महम से कांग्रेस विधायक बलराम दांगी के ऑफिस पर देर रात ताबड़तोड़ फायरिंग, पुलिस स्टेशन के ठीक सामने हुई वारदात से दहशत

हरियाणा के महम से कांग्रेस विधायक बलराम दांगी के कार्यालय पर देर रात बदमाशों ने चार राउंड फायरिंग की. पुलिस स्टेशन के ठीक सामने हुई इस वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई है. देखें पूरी रिपोर्ट.

NewsTak
महम विधायक ने सुरक्षा व्यवस्था पर उठाए सवाल.

सोनिया सत्यानीता

follow google news

Maham news : हरियाणा में कानून-व्यवस्था को चुनौती देते हुए बदमाशों ने अब जनप्रतिनिधियों को निशाना बनाना शुरू कर दिया है. ताजा मामला रोहतक जिले के महम से सामने आया है, जहां महम पुलिस स्टेशन के ठीक सामने स्थित कांग्रेस विधायक बलराम दांगी के दफ्तर पर देर रात अज्ञात बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. पुलिस थाने के ठीक सामने हुई इस दुस्साहसिक वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है, वहीं पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं. 

Read more!

सुबह केयरटेकर ने देखा तो टूटे मिले शीशे 

जानकारी के अनुसार, घटना शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात करीब 1:00 बजे की बताई जा रही है. शनिवार सुबह करीब 7:00 बजे जब विधायक कार्यालय का केयरटेकर संजय दफ्तर पहुंचा, तो उसने देखा कि ऑफिस के मुख्य दरवाजे और खिड़कियों के शीशे टूटे हुए थे. उसने तुरंत इसकी सूचना विधायक बलराम दांगी को दी. विधायक के कहने पर जब संजय ने मौके की तस्वीरें भेजीं, तब साफ हुआ कि यह कोई सामान्य तोड़फोड़ नहीं बल्कि फायरिंग का मामला है. 

चार राउंड हुई फायरिंग, गेट और शीशों में फंसी मिलीं गोलियां 

घटना की जानकारी मिलते ही विधायक बलराम दांगी तुरंत अपने कार्यालय पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया. दफ्तर पर करीब चार राउंड फायरिंग की गई थी. बदमाशों द्वारा चलाई गई गोलियों में से एक गोली एल्युमिनियम के मुख्य गेट में ही फंसी रह गई, जबकि अन्य गोलियों के कारण ऑफिस के शीशे चकनाचूर हो गए. विधायक ने तुरंत एसपी रोहतक को फोन कर मामले की जानकारी दी. सूचना मिलते ही सीआईए (CIA) और महम थाना पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और जांच शुरू की. पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और दफ्तर में लगे सीसीटीवी कैमरे की डीवीआर (DVR) को अपने कब्जे में ले लिया है. 

दांगी बोले- 'सामने थाना है, यह पूरी तरह सरकार का फेलियर' 

इस घटना पर बात करते हुए कांग्रेस विधायक बलराम दांगी ने कहा, "सुबह केयरटेकर का फोन आने के बाद जब मैंने फोटो मंगवाई, तो साफ लगा कि फायरिंग हुई है. पुलिस जांच कर रही है और सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है. हमारा किसी से कोई विवाद या दुश्मनी नहीं है, हम तो हाथ जोड़कर चलने वाले लोग हैं. लेकिन बिल्कुल सामने थाना होने के बावजूद ऐसी वारदात हो जाना पूरी तरह से सरकार और कानून-व्यवस्था का फेलियर है. हरियाणा में लगातार ऐसी वारदातें आम लोगों के साथ भी हो रही हैं. मेरी सरकार से अपील है कि इस मामले में कड़ाई से कार्रवाई की जाए." उन्होंने किसी भी तरह की फिरौती या रंगदारी की पर्ची मिलने से साफ इनकार किया है. 

पुलिस का दावा है कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर हमलावरों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा. लेकिन थाने के ठीक सामने हुई इस वारदात ने आम जनता की सुरक्षा पर बड़ा सवालिया निशान लगा दिया है. 

DLF के 1400 प्लॉट्स पर गिरेगी गाज! बुलडोजर लेकर पहुंचे DTP अमित मधोलिया, अवैध PG और दुकानें पर एक्शन!
 

    follow google news