अंकित बालियान केस में फरार आर्यन संधू, सत्यम काद्यान की CCTV से नया खुलासा, पुलिस के फूले हांथ-पैर!

सोनिया सत्यानीता

04 Sep 2026 (अपडेटेड: Sep 4 2026 9:46 AM)

अंकित बाल्यान हत्याकांड के आरोपी शूटर सीसीटीवी में नया सिम खरीदते दिखे, जिसके बाद उन्होंने फोन बंद कर पुलिस को चकमा देना शुरू कर दिया.

अंकित बालियान मर्डर केस
अंकित बालियान मर्डर केस
Google CTA

हरियाणवी मॉडल अंकित बाल्यान हत्याकांड में फरार मुख्य आरोपी और शूटर आर्यन संधू तथा सत्यम काद्यान को लेकर नए और चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं. वारदात से ठीक 3 घंटे पहले का एक नया सीसीटीवी फुटेज (CCTV Video) सामने आया है, जिसमें दोनों आरोपी मोबाइल की दुकान पर नजर आ रहे हैं.

Read more!

पुलिस की लगातार दबिश के बावजूद दोनों का अभी तक कोई सुराग नहीं लग पाया है. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने दोनों पर 1-1 लाख रुपये का इनाम घोषित कर दिया है.

मर्डर से 3 घंटे पहले की साजिश CCTV में कैद

26 अगस्त की शाम को हुई इस वारदात से करीब 3 घंटे पहले, आर्यन संधू और सत्यम काद्यान करनाल की एक मोबाइल शॉप पर पहुंचे थे. सीसीटीवी फुटेज के मुताबिक दोनों ने दुकान पर करीब साढ़े पांच मिनट का समय बिताया और एक नया सिम कार्ड खरीदा. इसी दौरान दोनों ने अपने पुराने मोबाइल फोन स्विच ऑफ कर लिए. नया सिम कार्ड एक फोन में डालकर एक्टिवेट किया गया और वे शामली के लिए रवाना हो गए, जहां वे अपने साथी शूटरों से मिले.

अंकित बाल्यान के जिम से बाहर निकलते ही उस पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दी गईं. हत्याकांड को अंजाम देने के बाद रात 10 बजे तक इसी सिम कार्ड का इस्तेमाल किया गया और फिर सिम व फोन दोनों को नष्ट कर दिया गया.

पुलिस को दे रहे चकमा

वारदात के बाद से ही दोनों की सटीक लोकेशन ट्रेस करना पुलिस के लिए चुनौती बना हुआ है. आरोपी प्रोक्सी आईपी (Proxy IP) का इस्तेमाल करके पुलिस को गुमराह कर रहे हैं, जिससे उनकी लोकेशन कभी हिमाचल, कभी गुजरात तो कभी बिहार दिखाई देती है. जब पुलिस को उनके इंस्टाग्राम हैंडल का पता चला, तो आरोपियों ने अपने अकाउंट्स भी डीएक्टिवेट कर दिए.

लुकआउट सर्कुलर जारी

  • सूत्रों और स्थानीय चर्चाओं के अनुसार, दोनों आरोपियों के विदेश भागने की आशंका जताई जा रही है.
  • शामली पुलिस और यूपी एसटीएफ (UP STF) की टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी हैं.
  • गृह मंत्रालय के जरिए देश के सभी प्रमुख एयरपोर्ट्स पर लुकआउट सर्कुलर (Lookout Circular) जारी कर दिया गया है.
  • हवाई अड्डों और जलमार्गों के डेटा खंगाले जा रहे हैं.

कौन हैं 1-1 लाख के इनामी शूटर?

सत्यम काद्यान: करीब 18-19 साल की उम्र का सत्यम गोगी गैंग से जुड़ा बताया जा रहा है. वह एक संपन्न कारोबारी परिवार से आता है, जिसके पास 150 एकड़ से अधिक जमीन है. महंगी गाड़ियों और हथियारों के साथ सोशल मीडिया पर रील्स बनाना उसका शौक था.

आर्यन संधू: 20 वर्षीय आर्यन पंपू गैंग का शूटर बताया जाता है. उसने 10वीं तक की पढ़ाई की है और परिवार में पांच भाई-बहनों में सबसे छोटा है. उसकी दो बहनें पहले से विदेश में रहती हैं.

फिलहाल, दोनों आरोपियों के घरों पर ताले लटके हुए हैं और उनके परिवार भी फरार हैं. पुलिस उनके करीबियों से पूछताछ कर मामले की तफ्तीश में जुटी है.

ये भी पढ़ें: Ankit Baliyan Murder Case: शूटरों के एनकाउंटर के बाद यूपी पुलिस से क्यों कांप रहा गैंगस्टर Rakesh Pampu? अधिकारियों को खत भेज की ये अजीब मांग