महाकाल के दर्शन के बाद मौत का तांडव! बस ड्राइवर ने खोया आपा, पत्नी-बेटे समेत खुद की गई जान, 2 साल की बच्ची अनाथ

अलवर के दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर एक बस और टैंकर की टक्कर में ड्राइवर मोनू यादव, उनकी पत्नी और बेटे की मौत हो गई. इस हादसे में उनकी 2 साल की बेटी सुरक्षित बच गई है, जो अब पुलिस के संरक्षण में है.

राजस्थान न्यूज
राजस्थान न्यूज

हिमांशु शर्मा

follow google news

राजस्थान के अलवर जिले में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर मंगलवार सुबह एक ऐसा मंजर देखने को मिला, जिसने हर किसी की रूह कंपा दी. उज्जैन में बाबा महाकाल के दर्शन कर खुशी-खुशी लौट रहा एक परिवार चंद पलों में खत्म हो गया. इस भीषण सड़क हादसे में बस के ड्राइवर, उसकी पत्नी और बेटे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी 2 साल की मासूम बेटी चमत्कारिक रूप से बच गई. अब वह मासूम थाने में बैठकर बस एक ही रट लगाए हुए है- म्मी के पास जाना है."

Read more!

एक झपकी और उजड़ गया पूरा परिवार

हादसा मंगलवार सुबह करीब 6:30 बजे राजगढ़ इलाके में हुआ. जानकारी के मुताबिक, इंदौर से दिल्ली जा रही एक निजी स्लीपर बस आगे चल रहे केमिकल से भरे टैंकर में पीछे से जा घुसी. प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि बस ड्राइवर मोनू यादव (35) को नींद की झपकी आ गई थी, जिसके कारण यह भीषण टक्कर हुई. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया.

आखिरी फोटो बना जिंदगी का अंतिम 'स्टेटस'

मृतक ड्राइवर मोनू यादव उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद का रहने वाला था. वह सोमवार को अपनी पत्नी रीना यादव, बेटे शक्ति और 2 साल की बेटी रिद्धि के साथ महाकाल के दर्शन करने उज्जैन गया था. दर्शन के बाद पूरे परिवार ने मुस्कुराते हुए एक फोटो ली थी, जिसे मोनू ने अपने सोशल मीडिया स्टेटस पर लगाया था. किसी को अंदाजा नहीं था कि वह मुस्कुराहट कुछ ही घंटों में मातम में बदल जाएगी. इस हादसे में मोनू, उसकी पत्नी और बेटे की जान चली गई.

"मम्मी आ रही है..." कहकर चुप करा रही पुलिस

इस हादसे की सबसे हृदयविदारक तस्वीर थाने से सामने आई. 2 साल की मासूम रिद्धि, जिसे खरोंच तक नहीं आई, वह अपने माता-पिता और भाई को ढूंढ रही है. पुलिसकर्मी उसे गोद में लेकर, चिप्स और खिलौने देकर बहलाने की कोशिश कर रहे हैं. जब वह रोते हुए मम्मी के पास जाने की जिद करती है, तो पुलिसवाले भर्राई आंखों से बस इतना ही कह पाते हैं-"मम्मी आ रही है बेटा, चुप हो जाओ."

30 से ज्यादा यात्री घायल

इस हादसे में न केवल मोनू के परिवार को भारी क्षति पहुंची, बल्कि बस में सवार 30 से ज्यादा अन्य यात्री भी घायल हुए हैं. घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. यात्रियों का आरोप है कि ड्राइवर को पहले ही चेतावनी दी गई थी कि वह बस साइड में लगाकर आराम कर ले, लेकिन उसने बात नहीं मानी.

 

    follow google news