चैनत गांव 'T Connection' विवाद: पूर्व सरपंच सोमेश शर्मा रामायण टोल से गिरफ्तार, पुलिस खंगालेगी इनसाइड स्टोरी

न्यूज तक डेस्क

• 03:23 PM • 08 Jul 2026

Haryana News: हरियाणा के हांसी जिले के चैनत गांव में 'टी कनेक्शन' विवाद ने नया मोड़ ले लिया है. पेयजल आंदोलन के बीच पूर्व सरपंच सोमेश शर्मा को पुलिस ने रामायण टोल प्लाजा से गिरफ्तार कर लिया. उन पर फर्जी तरीके से सरकारी प्रतिनिधि बनकर ग्रामीणों को गुमराह करने और अवैध टी-कनेक्शन लगवाने का आरोप है. पुलिस अब रिमांड पर लेकर पूरे नेटवर्क, पाइपलाइन कनेक्शन, इस्तेमाल की गई मशीनों और इस मामले के पीछे की साजिश की जांच करेगी.

Chainat Village T Connection
Chainat Village T Connection
Google CTA

हासी जिले के चैनत गांव में पेयजल की मांग को लेकर चल रहे धरने के बीच एक बहुत बड़ी खबर सामने आई है. इस आंदोलन के दौरान अचानक चर्चा में आए घिकाड़ा गांव के पूर्व सरपंच सोमेश शर्मा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. जानकारी के मुताबिक, सोमेश शर्मा को हिसार के रामायण टोल प्लाजा से उस वक्त हिरासत में लिया गया, जब वह अपने कुछ साथियों के साथ दिल्ली की तरफ जा रहा था. हासी पुलिस को जैसे ही इनपुट मिला, उन्होंने तुरंत नाकेबंदी कर सोमेश को दबोच लिया. यह गिरफ्तारी इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि सोमेश शर्मा पर आरोप है कि उसने फर्जी तरीके से सरकार का नुमाइंदा बनकर ग्रामीणों को गुमराह किया और वहां अवैध रूप से पाइपलाइन में 'टी-कनेक्शन' (T Connection) लगवाया.

Read more!

क्या है सोमेश शर्मा का पूरा प्रपंच?

पूरा मामला 20 जून का है, जब सोमेश शर्मा अचानक चैनत गांव में चल रहे ग्रामीणों के धरने पर पहुंचा था. उसने ग्रामीणों को यह विश्वास दिलाया कि वह सरकार की तरफ से आया है और सरकार ने उनकी पेयजल के लिए टी-पॉइंट देने की मांग को स्वीकार कर लिया है. वह अपने साथ एक 'टी' (T) भी लेकर आया था। सोमेश की मौजूदगी में ही हासी जा रही मुख्य पाइपलाइन में वह टी-कनेक्शन लगा दिया गया. इतना ही नहीं, सरकार का बिचोलिया बनकर उसने आंदोलनरत ग्रामीणों को आश्वासन दिया और आमरण अनशन पर बैठे गांव के पांच बुजुर्गों को अपने हाथों से जूस पिलाकर उनका अनशन भी तुड़वा दिया. ग्रामीणों ने उस समय सोमेश की बातों पर पूरी तरह भरोसा कर लिया था और आंदोलन खत्म होने की कगार पर था.

अगले ही दिन पलटी कहानी, सरकार ने झाड़ा पल्ला

सोमेश शर्मा के इस दावे की हवा अगले ही दिन यानी 21 जून को तब निकल गई, जब स्थानीय प्रशासन भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचा. प्रशासन ने साफ कहा कि इस टी-कनेक्शन को लगाने की कोई आधिकारिक अनुमति नहीं दी गई थी और यह पूरी तरह से एक गैर-कानूनी काम था. इसके बाद प्रशासन ने तुरंत उस टी-कनेक्शन को वहां से उखाड़ दिया. इस घटना के बाद हड़कंप मच गया और सरकार के मंत्रियों ने भी सोमेश से दूरी बना ली. सरकार के मंत्री रणबीर गंगवा और हासी के विधायक विनोद भियाना ने बकायदा प्रेस कॉन्फ्रेंस कर साफ किया कि सोमेश शर्मा का सरकार से कोई लेना-देना नहीं है. उन्होंने सोमेश को एक 'फ्रॉड' आदमी तक कह डाला था, जिसके बाद से ही पुलिस उसकी तलाश में जुट गई थी.

पुलिस दर्ज कर चुकी है एफआईआर, रिमांड पर लेकर होगी पूछताछ

इस पूरे फर्जीवाड़े को लेकर सदर थाने में मुकदमा नंबर 206 दर्ज किया गया है, जिसमें सोमेश शर्मा का नाम बाय-नेम (नामजद) शामिल है. पुलिस अधिकारी के मुताबिक, सोमेश के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 304, 324 और प्रिवेंशन ऑफ डैमेज टू पब्लिक प्रॉपर्टी (PDPP) एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है. गिरफ्तारी के बाद अब पुलिस सोमेश को कोर्ट में पेश करने की तैयारी कर रही है, जहां से उसका पुलिस रिमांड मांगा जाएगा.

रिमांड के दौरान पुलिस गहनता से यह पता लगाएगी कि आखिर वह अवैध 'टी' कहां से लेकर आया था, इस काम में कौन-सी जेसीबी और हाइड्रा मशीनों का इस्तेमाल हुआ और इस पूरे प्रपंच के पीछे उसकी असली मंशा क्या थी. पुलिस का कहना है कि पूछताछ में जो भी अन्य लोग दोषी पाए जाएंगे, उन पर भी सख्त कार्रवाई की जाएगी.

खाप पंचायतों के हाथ में आंदोलन, पाइपलाइन का काम ठप

इस बीच, चैनत गांव में पेयजल को लेकर चल रहा धरना अभी भी लगातार जारी है और अब यह आंदोलन और बड़ा रूप लेता जा रहा है. इस आंदोलन में अब खाप पंचायतें पूरी तरह से कूद चुकी हैं. 'जोगी खाप' ने इस पूरे धरने की कमान अपने हाथों में ले ली है. इस खाप के अंतर्गत आने वाले 24 से ज्यादा गांवों के लोग अब बारी-बारी से हर दिन आकर धरने का नेतृत्व कर रहे हैं.

इतना ही नहीं, अब हरियाणा से बाहर की खापों को भी इस आंदोलन से जोड़ने की मुहिम शुरू हो गई है. दूसरी तरफ, हासी के लिए जाने वाली इस मुख्य पाइपलाइन का काम भी फिलहाल रुक गया है क्योंकि नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) ने इसके लिए अभी तक एनओसी (NOC) नहीं दी है, क्योंकि यह पाइपलाइन हाईवे के नीचे से गुजरनी है.