हरियाणा के रेवाड़ी जिले में उस वक्त हड़कंप मच गया जब जिला प्रमुख और भारतीय जनता पार्टी (BJP) के कद्दावर नेता मनोज यादव की एक महिला के साथ कुछ बेहद निजी तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो गईं. तस्वीरें वायरल होते ही राजनीति गरमा गई है और कांग्रेस की महिला नेत्री दीपिका लवली यादव ने एक वीडियो जारी कर मनोज यादव पर बेहद संगीन और गंभीर आरोप लगाए हैं.
ADVERTISEMENT
कांग्रेस नेत्री दीपिका लवली यादव के तीखे तीर
मनोज यादव के ही गांव टीट की रहने वाली और अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय कोऑर्डिनेटर दीपिका लवली यादव ने इस मामले को लेकर सोशल मीडिया पर मोर्चा खोल दिया है. उन्होंने आरोप लगाया कि जिला प्रमुख मनोज यादव शादीशुदा होने और एक 6-7 साल के बेटे के पिता होने के बावजूद सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर सुदेश यादव नाम की महिला के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे हैं.
दीपिका ने वीडियो में बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा, *"क्या बीजेपी का बड़ा पदाधिकारी होने पर दो पत्नियां रखने का लाइसेंस मिल जाता है? जिला प्रमुख को विकास कार्यों के लिए जो सरकारी ग्रांट मिलती है, उसे उन्होंने इस महिला के साथ अय्याशियों, स्कॉर्पियो गाड़ी (नंबर HR 36 AU 5068) और फ्लैट देने में उड़ा दिया."* उन्होंने सवाल उठाया कि क्या इससे समाज और बच्चों पर गलत असर नहीं पड़ेगा?
इन्फ्लुएंसर सुदेश यादव की सफाई: 'तस्वीरें फेक और AI जनरेटेड हैं'
मामला बढ़ने के बाद इंस्टाग्राम पर 33 हजार से ज्यादा फॉलोअर्स रखने वाली इन्फ्लुएंसर सुदेश यादव ने सामने आकर अपनी सफाई दी. सुदेश ने दो वीडियो जारी कर कांग्रेस नेत्री के आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया. सुदेश का कहना है कि, "जो तस्वीरें वायरल हो रही हैं, वो पूरी तरह से फेक और AI द्वारा बनाई गई हैं. मेरा इंस्टाग्राम अकाउंट हैक हो गया था, जिसके बाद किसी ने ये तस्वीरें पोस्ट कीं."
सुदेश ने रोष जताते हुए कहा कि उनका मनोज यादव के परिवार में सिर्फ आना-जाना है, उनके बीच कोई गलत या अवैध रिश्ता नहीं है. उन्होंने खुद को एक सक्षम परिवार से बताते हुए कहा कि उनके पास गाड़ी-मकान पिछले 10-13 सालों से हैं. सुदेश ने चेतावनी दी है कि राजनीति के चक्कर में एक महिला का नाम घसीटने वालों के खिलाफ वो जल्द ही एफआईआर (FIR) दर्ज कराएंगी.
कानूनी पचड़े में फंसा मामला: BJP नेता पहुंचे पुलिस के पास
बवाल बढ़ने के बाद जिला प्रमुख मनोज यादव ने भी अपनी चुप्पी तोड़ी है. उन्होंने कुंड चौकी पुलिस को कांग्रेस नेत्री दीपिका लवली यादव के खिलाफ लिखित शिकायत सौंप दी है. अपनी शिकायत में मनोज यादव ने कहा कि दीपिका यादव ने सोशल मीडिया पर भ्रामक, मानहानिकारक और तथ्यहीन सामग्री पोस्ट कर उनकी सामाजिक और राजनीतिक प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाई है. उन्होंने पुलिस से भारतीय न्याय संहिता (BNS) और आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज करने की मांग की है. वहीं, इस मामले पर बीजेपी की जिला अध्यक्ष वंदना पोपली ने कहा कि वे राज्य से बाहर हैं और लौटने के बाद ही मामले की पूरी जानकारी लेकर कोई प्रतिक्रिया देंगी.
ADVERTISEMENT


