चरखी दादरी फायरिंग का मास्टरमाइंड शिवकांत कौन? गिरफ्तारी के बाद सामने आई उसकी पूरी क्राइम कुंडली

न्यूज तक डेस्क

• 05:22 PM • 12 Aug 2026

Charkhi Dadri Firing case: चरखी दादरी फायरिंग मामले में रोहतक STF और दादरी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. पुलिस ने मुख्य साजिशकर्ता शिवकांत उर्फ नितिन निवासी दातोली को दादरी-महेंद्रगढ़ रोड से एक अवैध पिस्तौल व तीन जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है. आरोपी को अदालत में पेश कर 3 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है.

चरखी दादरी फायरिंग मामला: STF रोहतक ने दबोचा मुख्य साजिशकर्ता शिवकांत
चरखी दादरी फायरिंग मामला: STF रोहतक ने दबोचा मुख्य साजिशकर्ता शिवकांत
Google CTA

Charkhi Dadri firing mastermind caught: चरखी दादरी में हुए चर्चित फायरिंग मामले में रोहतक एसटीएफ (STF) और चरखी दादरी पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है. पुलिस कप्तान एसपी योगेश कुमार पी (IPS) के नेतृत्व में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत रोहतक एसटीएफ की टीम ने मुखबरी के आधार पर दादरी फायरिंग केस के मुख्य साजिशकर्ता को गिरफ्तार कर लिया है. इस मामले में यह 7वीं गिरफ्तारी है.

Read more!

दादरी-महेंद्रगढ़ रोड से अवैध हथियार समेत काबू

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान शिवकांत उर्फ नितिन (पुत्र संदीप), निवासी गांव दातोली के रूप में हुई है. आरोपी मुकदमा नंबर 165/2026 (सिटी थाना चरखी दादरी) में वांछित चल रहा था. रोहतक एसटीएफ की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को दादरी-महेंद्रगढ़ मार्ग से घेराबंदी कर काबू किया. तलाशी लेने पर उसके पास से एक अवैध पिस्तौल और तीन जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं. इसके बाद सदर थाना चरखी दादरी में आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा नंबर 2001 दर्ज किया गया है.

4 मुकदमों में वांछित, 3 दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा

डीएसपी ने प्रेसवार्ता में जानकारी देते हुए बताया कि आरोपी शिवकांत उर्फ नितिन के खिलाफ पहले से भी 4 आपराधिक मामले दर्ज हैं. वह दादरी में हुई फायरिंग की वारदात में मुख्य मास्टर माइंड की भूमिका में था. पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर 3 दिन के पुलिस रिमांड पर हासिल किया है.

गहन पूछताछ जारी, खुलेंगे और भी राज

डीएसपी के अनुसार, 3 दिन के पुलिस रिमांड के दौरान आरोपी से गहनता से पूछताछ की जाएगी. वारदात में शामिल अन्य सहयोगियों, हथियारों के स्रोत और साजिश की पूरी कड़ियों के बारे में पूछताछ कर बाकी के तथ्य भी जल्द ही सार्वजनिक किए जाएंगे.

क्या था मामला?

चरखी दादरी में को सिटी थाना और कोर्ट परिसर के पास एक स्कॉर्पियो को निशाना बनाकर हमलावरों ने ताबड़तोड़ गोलियां चला दी थीं. इस गोलीकांड में सात लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे, जिन्हें इलाज के लिए रोहतक और गुरुग्राम के अस्पतालों में भर्ती कराया गया. घटना के बाद सोशल मीडिया पर गोलीबारी का वीडियो वायरल हुआ. इसी बीच रोहित गोदारा गैंग से जुड़े नवीन बॉक्सर का कथित ऑडियो भी सामने आया, जिसमें उसने चरखी दादरी की इस वारदात की जिम्मेदारी लेने का दावा किया था.

यह भी पढ़ें: चरखी दादरी फायरिंग कांड: पुलिस की गिरफ्त में अब तक 6 आरोपी, जानिए कौन थे स्कार्पियो सवार और क्यों हुई वारदात?