पंजाब की राजनीति से एक बेहद दुखद खबर सामने आ रही है. पंजाब कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और तलवंडी साबो से पूर्व विधानसभा प्रत्याशी खुशबाज सिंह जाटान की हरियाणा के सोनीपत में एक भीषण सड़क हादसे में मौत हो गई है. इस हादसे में उनके ड्राइवर परमिंदर की भी मौके पर ही जान चली गई, जबकि उनका गनमैन और एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हैं.
ADVERTISEMENT
कैसे हुआ हादसा?
यह दर्दनाक हादसा सोनीपत से गुजरने वाले ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे (EPE) पर जाखौली टोल प्लाजा के पास हुआ. जानकारी के अनुसार, खुशबाज जाटान अपनी लग्जरी डिफेंडर गाड़ी से दिल्ली से बठिंडा की ओर जा रहे थे. रास्ते में उनकी गाड़ी का टायर पंचर हो गया. जब वे गाड़ी खड़ी कर पंचर लगवा रहे थे, तभी पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी खड़ी गाड़ी में जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि खुशबाज जाटान और उनके चालक परमिंदर की मौके पर ही मौत हो गई.
घायल और पुलिस कार्रवाई
इस हादसे में उनके गनमैन करणवीर और पंचर लगाने वाला फुरकान नाम का युवक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं. दोनों घायलों को तुरंत पास के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उनका इलाज चल रहा है. घटना की सूचना मिलते ही कुंडली थाना पुलिस मौके पर पहुँची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया. कुंडली थाना प्रभारी सेठी मलिक ने बताया कि आरोपी ट्रक चालक की पहचान करने के लिए 'वीटी' (Wireless Transmission) करवा दी गई है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
राजनीतिक गलियारों में शोक
खुशबाज जाटान पंजाब कांग्रेस के एक कद्दावर नेता थे और बठिंडा के तलवंडी साबो से चुनाव लड़ चुके थे. वे विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर भी रहे थे. उनके निधन की खबर फैलते ही पंजाब और हरियाणा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं और उनके समर्थकों में शोक की लहर दौड़ गई है. बड़ी संख्या में उनके समर्थक और परिजन सोनीपत के सिविल अस्पताल पहुँच रहे हैं. परिजनों के अनुसार, वे पिछले तीन दिनों से दिल्ली में थे और गुरुवार को ही घर वापस लौट रहे थे.
ADVERTISEMENT


