अर्जुन कपूर को मिला नया प्यार? जानें कौन है साहिबा बाली जिनकी गुरुपर्व की एक सेल्फी हो रही जमकर वायरल

• 11:57 AM • 27 Nov 2026

बॉलीवुड एक्टर अर्जुन कपूर और एक्ट्रेस-स्पोर्ट्स प्रेजेंटर साहिबा बाली की एक सेल्फी ने इंटरनेट पर तहलका मचा दिया है! 24 नवंबर को गुरुपर्व के मौके पर साहिबा ने गुरुद्वारे से अर्जुन के साथ एक प्यारी तस्वीर शेयर की और लिखा- "मैंने इनके हिस्से का आधा प्रसाद भी खा लिया."

साहिबा सेल्फी
साहिबा सेल्फी
Google CTA

Charchit Chehra: बॉलीवुड की गलियारों में जब कोई नई लव स्टोरी मैच्योर हो रही होती है, तो सबसे पहला इशारा सोशल मीडिया से ही मिलता है. इंटरनेट पर एक सेल्फी आग की तरह फैली है, जिसमें सिर पर रूमाल और दुपट्टा ढके बॉलीवुड एक्टर अर्जुन कपूर और मल्टी-टैलेंटेड एक्ट्रेस साहिबा बाली स्माइल करते नजर आ रहे हैं. 24 नवंबर को गुरुपर्व के पावन मौके पर खुद साहिबा बाली ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर सेल्फी पोस्ट की और ऐसा कैप्शन लिखा, जिसने फैंस के बीच खलबली मचा दी. साहिबा ने लिखा- I ate his half of the prashaad too. मतलब मैंने इनके हिस्से का आधा प्रसाद भी खा लिया. हैप्पी गुरुपर्व.

Read more!

साहिबा के इतना लिखते ही सोशल मीडिया यूजर्स ने इसे अर्जुन के साथ रिश्ते का 'सॉफ्ट लॉन्च' मान लिया है. साहिबा बाली की इंस्टा स्टोरी इतनी वायरल कि मजेदार रिएक्शंस की बाढ़ आ गई. किसी ने लिखा— ये पक्का सॉफ्ट लॉन्च लग रहा है, तो कोई बोला- "ये पक्का डेटिंग ही है. अर्जुन कपूर के साथ उनकी इस आध्यात्मिक और प्यारी केमिस्ट्री को देखकर साहिबा की सोशल मीडिया वॉल बधाइयों से भरी पड़ी है. साहिबा बाली ग्लैमर वर्ल्ड का चर्चित चेहरा तो हैं, लेकिन उतनी भी नहीं जितनी चर्चा अर्जुन कपूर की होती है. आइए जानते हैं कि एक सेल्फी से रातों-रात सुर्खियों में छा जाने वाली साहिबा बाली की पूरी कहानी क्या है.

साहिबा बाली की जड़ें जम्मू-कश्मीर से जुड़ी हैं. हालांकि, उनका परिवार किसी विस्थापन (Migration) के कारण कश्मीर से बाहर नहीं निकला था. साहिबा के पिता एक कश्मीरी सिख हैं और मां पंजाबी हिंदू हैं. काम के सिलसिले में उनका परिवार पहले से ही कश्मीर से बाहर था और साहिबा का जन्म 5 दिसंबर 1994 को कोलकाता में हुआ. बचपन में पिता की नौकरी के कारण परिवार कुछ समय के लिए इंडोनेशिया भी शिफ्ट हुआ था. वहां से वापस आकर परिवार दिल्ली में सेटल हो गया, जहां से साहिबा की स्कूली पढ़ाई हुई और महज 5 साल की उम्र में उन्होंने थिएटर की दुनिया में कदम रख दिया. उन्होंने दिल्ली के प्रतिष्ठित हंसराज कॉलेज से इकोनॉमिक्स में ग्रेजुएशन किया और फिर ब्रिटेन की डरहम यूनिवर्सिटी से मार्केटिंग में मास्टर्स की डिग्री हासिल की. इसके अलावा उन्होंने ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी से एक बिजनेस कोर्स भी किया है. 

बतौर ब्रांड मैनेजर काम शुरू किया

इतनी शानदार पढ़ाई करने के बाद साहिबा ने कॉर्पोरेट करियर शुरू किया. उन्होंने गुरुग्राम में फूड डिलीवरी दिग्गज ज़ोमैटो (Zomato) में बतौर ब्रांड मैनेजर काम शुरू किया और इसकी मशहूर पहल 'फीडिंग इंडिया' से भी जुड़ी रहीं. लेकिन बचपन से थिएटर करने वाली साहिबा के भीतर का कलाकार कॉर्पोरेट की 9-से-5 की नौकरी में बंधकर नहीं रह पाया. जब एक्टिंग का जुनून जागा, तो उन्होंने कॉर्पोरेट करियर को अलविदा कह दिया और नाम व काम कमाने के लिए सपनों की नगरी मुंबई शिफ्ट हो गईं. बड़ी फिल्मों से पहले यंग जनरेशन के बीच साहिबा 'फिल्टरकॉपी' और 'डाइस मीडिया' के मजेदार यूट्यूब स्केच वीडियोज के जरिए 'गर्ल-नेक्स्ट-डोर' (Girl-next-door) के रूप में मशहूर हुईं, जिनके वीडियोज को करोड़ों व्यूज मिल चुके हैं.

मुंबई आकर साहिबा बाली ने ऑडिशन देने शुरू किए. इस मामले में वह खुशकिस्मत रहीं कि उनका स्ट्रगल बहुत लंबा नहीं चला और जल्द ही बड़े ब्रांड्स के साथ काम मिलने लगा. साल 2017 में उन्होंने मनीषा कोइराला की फिल्म 'डियर माया' से बॉलीवुड में अपना पहला कदम रखा. हालांकि, उन्हें असली पहचान और बड़ा ब्रेक 2018 में इम्तियाज अली की फिल्म 'लैला मजनू' से मिला, जिसमें 'अंबरीन' के किरदार ने उन्हें रातों-रात लाइमलाइट में ला खड़ा किया. इसके बाद साहिबा ने पीछे मुड़कर नहीं देखा. 2019 में उन्होंने शाहरुख खान के प्रोडक्शन हाउस की नेटफ्लिक्स सीरीज 'बार्ड ऑफ ब्लड' में काम किया. आगे चलकर सोनी लिव की वेब सीरीज 'तनाव' और दिलजीत दोसांझ की फिल्म 'अमर सिंह चमकीला' (2024) ने उनकी पहचान को और मजबूती दी.

साहिबा के करियर को नया Dimension तब मिला, जब उन्होंने एक्टिंग के साथ स्पोर्ट्स होस्टिंग और ब्रॉडकास्टिंग की दुनिया में कदम रखा. साहिबा का स्पोर्ट्स प्रेजेंटर बनने का सफर सीधे कमेंट्री बॉक्स से नहीं, बल्कि क्रिकेट के पर्दे के पीछे से शुरू हुआ था. मार्केटिंग की पढ़ाई कर चुकीं साहिबा को सबसे पहले आईपीएल फ्रेंचाइजी पंजाब किंग्स ने अपने डिजिटल और मार्केटिंग कंटेंट को संभालने के लिए जोड़ा. वहां वह खिलाड़ियों के मजेदार बिहाइंड-द-सीन्स वीडियोज और 'डिजिटल इनसाइडर' के तौर पर इंटरव्यू करने लगीं. कैमरे के सामने उनकी जबरदस्त एनर्जी, हाजिरजवाबी और खेल की समझ को देखते हुए बड़े ब्रॉडकास्टर्स की नजर उन पर पड़ी.

लाइव कवरेज होस्ट करने के लिए साइन किया

साल 2024 में स्टार स्पोर्ट्स ने उन्हें टाटा आईपीएल की लाइव कवरेज होस्ट करने के लिए साइन किया. वहां से भी उन्होंने फिर पीछे मुड़कर नहीं देखा. आईपीएल के अलावा उन्होंने 2025 चैंपियंस ट्रॉफी, बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी और विमेंस प्रीमियर लीग (WPL) जैसे बड़े टूर्नामेंट्स में अपनी एंकरिंग और क्रिकेटरों के साथ खास बातचीत से स्पोर्ट्स वर्ल्ड में भी एक अलग मुकाम हासिल कर लिया.

साहिबा बाली की पर्सनल और लव लाइफ हमेशा से चर्चा में रही है, लेकिन उन्होंने अपना स्टेटस हमेशा 'सिंगल' ही रखा है. अर्जुन कपूर से पहले साहिबा का नाम मशहूर स्टैंड-अप कॉमेडियन समय रैना और कंटेंट क्रिएटर कुल्लू यानी आदित्य कुलश्रेष्ठ के साथ जोड़ा जा चुका है. यूट्यूब शोज में उनकी शानदार केमिस्ट्री को देखकर फैंस ने अफेयर के कयास लगाए थे, लेकिन साहिबा ने हमेशा साफ किया कि कुल्लू और समय के साथ उनका रिश्ता सिर्फ गहरी दोस्ती और काम तक ही सीमित है.

अर्जुन कपूर और साहिबा बाली के बीच बढ़ती नजदीकियों का सिलसिला अचानक शुरू नहीं हुआ, बल्कि पिछले कुछ महीनों में कई खास मौकों पर दोनों की बॉन्डिंग ने फैंस का ध्यान खींचा है. इसकी पहली बड़ी झलक 26 जून को अर्जुन कपूर के 41वें जन्मदिन पर दिखी थी, जब साहिबा ने अपने इंस्टाग्राम पर अर्जुन के साथ एक निजी वीडियो कॉल का स्क्रीनशॉट शेयर किया और उन्हें "सबका बेस्टी" (Sabka Bestiee) बताते हुए वजन न घटाने की प्यारी सलाह दी.

एक महीने बाद, 19 जुलाई को दोनों को लंदन के ऐतिहासिक लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड में भारत और इंग्लैंड के बीच वनडे मैच के दौरान एक साथ स्टैंड्स में देखा गया. दोनों मैचिंग नीले (Blue) रंग के आउटफिट में ट्विनिंग करते नजर आए, जिसकी तस्वीरें इंटरनेट पर आग की तरह फैल गईं. इसके अलावा मुंबई के बॉलीवुड सर्कल और कॉमन फ्रेंड्स की प्राइवेट पार्टियों में भी दोनों की मौजूदगी की चर्चा रही. और अब 24 नवंबर को गुरुपर्व के मौके पर गुरुद्वारे से सामने आई इस नई सेल्फी ने लंदन से शुरू हुई इन अटकलों को और भी हवा दे दी है.

बेहद प्यारी दोस्ती

लंदन के क्रिकेट स्टेडियम से लेकर गुरुपर्व पर गुरुद्वारे के शांत माहौल तक, दोनों की बढ़ती नजदीकियां और प्रसाद शेयर करने वाली केमिस्ट्री फैंस को खूब भा रही है. ये सब तक तब तक पक्का नहीं होगा जब साहिबा बाली या अर्जुन कपूर में से कोई एक या दोनों कन्फर्म न करें कि साहिबा बाली और अर्जुन ही एक दूसरे के लिए स्पेशल हैं, जिनके साथ अपनी जिंदगी की नई पारी शुरू करेंगे, या फिर यह सिर्फ एक बेहद प्यारी दोस्ती ही है.

गुरुपर्व की इस सेल्फी पर मचे शोर के बीच अर्जुन कपूर ने पूरी तरह चुप्पी साध रखी है और न ही साहिबा ने इस ताजा पोस्ट पर सीधे तौर पर कोई सफाई दी है. हालांकि, इससे पहले जब जुलाई में लंदन के लॉर्ड्स मैदान में दोनों की तस्वीरें वायरल हुई थीं, तब साहिबा ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर बेहद व्यंग्यात्मक (Sarcastic) और मजेदार अंदाज में रिएक्ट किया था कि हर बात पर यकीन न करें... पार्ट 2. जून में जब साहिबा ने अर्जुन के जन्मदिन पर उन्हें "सबका बेस्टी" कहा था, तो अर्जुन ने भी चुटीला जवाब देते हुए लिखा था— "आपके साथ जुड़ने का इंतजार है (Waiting for u to join me)".

साहिबा बाली के साथ सेल्फी में कोई और होता, तो शायद लोग इसे नजरअंदाज भी कर देते, लेकिन फ्रेम में अर्जुन कपूर के होने से मामला और वायरल हो गया. अर्जुन कपूर एक बड़े फिल्मी परिवार से आते हैं और बॉलीवुड के स्थापित एक्टर हैं. वह मशहूर फिल्म निर्माता बोनी कपूर और उनकी पहली पत्नी दिवंगत मोना शौरी कपूर के बेटे हैं. (बाद में मोना से अलग होकर बोनी कपूर ने अभिनेत्री श्रीदेवी से शादी की थी). अर्जुन दिग्गज अभिनेता अनिल कपूर और संजय कपूर के भतीजे हैं, जबकि अंशुला कपूर उनकी सगी बहन और जान्हवी व खुशी कपूर उनकी सौतेली बहनें हैं. अर्जुन ने साल 2012 में फिल्म 'इशकजादे' से शानदार डेब्यू किया और '2 स्टेट्स' व 'गुंडे' जैसी कई हिट फिल्में दीं.

40 की उम्र पार कर चुके अर्जुन कपूर बॉलीवुड के 'मोस्ट एलिजिबल बैचलर्स' में गिने जाते हैं. फिल्मों की चर्चा हो या न हो, लेकिन वह अपनी लव लाइफ को लेकर हमेशा सुर्खियों में रहे हैं—खासकर मलाइका अरोड़ा के साथ अपने लंबे रिलेशनशिप और फिर ब्रेकअप को लेकर. फिल्मों में आने से पहले अर्जुन कपूर सलमान खान की बहन अर्पिता खान को भी डेट कर चुके हैं. एक इंटरव्यू में अर्जुन ने खुद स्वीकार किया था कि यह उनका पहला गंभीर रिश्ता था, जो करीब दो साल चला था. 

कुशा कपिला के साथ भी उनके नाम की अफवाह उड़ी थी

इसके अलावा करियर के शुरुआती दिनों में फिल्म 'तेवर' की शूटिंग के दौरान सोनाक्षी सिन्हा के साथ उनके अफेयर की खबरें उड़ी थीं, लेकिन दोनों ने हमेशा इसे सिर्फ दोस्ती बताया. इसी तरह परिणीति चोपड़ा के साथ भी उनकी अच्छी केमिस्ट्री के कारण नाम जोड़ा गया, पर वे केवल अच्छे दोस्त हैं. वहीं 2024 में सोशल मीडिया स्टार कुशा कपिला के साथ भी उनके नाम की अफवाह उड़ी थी, जिसे कुशा ने खारिज कर दिया था.

हालांकि, अर्जुन कपूर की सबसे चर्चित और सीरियस रिलेशनशिप एक्ट्रेस मलाइका अरोड़ा के साथ रही. दोनों ने 2018 के आसपास डेटिंग शुरू की थी और 2019 में अपने रिश्ते को इंस्टाग्राम पर ऑफिशियल (Official) किया था. उम्र में अंतर को लेकर ट्रोल होने के बावजूद दोनों करीब 6 साल तक एक-दूसरे के साथ खड़े रहे. लेकिन साल 2024 में दोनों का ब्रेकअप हो गया, जिसकी पुष्टि खुद अर्जुन ने एक इवेंट के दौरान खुद को 'सिंगल' बताकर की थी.

अर्जुन कपूर के अब तक शादी करके सेटल न हो पाने के पीछे कई निजी और प्रोफेशनल वजहें रही हैं. बचपन में माता-पिता के तलाक और कम उम्र में मां को खोने के दर्द ने अर्जुन को रिश्तों के प्रति बेहद संवेदनशील और सतर्क बना दिया. खुद अर्जुन कई मंचों पर कह चुके हैं कि वह शादी से पहले खुद को इमोशनली और प्रोफेशनली पूरी तरह स्टेबल (Stable) करना चाहते हैं. उनका मानना है कि जब तक वह अपने करियर से पूरी तरह संतुष्ट नहीं होंगे, तब तक वह अपने पार्टनर को खुश नहीं रख पाएंगे.

बॉलीवुड के गलियारों में इस बात की भी खूब चर्चा हो रही है कि मलाइका अरोड़ा से अलग होने के बाद अर्जुन कपूर की पसंद में एक नया बदलाव देखने को मिल रहा है. जहां मलाइका के साथ उनका रिश्ता हमेशा लाइमलाइट और पैपराजी के कैमरों के बीच रहा, वहीं साहिबा बाली के साथ अर्जुन बेहद सादगी भरा और 'लो-की' (Low-key) बॉन्ड शेयर करते नजर आ रहे हैं. 

फिलहाल, लंदन के क्रिकेट स्टेडियम से लेकर गुरुपर्व पर गुरुद्वारे के शांत माहौल तक, अर्जुन और साहिबा की बढ़ती नजदीकियां और प्रसाद शेयर करने वाली केमिस्ट्री फैंस को खूब भा रही है. हालांकि, यह रिश्ता दोस्ती से आगे बढ़ा है या नहीं, इस पर तब तक पक्की मुहर नहीं लग सकती जब तक साहिबा बाली या अर्जुन कपूर में से कोई एक या दोनों खुद इसे कन्फर्म न कर दें कि वे वाकई एक-दूसरे के लिए स्पेशल हैं और जिंदगी की नई पारी साथ शुरू करने जा रहे हैं.

ये भी पढ़ें: Charchit Chehra: 'बोटी-बोटी' बयान से पहचान, लगातार 4 चुनाव हारे, फिर भी कांग्रेस ने 2027 के लिए इमरान मसूद पर क्यों जताया भरोसा?