हरियाणवी म्यूजिक और फिल्म इंडस्ट्री की जानी-मानी अभिनेत्री अंजलि राघव और भोजपुरी सुपरस्टार पवन सिंह के बीच चल रहा विवाद अब एक नया मोड़ ले चुका है. हरियाणा महिला आयोग के सामने पेश होकर अंजलि राघव ने पवन सिंह को इस पूरे मामले में क्लीन चिट दे दी है, लेकिन उनकी पीआर टीम के तीन सदस्यों के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है.
ADVERTISEMENT
क्या था पूरा विवाद?
यह मामला अगस्त 2025 का है, जब लखनऊ में एक स्टेज शो के दौरान पवन सिंह पर अंजलि राघव के साथ बदतमीजी करने और उन्हें गलत तरीके से छूने के आरोप लगे थे. इसके बाद सोशल मीडिया पर एक वीडियो भी वायरल हुआ था, जिसे लेकर काफी विवाद हुआ. अंजलि राघव ने इस मामले की शिकायत हरियाणा महिला आयोग में की थी, जिस पर संज्ञान लेते हुए आयोग ने 2 अप्रैल को दोनों पक्षों को तलब किया था.
पवन सिंह को क्यों मिली क्लीन चिट?
महिला आयोग की चेयरपर्सन रेनू भाटिया के समक्ष पेश होकर अंजलि राघव ने स्पष्ट किया कि उन्हें पवन सिंह से अब कोई शिकायत नहीं है. अंजलि ने बताया कि घटना के तीसरे दिन ही पवन सिंह ने इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए उनसे माफी मांग ली थी, जिसे उन्होंने स्वीकार कर लिया था. अंजलि के अनुसार, उनका मुख्य विवाद पवन सिंह से नहीं, बल्कि उनकी पीआर टीम से है.
पीआर टीम पर गंभीर आरोप
अंजलि राघव ने पवन सिंह की पीआर टीम के तीन सदस्यों संतोष रेनू यादव, आकाश और एक अन्य सदस्य पर बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं. अंजलि का कहना है कि पवन सिंह के माफी मांगने के बावजूद उनकी पीआर टीम ने जानबूझकर विवादित वीडियो को वायरल किया. टीम ने अंजलि की छवि खराब करने के लिए उनकी तस्वीरें और मोबाइल नंबर 'पोर्न साइट्स' पर डाल दिए. इसके चलते उन्हें भारी मानसिक प्रताड़ना झेलनी पड़ी और अनजान नंबरों से गंदे फोन कॉल आने लगे.
महिला आयोग का रुख
हरियाणा महिला आयोग की अध्यक्ष रेनू भाटिया ने कहा कि चूंकि अंजलि ने पवन सिंह को क्लीन चिट दे दी है, इसलिए अब जांच का मुख्य केंद्र वो तीन लोग होंगे जिनके नाम अंजलि ने अपनी नई शिकायत में दिए हैं. आयोग ने पुलिस को इन आरोपों की गहनता से जांच करने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं.
अंजलि राघव ने मीडिया से बातचीत में कहा, "मैंने पवन सिंह के खिलाफ नहीं, बल्कि उन लोगों के खिलाफ शिकायत दी है जो मेरी छवि खराब करने के लिए गंदे वीडियो बना रहे थे. पीआर टीम अपने आर्टिस्ट को बचाने के लिए सामने वाले की इज्जत उछाल रही है, जो बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.
ADVERTISEMENT


