काली थार से आया..सरेआम EX-गर्लफ्रेंड को पीटा! गुरुग्राम में दिल्ली पुलिस के जवान की हैवानियत, Video वायरल

गुरुग्राम के सेक्टर 56 में दिल्ली पुलिस के सिपाही रौनित यादव ने ब्रेकअप से बौखलाकर अपनी एक्स-गर्लफ्रेंड की सोसाइटी में शराब के नशे में जमकर उत्पाद मचाया. आरोपी ने युवती को सरेआम सड़क पर बाल पकड़कर बेरहमी से पीटा और परिवार को धमकी दी. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.

gurugram
gurugram

राहुल यादव

follow google news

हरियाणा के गुरुग्राम से एक बेहद हैरान और विचलित करने वाला मामला सामने आया है. यहां दिल्ली पुलिस के एक सिपाही ने शराब के नशे में धुत होकर अपनी एक्स-गर्लफ्रेंड के साथ सरेआम बेरहमी से मारपीट की. आरोपी जवान अपनी काली थार गाड़ी से युवती की हाईप्रोफाइल सोसाइटी में घुसा, उसके बाल पकड़े, थप्पड़ मारे और सड़क पर घसीटा. इस पूरी घटना का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. गुरुग्राम पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर भोंडसी जेल भेज दिया है.

Read more!

क्या है पूरा मामला?

आरोपी की पहचान रौनित यादव के रूप में हुई है, जो मूल रूप से गाजियाबाद के इंदिरापुरम का रहने वाला है और दिल्ली पुलिस में बतौर सिपाही मेट्रो स्टेशन पर तैनात है. पीड़ित युवती दिल्ली यूनिवर्सिटी से बीबीए की पढ़ाई कर रही है. दोनों पहले रिलेशनशिप में थे, लेकिन आरोपी के खराब बर्ताव के कारण युवती ने उससे रिश्ता तोड़ लिया था. ब्रेकअप से बौखलाया रौनित लगातार युवती को परेशान कर रहा था.

सोसाइटी में घुसकर मचाया गदर

शिकायत के मुताबिक, आरोपी रौनित सुबह करीब 5 से 6 बजे के बीच अपनी ब्लैक थार गाड़ी से गुरुग्राम के सेक्टर 56 स्थित जलवायु विहार सोसाइटी पहुंचा. उस समय युवती घर पर नहीं थी. आरोपी ने जबरन घर में घुसने की कोशिश की और युवती की मां व 15 साल की छोटी बहन से गाली-गलौज करते हुए उन्हें जान से मारने और रेप की धमकी दी.

सरेआम सड़क पर की मारपीट

जब पीड़िता की मां ने उसे फोन करके बुलाया तो सोसाइटी के परिसर में पहुंचते ही रौनित ने उसे बीच रास्ते में रोक लिया. सीसीटीवी में साफ दिख रहा है कि आरोपी ने बेरहमी से युवती के बाल पकड़े, उसे कई थप्पड़ मारे और जमीन पर धक्का दे दिया. जब एक युवक बीच-बचाव करने आया, तो आरोपी ने उसके साथ भी मारपीट की. घटना के बाद जब सोसाइटी के सुरक्षाकर्मियों ने गेट बंद किया, तो वह अपनी थार गाड़ी से गेट को टक्कर मारता हुआ वहां से फरार हो गया.

प्राइवेट वीडियो वायरल करने की दी थी धमकी

पीड़िता ने बताया कि आरोपी सितंबर 2025 में भी ऐसी ही हिंसक वारदात कर चुका था. तब पुलिस में शिकायत दी गई थी, लेकिन आरोपी ने उनके प्राइवेट वीडियो वायरल करने की धमकी दी, जिसके डर से युवती ने शिकायत वापस ले ली थी. इसी वजह से आरोपी का हौसला और बढ़ गया था. फिलहाल, आरोपी ने गिरफ्तारी से बचने के लिए कोर्ट में याचिका लगाई थी जो खारिज हो गई और पुलिस ने उसे दबोच कर सलाखों के पीछे भेज दिया है.

    follow google news