हरियाणा के चरखी दादरी में थाने के कुछ कदम की दूरी पर ही बदमाशों ने गोलियां बरसाकर दहशत फैला दी है. बाइक सवार तीन अज्ञात बदमाशों ने एक ब्लैक स्कर्पियो गाड़ी को रुकवाकर उस पर अंधाधुंध 30 राउंड से ज्यादा फायरिंग कर दी. इस ताबड़तोड़ गोलीबारी में स्कर्पियो पूरी तरह छलनी हो गई और उसमें सवार 7 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं.
ADVERTISEMENT
30 से ज्यादा राउंड फायरिंग, इलाके में मची भगदड़
जानकारी के अनुसार, दोपहर करीब 1 बजे तीन बदमाश मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए. बदमाशों ने सिटी थाने के ठीक सामने स्कर्पियो को घेरा और ऑटोमेटिक हथियारों से ताबड़तोड़ गोलियां बरसानी शुरू कर दीं. गोलीबारी की गूंज से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई. वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए. पुलिस को मौके से 20 से 25 खाली खोल भी मिले हैं.
रोहतक पीजीआई किए गए रेफर
घटना के तुरंत बाद सभी 7 घायलों को इलाज के लिए दादरी के सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया गया है. घायलों में मानकावास निवासी अंकित, हिसार के कीर्तिमान, मानहेरू के सूरज, भिवानी के अंकित, हिसार के सन्नी, महेंद्रगढ़ के कृष्ण और फतेहगढ़ के अमित शामिल हैं.
सीसीटीवी फुटेज आया सामने, दो गिरोहों के बीच गैंगवार की आशंका
घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी कप्तान सिंह और डीएसपी धीरज कुमार भारी पुलिस बल के साथ मौके और अस्पताल पहुंचे. वारदात से जुड़ा एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है जिसमें बदमाश हाथों में हथियार लिए फायरिंग करते दिख रहे हैं. पुलिस की शुरुआती जांच में इस वारदात को 'बाबा गैंग' और 'प्रदीप कासनी गैंग' के बीच की आपसी रंजिश व गैंगवार से जोड़कर देखा जा रहा है.फिलहाल पुलिस आसपास के सीसीटीवी खंगाल रही है और जिले भर में नाकेबंदी कर हमलावरों की तलाश जारी है.
मामले में रोहित गोदारा गैंग ने मारी एंट्री ?
इधर घटना के बाद विदेश में बैठे कुख्यात गैंगस्टर रोहित गोदारा गैंग ने कथित रूप से जिम्मेदारी ली है. गोलीकांड के बाद सोशल मीडिया पर रोहित गोदारा गैंग के नवीन बॉक्सर का ऑडियो वायरल हुआ है. ऑडियो में नवीन बॉक्सर नाम का एक बदमाश दावा कर रहा है कि जो हरियाणा के दादरी में गोली चली है वो उसने चलवाई है. नवीन बॉक्सर ने ऑडियो में दावा किया है कि स्कॉर्पियों पर जो गोली चली वो अनिल फतेहगढ़ी के ऊपर अटैक हुआ है. इसमें इसके 2 साथी मारे गए हैं.
इनपुट: अरविंद ओझा/ प्रदीप साहू
ADVERTISEMENT


