चरखी दादरी गैंगवार: थाने के सामने दिनदहाड़े 30 राउंड गोलियां बरसाने वाले बदमाशों पर एक्शन, एनकाउंटर में पकड़ाया कातिया

न्यूज तक डेस्क

• 04:34 PM • 08 Aug 2026

हरियाणा के चरखी दादरी में कोर्ट और थाने के सामने 30 राउंड फायरिंग करने वाले मुख्य साजिशकर्ता रोहित उर्फ कातिया को पुलिस ने एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार कर लिया है. उसके पैर में गोली लगी है. लापरवाही के आरोप में 6 पुलिसकर्मी सस्पेंड किए गए हैं. यह हमला 4 एकड़ जमीन के विवाद और पुरानी गैंगवार से जुड़ा है.

Charkhi Dadri Gangwar
Charkhi Dadri Gangwar
Google CTA

हरियाणा के चरखी दादरी में सिटी थाने और कोर्ट परिसर के ठीक सामने दिनदहाड़े हुई 30 राउंड से अधिक ताबड़तोड़ फायरिंग के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. सीआईए पुलिस टीम ने बोंद-कलानौर लिंक रोड पर मुठभेड़ (एनकाउंटर) के दौरान वारदात के मुख्य साजिशकर्ता और बदमाश रोहित उर्फ कातिया के पैर में गोली मारकर उसे गिरफ्तार कर लिया है. इसके साथ ही वारदात में शामिल दो अन्य सह-आरोपियों प्रीत और युद्धविंदर को भी पुलिस ने धर दबोचा है.

Read more!

दूसरी ओर, थाने के ठीक सामने हुई इस बड़ी सुरक्षा चूक को लेकर गाज गिरना शुरू हो गई है. एसपी योगेश कुमार पी ने कोर्ट परिसर की सुरक्षा संभाल रही 'क्विक रिस्पॉन्स टीम' (QRT) के 6 पुलिस कर्मचारियों को तुरंत प्रभाव से निलंबित (सस्पेंड) कर दिया है.

बोंद-कलानौर रोड पर हुई पुलिस मुठभेड़

डीएसपी हेडक्वार्टर धीरज कुमार ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि आरोपी एक गाड़ी में बोंद-कलानौर लिंक रोड से गुजरने वाले हैं. सूचना के आधार पर पुलिस ने नाकेबंदी की. जब संदिग्ध मारुति कार को रुकने का इशारा किया गया तो आरोपियों ने कार से उतरते ही पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग शुरू कर दी. गोली पुलिस के सरकारी वाहन के बंपर में लगी. आत्मसमर्पण की चेतावनी के बावजूद जब बदमाश नहीं माने, तो पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की. इस दौरान रोहित उर्फ कातिया के पैर में गोली लगी और उसे मौके से ही काबू कर लिया गया. उसके पास से एक अवैध पिस्तौल भी बरामद हुई है.

घायलों में 6 का निकला क्रिमिनल बैकग्राउंड

गोलीकांड में कुल 7 लोग घायल हुए थे, जिन्हें इलाज के लिए रोहतक के निजी अस्पताल और गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पुलिस जांच में सामने आया है कि 7 घायलों में से 6 का गंभीर आपराधिक रिकॉर्ड है. इनमें से फतेहगढ़ निवासी अमित पर हत्या सहित 21 मुकदमे दर्ज हैं, जबकि हिसार के कीर्तिमान पर 15 मुकदमे दर्ज हैं.

4 एकड़ जमीन का विवाद और गैंगवार की रंजिश

प्राथमिक जांच के मुताबिक, यह पूरा विवाद 4 एकड़ ज़मीन की रंजिश को लेकर हुआ है. पूछताछ के दौरान सामने आया है कि बदमाश अमित फतेहगड़िया पर हमला करने के इरादे से आए थे. उधर, विदेश में बैठे कुख्यात गैंगस्टर रोहित गोदारा गैंग (नवीन बॉक्सर) ने भी इस गोलीकांड की जिम्मेदारी ली है. पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है.