हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने प्रदेश की मौजूदा स्थिति को लेकर राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है. हुड्डा ने प्रदेश में बढ़ती आपराधिक घटनाओं, यूएपीए (UAPA) के तहत हो रही गिरफ्तारियों और जननायक जनता पार्टी (JJP) की हालिया गतिविधियों पर खुलकर अपनी राय रखी. उन्होंने साफ कहा कि आज हरियाणा में सरकार नाम की कोई चीज नजर नहीं आ रही है.
ADVERTISEMENT
कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है
भूपेंद्र हुड्डा ने प्रदेश की सुरक्षा स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा कि हरियाणा आज देश का सबसे असुरक्षित राज्य बन गया है. उन्होंने केंद्र सरकार के 'सोशल प्रोग्रेसिव इंडेक्स' का हवाला देते हुए दावा किया कि प्रदेश में संगठित अपराध (Organized Crime) और गैंगवार बढ़ गया है. उन्होंने कहा, "स्कूलों में मास्टर नहीं, अस्पतालों में डॉक्टर नहीं और थानों में सिपाही नहीं हैं. जब हमारी सरकार थी, तब बदमाश प्रदेश छोड़कर भाग गए थे, लेकिन आज कानून व्यवस्था पूरी तरह फेल है."
मामन खान की गिरफ्तारी पर उठाए सवाल
कांग्रेस विधायक मामन खान की संभावित गिरफ्तारी और उन पर यूएपीए (UAPA) लगाए जाने के सवाल पर हुड्डा ने कड़ी नाराजगी जताई. उन्होंने कहा कि मामन खान का नाम एफआईआर में पहले नहीं था, उसे बाद में जोड़ा गया है. हुड्डा ने राज्यपाल से भी इस मामले में मुलाकात की और मांग की कि किसी भी बेकसूर को नहीं फंसाया जाना चाहिए. उन्होंने तर्क दिया कि घटना के वक्त मामन खान मौके पर मौजूद भी नहीं थे, इसलिए उन पर इस तरह की सख्त धाराएं लगाना गलत है.
बीजेपी की बी-टीम है दुष्यंत की पार्टी
दुष्यंत चौटाला की ओर से आयोजित 'छात्र हित महापंचायत' को लेकर हुड्डा ने जेजेपी पर निशाना साधा. उन्होंने जेजेपी को बीजेपी की 'बी-टीम' करार दिया. हुड्डा ने कहा कि प्रदेश की जनता जानती है कि बीजेपी की सरकार बनवाने वाले कौन थे. वहीं, महिला आरक्षण बिल को लेकर उन्होंने कहा कि बीजेपी इसे जानबूझकर जनगणना और परिसीमन के नाम पर टाल रही है, जबकि कांग्रेस चाहती है कि इसे तुरंत लागू किया जाए.
नशा तस्करी और अन्य मुद्दे
पंजाब में कमल खिलने पर नशा तस्करों के पाकिस्तान भाग जाने वाले बीजेपी के दावों पर हुड्डा ने चुटकी लेते हुए कहा कि उन्हें पहले हरियाणा से नशे को भगाना चाहिए. उन्होंने पुलिस भर्ती में सामान्य श्रेणी की सीटों की कमी और खाली पड़े पदों को लेकर भी खट्टर-सैनी सरकार को घेरा.
ADVERTISEMENT


