Anil Vij SP Upasana: हरियाणा के गब्बर कहे जाने वाले मंत्री अनिल विज एक बार फिर अपने सख्त तेवर को लेकर चर्चा में हैं. कैथल में आयोजित एक समीक्षा बैठक के दौरान उनकी एक महिला पुलिस अधिकारी के साथ हॉट टॉक हो गई.
ADVERTISEMENT
मंत्री अनिल विज और कैथल की एसपी (SP) उपासना के बीच एक पुलिसकर्मी को सस्पेंड करने को लेकर तीखी नोकझोंक हुई. गुस्से में मंत्री जी ने यहां तक कह दिया कि "अगर पावर नहीं है, तो यहां से उठ जाओ."
क्या है पूरा मामला?
दरअसल, विवाद की जड़ में करनाल पुलिस का एक एएसआई (ASI) संदीप कुमार है. आरोप है कि संदीप ने जमीन के सौदे के नाम पर एक व्यक्ति से करीब 7 लाख रुपये एडवांस लिए थे. जब जमीन के कागजात फर्जी निकले तो उसने पैसे लौटाने से मना कर दिया. इस मामले में कैथल के तितरम थाने में केस दर्ज हुआ था. आरोप यह भी है कि पुलिसकर्मी ने अपने प्रभाव का इस्तेमाल कर जांच को करनाल ट्रांसफर करवा दिया और कार्रवाई को धीमा कर दिया.
बैठक में क्यों हुआ हंगामा?
कैथल समिति की बैठक में जब यह मुद्दा उठा तो मंत्री अनिल विज ने एसपी उपासना को आदेश दिया कि आरोपी एएसआई को तुरंत सस्पेंड किया जाए. इस पर एसपी ने नियमों का हवाला देते हुए कहा कि आरोपी पुलिसकर्मी करनाल जिले में तैनात है, इसलिए कैथल एसपी के पास उसे सीधे सस्पेंड करने का अधिकार नहीं है. उन्होंने स्पष्ट किया कि वह केवल डीआईजी को इस संबंध में रिपोर्ट भेज सकती हैं.
'पावर नहीं तो चले जाओ'
एसपी की दलील सुनकर अनिल विज भड़क गए. उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि उनके आदेश पर तुरंत कार्रवाई होनी चाहिए. बहस इतनी बढ़ गई कि मंत्री ने उन्हें बैठक से जाने तक को कह दिया. हालांकि, बाद में स्थिति तब शांत हुई जब यह साफ हुआ कि कानूनी प्रक्रिया के तहत ही सस्पेंशन संभव है. आखिर में तय हुआ कि मंत्री के आदेश का हवाला देते हुए डीआईजी को सस्पेंशन के लिए पत्र भेजा जाएगा.
देखिए वीडियो
ADVERTISEMENT

