भिवानी: महिला टीचर मनीषा केस में आया बड़ा अपडेट, CBI ने परिवार को बताया आगे क्या होने वाला है, अब 14 अगस्त पर टिकी नजरें

राहुल यादव

• 01:41 PM • 27 Jul 2026

Bhiwani Teacher Case Status : भिवानी की लेडी टीचर मनीषा की संदिग्ध मौत के मामले में करीब एक साल बाद जांच ने नया मोड़ लिया है. सीबीआई अधिकारियों ने परिजनों से लंबी बैठक कर जांच की प्रगति पर चर्चा की और 14 अगस्त को अदालत में स्टेटस रिपोर्ट दाखिल करने की जानकारी दी. अब परिवार की उम्मीदें उसी दिन पर टिकी हैं.

एक साल बाद मनीषा केस में आया बड़ा अपडेट
एक साल बाद मनीषा केस में आया बड़ा अपडेट
Google CTA

Bhiwani Teacher Manisha Case: हरियाणा के भिवानी में लेडी टीचर मनीषा की मौत के मामले में करीब एक साल से सीबीआई जांच का इंतजार कर रहे परिजनों को अब उम्मीद की नई किरण दिखाई दी है. मृतका के पिता संजय और पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल की भिवानी में सीबीआई के वरिष्ठ अधिकारियों (एसपी और डीएसपी) के साथ करीब डेढ़ घंटे तक विस्तृत बैठक हुई. इस मुलाकात के दौरान मामले की जांच को लेकर विस्तार से चर्चा हुई. बैठक के बाद सीबीआई अधिकारियों ने बताया कि इस मामले की स्टेटस रिपोर्ट 14 अगस्त को अदालत में पेश की जाएगी, जिससे परिजनों को जल्द जांच में प्रगति की उम्मीद बंधी है.

Read more!

क्या है पूरा मामला?

बता दें कि बीते साल 11 अगस्त को मनीषा अपने प्ले स्कूल में ड्यूटी के लिए निकली थी. इसके बाद वह नर्सिंग कॉलेज में दाखिले की बात कहकर आगे बढ़ी, लेकिन फिर कभी घर नहीं लौटी. 13 अगस्त को भिवानी के लोहारू कस्बे के पास सिंघानी गांव के खेतों में मनीषा का शव संदिग्ध अवस्था में बरामद हुआ था. परिजनों ने उस समय सीधे तौर पर हत्या का आरोप लगाया था और पूरे हरियाणा में विरोध के बाद मामला सीबीआई को सौंपा गया था. अब ठीक एक साल पूरा होने पर 14 अगस्त को सीबीआई कोर्ट के समक्ष अब तक की अपनी जांच का पूरा ब्योरा पेश करेगी.

DVR जांच और मेडिकल रिपोर्ट का इंतजार

सीबीआई अफसरों के साथ हुई बैठक का ब्योरा देते हुए मनीषा के पिता संजय ने बताया कि जांच एजेंसी ने अपनी रिपोर्ट पूरी करने के लिए 15 से 20 दिनों का समय मांगा है. सीबीआई अधिकारियों के मुताबिक, मामले से जुड़ी कुछ अहम मेडिकल रिपोर्ट अभी आना बाकी हैं. इसके अलावा कॉलेज के सीसीटीवी कैमरों की डीवीआर (DVR) की विस्तृत तकनीकी जांच चल रही है. जांच अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि इन बची हुई रिपोर्टों के मिलते ही 14 अगस्त को अदालत में स्टेटस रिपोर्ट सौंप दी जाएगी.

भिवानी मुख्यालय पर धरने के बाद प्रशासन ने कराई मुलाकात

संजय ने बताया कि जब जांच में देरी होने लगी तो उन्हें 29 तारीख को भिवानी जिला मुख्यालय पर धरना देने के लिए मजबूर होना पड़ा था. इसके बाद भिवानी के जिला प्रशासन (डीसी और एसपी) ने दखल देते हुए 7 दिन के भीतर सीबीआई टीम से मुलाकात कराने का वादा किया था. इसी वादे के तहत 5 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल की सीबीआई के एसपी और डीएसपी रैंक के अधिकारियों से आमने-सामने बैठक कराई गई.

प्रशासन से संतुष्टि नहीं, अब सिर्फ देश की सबसे बड़ी एजेंसी से उम्मीद

स्थानीय पुलिस प्रशासन की कार्रवाई पर निराशा जताते हुए मनीषा के पिता संजय ने कहा कि उन्हें पुलिस की जांच से कोई संतुष्टि नहीं मिली थी. हालांकि, देश की सबसे बड़ी जांच एजेंसी सीबीआई द्वारा इतना समय लिए जाने पर भी उनके मन में कुछ संशय जरूर है, लेकिन इसके बावजूद वे 14 अगस्त का इंतजार कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि बेटियों की सुरक्षा से जुड़ा मामला होने के कारण पूरे समाज और 36 बिरादरी की नजरें इस केस के नतीजे पर टिकी हुई हैं.

13 अगस्त को गांव में दी जाएगी भावभीनी श्रद्धांजलि

घटना को पूरा एक साल बीत जाने के अवसर पर आगामी 13 अगस्त को गांव ढानी लक्ष्मणगढ़ में मनीषा की याद में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया जाएगा. पिता संजय ने बताया कि यह फैसला पूरी कमेटी और गांव वालों की सहमति से लिया गया है, जहां सभी ग्रामीण मिलकर बेटी को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे और न्याय की गुहार लगाएंगे.