गुरुग्राम के सुशांत लोक में पुलिस एनकाउंटर के बाद एक बार फिर गैंगस्टर दीपक नांदल का नाम देश भर की सुर्खियों में आ गया है. इस एनकाउंटर में दीपक नांदल गैंग से संबंध रखने वाले चार शूटर मारे गए हैं और पांचवां शूटर घायल है, जिसका अस्पताल में इलाज चल रहा है. इस बड़ी घटना के बाद हरियाणा पुलिस, दिल्ली पुलिस और हरियाणा एसटीएफ की रडार पर चढ़े मोस्ट वांटेड गैंगस्टर दीपक नांदल की क्राइम कुंडली फिर से खंगाली जाने लगी है. करीब 39 साल का दीपक नांदल मूल रूप से हरियाणा के रोहतक जिले का रहने वाला है.
ADVERTISEMENT
म्यूजिक प्रोडक्शन और रैपिंग से शुरुआत
गैंगस्टर बनने से पहले दीपक नांदल का बैकग्राउंड पूरी तरह से अलग था. उसने अपने करियर की शुरुआत म्यूजिक इंडस्ट्री से की थी, जहां वह एक म्यूजिक प्रोडक्शन कंपनी चलाता था. दीपक ने खुद भी कई गानों में बतौर रैपर काम किया है. इस दौरान म्यूजिक इंडस्ट्री के कई बड़े सिंगरों के साथ उसके सीधे संबंध रहे हैं. मशहूर रैपर और सिंगर बादशाह और राहुल फाजिलपुरिया जैसे बड़े नामों के साथ भी उसने काम किया था. 'लड़की ब्यूटीफुल कर गई चुल' और 'हरियाणा रोडवेज' जैसे बेहद लोकप्रिय गानों के प्रोडक्शन और काम में दीपक नांदल सीधे तौर पर शामिल रहा था.
विवादों से अपराध की दुनिया का सफर
म्यूजिक इंडस्ट्री में काम करने के दौरान ही दीपक नांदल की क्राइम कुंडली की शुरुआत हुई. शुरुआत में वह सिंगरों के आपसी विवादों या म्यूजिक इवेंट्स को लेकर होने वाले छोटे-मोटे झगड़ों में पड़ने लगा. इन झगड़ों के जरिए वह धीरे-धीरे बड़े गैंगस्टरों के संपर्क में आ गया. इसके बाद उसने गैर-कानूनी हथियारों की सप्लाई और उनकी मूवमेंट का काम अपने हाथ में ले लिया. इसके बाद वह रोहतक और सोनीपत पुलिस की नजरों में आ गया. दीपक के खिलाफ पहला बेहद संगीन मामला गुरुग्राम के सदर बाजार थाने में साल 2009 में एक मर्डर केस के रूप में दर्ज हुआ था, हालांकि इस मामले में बाद में वह कोर्ट से बरी हो गया था.
विदेश से ऑपरेट कर रहा है नेटवर्क
दीपक नांदल फिलहाल भारत में नहीं है और जांच एजेंसियों के मुताबिक वह साल 2024 में देश छोड़कर भाग गया था. भारत से भागने के बाद वह सबसे पहले दुबई पहुंचा. सुरक्षा एजेंसियों की आशंका है कि वह वर्तमान में दुबई से अमेरिका, पुर्तगाल या किसी अन्य देश में शरण ले चुका है. भारत से बाहर रहने के बावजूद वह सोशल मीडिया पर बेहद एक्टिव है. दीपक नांदल नाम के उसके इंस्टाग्राम प्रोफाइल पर 28 जून को आखिरी पोस्ट किया गया था, जहां उसकी कई रील्स और तस्वीरें मौजूद हैं. वह विदेशों में बैठकर ही सोशल मीडिया के जरिए अपनी गैंग को चला रहा है और भारत में व्यापारियों को निशाना बना रहा है.
रंगदारी और मर्डर की बड़ी वारदातें
दीपक नांदल गैंग पिछले कुछ समय में कई बड़ी वारदातों को अंजाम दे चुकी है. गुरुग्राम के सुशांत लोक में जिस व्यापारी के घर पर एनकाउंटर हुआ, उससे दीपक ने 10 करोड़ रुपये की भारी-भरकम फिरौती मांगी थी. इसके अलावा, उसने म्यूजिक इंडस्ट्री के मशहूर सिंगर 'बिस्मिल' और उनके मैनेजर को फोन पर धमकाकर 5 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी थी, जिसकी शिकायत पर दिल्ली पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है.
साल 2025 के अगस्त महीने में गुरुग्राम में बिल्डर और प्रॉपर्टी डीलर रोहित शौकीन की हत्या हुई थी, जिसकी जिम्मेदारी दीपक नांदल गैंग ने ली थी. सितंबर 2025 में एमएआर (MAR) बिल्डर के दफ्तर पर हुई फायरिंग और 29 अक्टूबर 2025 को करनाल की अल्फा सिटी में यूनिस इंफो सॉल्यूशन प्राइवेट लिमिटेड के दफ्तर पर हुई करीब 55 से 60 राउंड ताबड़तोड़ फायरिंग की जिम्मेदारी भी इसी गैंग ने ली थी. दीपक ने अपने पुराने साथी सिंगर राहुल फाजिलपुरिया और उनके मैनेजर पर भी कन्हैही गांव में पैसे के लेन-देन के विवाद में फायरिंग करवाई थी.
एसटीएफ की रडार पर है नांदल
गुरुग्राम पुलिस ने इस बार दीपक नांदल गैंग को एक बड़ा झटका दिया है. एनकाउंटर में मारे गए शूटरों में से तीन शूटर रोहतक के भालोट के रहने वाले थे, जबकि एक शूटर दीपा उर्फ संदीप फतेहाबाद का रहने वाला था. हरियाणा एसटीएफ के आईजी सतीश बालन के मुताबिक, दीपक नांदल को पकड़ने के लिए इंटरपोल के जरिए रेड कॉर्नर नोटिस भी जारी किया जा चुका है.
हरियाणा एसटीएफ लगातार ऐसे गैंगस्टरों को ट्रैक कर रही है जो विदेशों में बैठकर हरियाणा और देश के अन्य हिस्सों में रंगदारी और हत्या का नेटवर्क चला रहे हैं. पुलिस का दावा है कि जल्द ही कानूनी प्रक्रियाओं को पूरा कर इन अपराधियों का प्रत्यर्पण कराया जाएगा और इन्हें भारत लाकर जेल की सलाखों के पीछे भेजा जाएगा.
ADVERTISEMENT


