नाना पाटेकर के निधन पर तनुश्री दत्ता ने ऐसा क्या कहा? AICWA ने लगा दी फटकार, कहा- 'सस्ती पब्लिसिटी'

न्यूज तक डेस्क

• 10:50 AM • 09 Oct 2026

नाना पाटेकर के निधन पर तनुश्री दत्ता की 'इविल डेड' टिप्पणी से विवाद खड़ा हो गया है. ऑल इंडियन सिने वर्कर्स एसोसिएशन (AICWA) ने बयान की कड़ी निंदा की. संगठन के अध्यक्ष सुरेश श्यामलाल गुप्ता ने इसे सस्ती पब्लिसिटी बताया और तनुश्री को संवेदनशील मौकों पर सोच-समझकर बोलने की सलाह दी.

NewsTak
Google CTA

नाना पाटेकर के निधन के बाद अभिनेत्री तनुश्री दत्ता के एक बयान को लेकर विवाद खड़ा हो गया है. ऑल इंडियन सिने वर्कर्स एसोसिएशन (AICWA) ने तनुश्री की टिप्पणी पर कड़ी नाराजगी जताई है. संगठन ने उनके बयान को सस्ती पब्लिसिटी बताते हुए इसकी निंदा की है. AICWA का कहना है कि किसी व्यक्ति के निधन के बाद इस तरह के शब्दों का इस्तेमाल करना इंसानियत के खिलाफ है.

Read more!

संगठन के संस्थापक और अध्यक्ष सुरेश श्यामलाल गुप्ता ने कहा कि नाना पाटेकर भारतीय फिल्म इंडस्ट्री के दिग्गज अभिनेता थे. उन्होंने अपने दम पर पहचान बनाई और देश के लिए भी काम किया. ऐसे में उनके निधन के समय इस तरह की टिप्पणी करना उचित नहीं है.

AICWA ने तनुश्री दत्ता के बयान की निंदा की

ऑल इंडियन सिने वर्कर्स एसोसिएशन ने एक आधिकारिक बयान जारी कर तनुश्री दत्ता की टिप्पणी पर आपत्ति जताई. संगठन ने कहा कि नाना पाटेकर के निधन पर पूरा देश शोक मना रहा है. प्रधानमंत्री से लेकर आम नागरिक तक उन्हें याद कर रहे हैं. ऐसे समय में उनके लिए 'इविल डेड' जैसे शब्दों का इस्तेमाल करना गलत है.

AICWA के अध्यक्ष सुरेश श्यामलाल गुप्ता न आरोप लगाया कि तनुश्री इस बयान के जरिए सस्ती पब्लिसिटी हासिल करने की कोशिश कर रही हैं. उन्होंने कहा कि किसी व्यक्ति की मृत्यु के बाद इस तरह की भाषा का इस्तेमाल करना इंसानियत के खिलाफ है. संगठन ने इस रवैये पर अपना विरोध भी जताया.

'आप जैसे लोगों से फिल्म इंडस्ट्री का नाम खराब हो रहा'

AICWA ने अपने बयान में तनुश्री दत्ता पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें अपने कार्यक्रमों और योजनाओं पर बात करने की पूरी आजादी है. वह लखनऊ जाएं, लंदन जाएं या सोशल मीडिया पर लाइव आएं, इससे किसी को आपत्ति नहीं है. लेकिन नाना पाटेकर के बारे में जानने और उन्हें याद करने में पूरे देश की दिलचस्पी है. संगठन ने कहा कि नाना पाटेकर एक बेहतरीन अभिनेता थे. उन्होंने अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर अपनी पहचान बनाई. AICWA के मुताबिक, इस तरह की टिप्पणियों से पूरी फिल्म इंडस्ट्री की छवि खराब होती है.

AICWA ने कहा- ऐसी टिप्पणी करने वाली पहली और आखिरी हों

संगठन ने यह भी कहा कि फिल्म इंडस्ट्री में किसी बड़े कलाकार के निधन के बाद इस तरह का बयान देने का उदाहरण पहले नहीं देखा गया. AICWA ने तनुश्री को इस मामले में पहली बताते हुए उम्मीद जताई कि वह आखिरी भी होंगी. बयान में कहा गया कि इंडस्ट्री के लोगों को पता होता है कि ऐसे संवेदनशील समय में क्या बोलना चाहिए और कब चुप रहना चाहिए. संगठन ने तनुश्री को अपनी जुबान पर काबू रखने की सलाह भी दी. AICWA ने उनके आगामी कार्यक्रमों का जिक्र करते हुए कहा कि जब पूरा देश एक दिग्गज कलाकार के निधन पर शोक मना रहा हो, तब अपने इवेंट और योजनाओं की चर्चा करना छोटी सोच को दिखाता है.

तनुश्री दत्ता ने क्या कहा था?

नाना पाटेकर के निधन की खबर सामने आने के बाद तनुश्री दत्ता ने इंस्टाग्राम पर अपनी प्रतिक्रिया दी थी. उन्होंने कहा था कि उन्होंने खबर सुनी है, लेकिन फिलहाल वह लखनऊ में अपने वर्क इवेंट पर ध्यान देना चाहती हैं. तनुश्री ने यह भी कहा कि उन्हें चिंता है कि शाम तक मीडिया 'इविल डेड' में दिलचस्पी लेने लगेगा. उनके इसी बयान को लेकर AICWA ने नाराजगी जताई और इसकी कड़ी आलोचना की.