हरियाणवी म्यूजिक इंडस्ट्री के उभरते कलाकार और शामली निवासी अंकित बाल्यान की जिम के बाहर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाकर बेरहमी से हत्या कर दी गई. घटना बुधवार को उस वक्त हुई जब अंकित वर्कआउट पूरा करने के बाद अपनी कार की तरफ बढ़ रहे थे. चश्मदीदों और जिम संचालक रवि शर्मा के अनुसार, घात लगाए बैठे करीब 4 से 5 हमलावरों ने बेहद करीब से लगभग 20 राउंड फायरिंग की, जिससे अंकित की मौके पर ही मौत हो गई. वारदात के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है.
ADVERTISEMENT
कभी राज्य स्तर पर खेलते थे कबड्डी, चोट ने बदला रास्ता
अंकित बाल्यान का जीवन संघर्षों और बदलावों से भरा रहा:
- खेल जगत से शुरुआत: संगीत जगत में कदम रखने से पहले अंकित प्रदेश स्तर के कबड्डी खिलाड़ी थे और 2013-14 तक दिल्ली और भोपाल जैसी जगहों पर कई राष्ट्रीय-स्तरीय प्रतियोगिताओं में हिस्सा ले चुके थे. हालांकि, पैर में गंभीर फ्रैक्चर होने के कारण उन्हें खेल छोड़ना पड़ा.
- कारोबार से गायकी तक: कबड्डी छोड़ने के बाद अंकित ने कुछ समय सेकंड-हैंड मोबाइल खरीदने और बेचने का बिजनेस किया. इसके बाद 2022 में उन्होंने हरियाणवी म्यूजिक इंडस्ट्री में कदम रखा और देखते ही देखते 50 से अधिक गानों में अपनी अदाकारी व आवाज से पहचान बना ली.
- भविष्य के सपने: अंकित जल्द ही जिला पंचायत सदस्य का चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे थे और 20 से ज्यादा नए गानों और बॉलीवुड प्रोजेक्ट्स पर काम कर रहे थे.
पुरानी रंजिश या दुश्मनी? जांच में जुटी STF और पुलिस
हत्याकांड की वजहों का पता लगाने के लिए एसटीएफ समेत बागपत, शामली और मुजफ्फरनगर पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं:
- 6 महीने पुराना विवाद: पुलिस को जानकारी मिली है कि करीब 6 महीने पहले रोहतक में अंकित की एक अन्य हरियाणवी सिंगर के साथ कहासुनी हुई थी. इस घटना के बाद से उन्होंने रोहतक आना-जाना कम कर दिया था.
- धमकियों का एंगल: पुलिस को अंदेशा है कि हत्या के तार पुरानी रंजिश, आपसी विवाद या सुपारी किलिंग से जुड़े हो सकते हैं.
- हरियाणा में दबिश: जांच के सिलसिले में 4 विशेष टीमों को हरियाणा के पानीपत रवाना किया गया है.
देर रात वीडियोग्राफी के साथ शव का पोस्टमार्टम कराया गया और सुबह शव परिजनों को सौंप दिया गया. सुरक्षा के लिहाज से अंकित के गांव बंती खेड़ा में भारी पुलिस बल (करीब 30 जवान) तैनात किया गया है.
ये भी पढ़ें: हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की मां-दादी का रो-रोकर बुरा हाल,गली के बीच बर्फ पर शव रख क्या मांग की?
ADVERTISEMENT


