Charkhi Dadri Firing Case: चरखी दादरी में 6 अगस्त को सिटी पुलिस थाने के ठीक सामने एक काले रंग की स्कॉर्पियो गाड़ी पर हुई ताबड़तोड़ फायरिंग के मामले में सीआईए (CIA) पुलिस टीम को एक और बड़ी सफलता मिली है. सीआईए टीम ने गोपालवास गांव के पास एक मुठभेड़ के बाद साहूवास गैंग के सक्रिय सदस्य और इस फायरिंग कांड के मुख्य साजिशकर्ता अमरदीप उर्फ पंकज (निवासी गांव साहूवास) को गिरफ्तार कर लिया है.
ADVERTISEMENT
दोनों पैरों में लगीं गोलियां, सिविल अस्पताल में भर्ती
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सीआईए टीम को सूचना मिली थी कि दादरी फायरिंग केस का मुख्य साजिशकर्ता गोपालवास के पास मौजूद है. जब सीआईए टीम ने उसे रोकने और सरेंडर करने को कहा तो दोनों ओर से फायरिंग हुई. मुठभेड़ के दौरान आरोपी अमरदीप उर्फ पंकज के दोनों पैरों में गोलियां लगीं, जिसके बाद सीआईए टीम ने उसे मौके पर ही काबू कर लिया. घायल बदमाश के कब्जे से एक अवैध पिस्तौल भी बरामद की गई है. सीआईए टीम ने तुरंत उसे इलाज के लिए चरखी दादरी के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया.
साहूवास गैंग का हेड और मुख्य साजिशकर्ता
मामले की गंभीरता को देखते हुए डीएसपी कप्तान सिंह भी पुलिस बल के साथ सिविल अस्पताल पहुंचे. पुलिस के अनुसार, अमरदीप उर्फ पंकज साहूवासिया (Sahuwas) गैंग का मुख्य सदस्य है और वर्तमान में इस गैंग की गतिविधियों को चला रहा था. वह 6 अगस्त को थाने के सामने हुई अंधाधुंध फायरिंग की वारदात में मुख्य साजिशकर्ता के रूप में शामिल था. उसके खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं.
केस में अब तक 8वीं गिरफ्तारी, शूटरों की तलाश जारी
6 अगस्त को दादरी सिटी थाने के सामने हुई इस सनसनीखेज वारदात में पुलिस अब तक 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी थी. अमरदीप उर्फ पंकज की गिरफ्तारी इस मामले में 8वीं बड़ी सफलता है. हालांकि, सीआईए का कहना है कि वारदात के दिन सीधे तौर पर गाड़ी पर फायरिंग करके भागने वाले मुख्य शूटरों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है और उन्हें भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
यह भी पढ़ें: चरखी दादरी फायरिंग का मास्टरमाइंड शिवकांत कौन? गिरफ्तारी के बाद सामने आई उसकी पूरी क्राइम कुंडली
ADVERTISEMENT


