के नेता सुवेंदु अधिकारी, दिलीप घोष और सुकांत मजूमदार को अहम जिम्मेदारी सौंपी गई है. इनके साथ ही शांतनु ठाकुर, राजू बिस्ता और मनोज टिग्गा जैसे स्थानीय चेहरे जमीन पर उतरकर पार्टी के लिए माहौल बनाएंगे. 

जानिए बंगाल में वोटिंग और नतीजे की तारीख

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के कार्यक्रम की बात करें तो मतदान दो चरणों में संपन्न होगा. पहले चरण की वोटिंग 23 अप्रैल को और दूसरे चरण की वोटिंग 29 अप्रैल को निर्धारित की गई है. इसके बाद 4 मई को मतगणना की जाएगी और चुनावी नतीजे घोषित होंगे. गौरतलब है कि वर्तमान विधानसभा का कार्यकाल 7 मई 2026 को समाप्त हो रहा है. चुनाव आयोग के अनुसार नामांकन और अधिसूचना की प्रक्रिया भी तय कार्यक्रम के तहत ही पूरी की जाएगी. बीजेपी ने अपनी पूरी ताकत इन स्टार प्रचारकों के जरिए झोंक दी है ताकि राज्य में सत्ता परिवर्तन किया जा सके.

यह भी पढ़ें: Bengal Election: बंगाल चुनाव पर Vote Vibe का सबसे बड़ा सर्वे, कैसे होगा खेल?

    follow google news