Arjun Chautala Rohtak: हरियाणा के रोहतक में सोमवार को इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) के नेता अर्जुन चौटाला की अगुवाई में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने लघु सचिवालय का घेराव किया. इनेलो ने ये प्रदर्शन बढ़ती महंगाई, पेट्रोल-डीजल व रसोई गैस की आसमान छूती कीमतों और बढ़ती बेरोजगारी के खिलाफ के खिलाफ किया.
ADVERTISEMENT
इस दौरान मौके पर खूब सियासी ड्रामा देखने को मिला. प्रदर्शन के दौरान अर्जुन चौटाला अपने समर्थकों के साथ सचिवालय के अंदर जबरन दाखिल हो गए. इससे माहौल तनावपूर्ण हो गया.
"दिमाग गर्म न कराएं..." अर्जुन चौटाला की खुली चेतावनी
प्रदर्शन के दौरान मीडिया ने अर्जुन चौटाला से पूछा कि डीसी साहब अभी तक ज्ञापन लेने नहीं आए हैं तो उन्होंने बेहद आक्रामक अंदाज में चेतावनी भरे लहजे में कहा, "चिंता ना करो, गेट-गार्ड तोड़ के अंदर आ गए हैं. अभी तो मैं हंस के बात कर रहा हूं, अभी मस्तक पे क्रोध आएगा तो डीसी भी नीचे आएगा, चिंता ना करें." अर्जुन चौटाला के इस बयान और कड़े तेवरों के बाद वहां मौजूद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों में हड़कंप मच गया.
महंगाई और वाटर मैनेजमेंट पर सरकार को घेरा
अर्जुन चौटाला ने सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि पूरे देश और प्रदेश में महंगाई को लेकर हाहाकार मचा है. उन्होंने आशंका जताई कि आने वाले दिनों में तेल का भाव 130 रुपये प्रति लीटर तक जा सकता है. इसके साथ ही उन्होंने हरियाणा में चल रहे भीषण पानी और बिजली संकट का मुद्दा भी उठाया. उन्होंने सरकार के वाटर मैनेजमेंट पर सवाल खड़े करते हुए कहा कि हरियाणा के पास खुद पानी नहीं है और सरकार राजस्थान के साथ एमओयू साइन कर पानी दे रही है.
इनेलो नेताओं ने साफ कर दिया है कि पार्टी अब अपने पुराने आक्रामक रूप में लौट आई है और जनता के हक की लड़ाई सड़क से लेकर सचिवालय तक इसी तरह लड़ी जाएगी.
यह भी पढ़ें: हर्ष छिकारा की दवाई फैक्ट्री क्यों लगा ताला, सील होने के बाद आया बड़ा बयान
ADVERTISEMENT


