इंडियन नेशनल लोकदल (INLD) के प्रधान महासचिव अभय सिंह चौटाला ने हरियाणा की राजनीति में चल रहे गरमागरम मुद्दों पर अपनी बेबाक राय रखी है. सोनीपत पहुंचे अभय चौटाला ने अपने भतीजे और पूर्व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला और सीआईए (CIA) इंस्पेक्टर के बीच हुए हालिया विवाद पर पहली बार चुप्पी तोड़ी.
ADVERTISEMENT
दुष्यंत चौटाला और सीआईए विवाद पर क्या कहा?
जब अभय चौटाला से दुष्यंत चौटाला और सीआईए के बीच चल रहे विवाद के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा, 'लोगों ने इन्हें 10 सीटें जिताकर दी थीं. अगर इन्होंने कोई अच्छे काम किए होते, तो आज ये हालात थोड़ी होते.' अभय चौटाला का इशारा दुष्यंत चौटाला की गिरती राजनीतिक साख और हाल ही में जनता के बीच हो रहे विरोध की ओर था.
किसानों के मुद्दे पर सरकार को घेरा
अभय चौटाला ने मंडियों में गेहूं की खरीद और किसानों की समस्याओं को लेकर हरियाणा सरकार पर तीखा हमला बोला. उन्होंने मुख्यमंत्री द्वारा बुलाए गए विशेष सत्र पर सवाल उठाते हुए कहा, 'स्पेशल सेशन बुलाकर मुख्यमंत्री क्या दिखाना चाहते हैं? किसानों की गेहूं आज मंडियों में लुट रही है, किसान परेशान है. मुख्यमंत्री को अपने गलत फैसलों के लिए माफी मांगनी चाहिए.'
कांग्रेस और भूपेंद्र हुड्डा पर निशाना
कांग्रेस में चल रही गुटबाजी और राज्यसभा चुनाव में हुए 'क्रॉस वोटिंग' के मामले पर भी अभय चौटाला ने तंज कसा. उन्होंने कहा कि कांग्रेस का ग्राफ बढ़ने के बजाय घट रहा है.
बिकने वाले नेता: अभय चौटाला ने आरोप लगाया कि राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस के विधायक 200 करोड़ रुपये में बिके हैं.
हुड्डा पर हमला: उन्होंने भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर निशाना साधते हुए कहा, "हुड्डा खुद को बचाने के लिए कांग्रेस को बीजेपी के हाथों बेचने की कोशिश कर रहे हैं. वे अपने सिवाय किसी को कांग्रेसी ही नहीं मानते.'
नगर निगम चुनाव की तैयारी
सोनीपत नगर निगम चुनाव को लेकर अभय चौटाला ने कहा कि इनेलो की तैयारी पूरी है. उन्होंने बताया कि पार्टी जल्द ही मेयर पद के उम्मीदवार और सभी 22 वार्डों के पार्षदों की लिस्ट एक साथ जारी करेगी और नामांकन दाखिल करेगी.
ADVERTISEMENT


