Ankit Balyan Murder Case Update: अंकित बालियान हत्याकांड को लेकर सर्वसमाज और किसान संगठनों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है. भारतीय किसान यूनियन (BKU) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत ने इस पूरे मामले पर जिला प्रशासन के उच्च अधिकारियों के साथ अहम बैठक की. बैठक के बाद नरेश टिकैत ने स्पष्ट किया कि प्रशासन को 5 अक्टूबर तक का समय दिया गया है. अगर तब तक मामले में ठोस सफलता और आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती है, तो समाज आगे की रणनीति तय करते हुए बड़ा कदम उठाएगा.
ADVERTISEMENT
पीड़ित परिवार को नौकरी, आर्थिक मदद और सुरक्षा की मांग
नरेश टिकैत ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि अंकित बालियान के परिवार को इस वक्त मदद की सख्त जरूरत है. उन्होंने मांग की कि डीएम स्तर की सरकारी नौकरी परिवार के किसी सदस्य को दी जाए और सरकार की ओर से उचित आर्थिक सहायता प्रदान की जाए. इसके अलावा उन्होंने परिवार की सुरक्षा पर चिंता जताते हुए कहा कि जिस तरह का घटनाक्रम हुआ है और धमकियां मिल रही हैं, उसे देखते हुए अंकित बालियान के परिजनों को पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था मुहैया कराई जानी चाहिए.
'हमारे पास जनबल, लेकिन ताकत का दुरुपयोग नहीं करेंगे'
प्रशासन की कार्यप्रणाली पर बोलते हुए नरेश टिकैत ने कहा कि हम प्रशासन पर कोई अनुचित दबाव नहीं बना रहे हैं और न ही काम में बाधा डालना चाहते हैं. हमने अधिकारियों को निस्वार्थ भाव से जांच करने की खुली छूट दी है. हालांकि उन्होंने यह भी याद दिलाया कि समाज के पास जनबल की कोई कमी नहीं है, लेकिन वे अपनी ताकत का इस्तेमाल किसी अराजकता के लिए नहीं करते. 5 तारीख तक का समय दिया गया है और तब तक सभी को शांतिपूर्वक इंतजार करना होगा.
काद्यान खाप और सर्वसमाज एकजुट
काद्यान खाप की पंचायत और सर्वसमाज के समर्थन पर नरेश टिकैत ने कहा कि पूरी खाप और समाज इस अन्याय के खिलाफ एकजुट है. काद्यान खाप एक सम्मानित खाप है और कोई भी समाज या खाप अपराधियों का समर्थन नहीं करती. उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रशासन दी गई समयावधि के भीतर निष्पक्ष जांच कर पीड़ित परिवार को न्याय दिलाएगा.
ADVERTISEMENT


