दिल्ली-NCR में फिर बारिश का अलर्ट, गुरुग्राम में ऑफिस जाने वालों के लिए एडवाइजरी जारी

नीरज वशिष्ठ

• 09:25 AM • 08 Aug 2026

दिल्ली-NCR में बारिश का दौर जारी है और IMD ने 8 अगस्त को येलो अलर्ट जारी किया है. दिल्ली में बादल और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है. गुरुग्राम में जलभराव को देखते हुए निजी और कॉरपोरेट कर्मचारियों को WFH की सलाह दी गई है. कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट है.

Delhi NCR rain
Delhi NCR rain
Google CTA

दिल्ली-NCR में पिछले 2 दिनों से लगातार बारिश का सिलसिला जारी है. कई इलाकों में अच्छी बारिश से जलभराव हो गया. सड़कों पर पानी भरने से लोगों को ट्रैफिक जाम का सामना करना पड़ रहा है. अब मौसम विभाग ने शनिवार, 8 अगस्त को दिल्ली-NCR के लिए येलो अलर्ट जारी किया है.

Read more!

मौसम विभाग के मुताबिक, आज दिल्ली में दिनभर आसमान में बादल छाए रह सकते हैं. सुबह से दोपहर के बीच कई इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है. कुछ जगहों पर मध्यम बारिश भी होने की संभावना है. रात के समय भी कुछ इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है.

दिल्ली में आज कितना रहेगा तापमान?

बारिश के बीच दिल्ली के तापमान में भी ज्यादा बढ़ोतरी नहीं होगी. आज अधिकतम तापमान 33 से 35 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है. वहीं न्यूनतम तापमान 22 से 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है.

मौसम विभाग का कहना है कि दिल्ली में ज्यादातर जगहों पर तापमान सामान्य से कम रह सकता है. यानी बारिश और बादलों के चलते लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है.

गुरुग्राम में घर से काम करने की सलाह

गुरुग्राम में लगातार बारिश और जलभराव को देखते हुए जिला प्रशासन ने लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है. जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष और गुरुग्राम के डीसी उत्तम सिंह ने 8 अगस्त को कॉरपोरेट और निजी कंपनियों के कर्मचारियों को घर से काम करने की सलाह दी है.

प्रशासन का कहना है कि बारिश के दौरान सड़कों पर बेवजह निकलने से बचें. खासकर उन इलाकों में जाने से बचें, जहां जलभराव की समस्या है. इससे लोगों को परेशानी से बचाने के साथ सड़कों पर ट्रैफिक का दबाव भी कम किया जा सकेगा.

जरूरत पड़ने पर इन नंबरों पर करें संपर्क

बारिश या जलभराव के दौरान अगर किसी तरह की मदद की जरूरत पड़ती है तो गुरुग्राम प्रशासन ने कई हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं.

GMDA के लिए 1800-180-1817 और 0124-2050808 नंबर पर संपर्क किया जा सकता है. NHAI की मदद के लिए 1033 और 9311920617 नंबर हैं. MCG के लिए 9821395354 और DRO के लिए 9289790948 नंबर जारी किए गए हैं.

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि मौसम खराब होने पर सावधानी बरतें और किसी भी परेशानी की स्थिति में संबंधित विभाग से संपर्क करें.

कई राज्यों में भी बारिश का जोर

दिल्ली-NCR ही नहीं, देश के कई दूसरे हिस्सों में भी मानसून सक्रिय है. केरल और ओडिशा समेत कई इलाकों में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है.

मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली-NCR के अलावा उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और पश्चिम बंगाल में भी मानसून काफी सक्रिय है. इन राज्यों में आने वाले दिनों में बारिश देखने को मिल सकती है.

बंगाल की खाड़ी में बन सकता है कम दबाव का क्षेत्र

मौसम विभाग के अनुसार पश्चिम बंगाल के गंगा किनारे वाले इलाकों और उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के आसपास कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है. अगर ऐसा होता है तो इसका असर पूर्वी भारत के मौसम पर पड़ सकता है और कई इलाकों में बारिश बढ़ सकती है.

मुंबई में बारिश की कमी ने बढ़ाई चिंता

जहां दिल्ली समेत कई इलाकों में बारिश का दौर जारी है, वहीं मुंबई में अगस्त की शुरुआत में बारिश कम हुई है. स्काईमेट वेदर के मुताबिक अगस्त मुंबई के सबसे ज्यादा बारिश वाले महीनों में शामिल है. जुलाई के बाद अगस्त में यहां सबसे ज्यादा बारिश होती है और पूरे महीने की सामान्य बारिश करीब 560.8 मिलीमीटर रहती है.

लेकिन इस बार अगस्त की शुरुआत में बारिश कम हुई है. मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक आने वाले दिनों में बारिश की कमी और बढ़ सकती है. कमजोर बारिश का यह दौर अगस्त के बीच के बाद भी जारी रह सकता है.