Cockroach Janta Party Protest Dhruv Rathee detention: दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रस्तावित प्रदर्शन से पहले यूट्यूबर ध्रुव राठी और CJP के संस्थापक अभिजीत दिपके को गुरुग्राम से हिरासत में ले लिया गया है. दिल्ली और गुरुग्राम पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए यह कदम उठाया. प्रशासन ने जंतर-मंतर पर प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी है. इसे देखते हुए इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है. बता दें कि CJP ने शनिवार, 10 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन का ऐलान किया था. प्रदर्शन से पहले पुलिस ने यह कार्रवाई की है.
ADVERTISEMENT
गुरुग्राम में माता-पिता के सामने उठाया गया
विश्वसनीय सूत्रों और रिपोर्ट्स के मुताबिक, दिल्ली पुलिस के पास पुख्ता सूचना थी कि ध्रुव राठी अपने परिजनों से मिलने के लिए सेक्टर 56 के केंद्रीय विहार में पहुंचेगा. ध्रुव राठी के माता-पिता दुबई से दो दिन पहले ही केंद्रीय विहार पहुंचे थे और ध्रुव भी हाल ही में जर्मनी से भारत लौटे थे. इसी महत्वपूर्ण सूचना को दिल्ली पुलिस के अधिकारियों ने गुरुग्राम पुलिस के आला अधिकारियों के साथ साझा किया. इसके बाद एक जॉइंट ऑपरेशन प्लान किया गया और सुबह करीब 5 से 6 बजे के बीच पुलिस दल ने मौके पर पहुंचकर ध्रुव राठी और अभिजीत दिपके को उनके माता-पिता के सामने ही हिरासत में ले लिया. हालांकि गुरुग्राम पुलिस के आला अधिकारी इस बात की आधिकारिक पुष्टि से बच रहे हैं, लेकिन प्रशासनिक हलकों में इस हाई-प्रोफाइल कार्रवाई से हड़कंप मच गया है.
जंतर-मंतर पर प्रदर्शन की अनुमति खारिज, धारा 163 लागू
गौरतलब है कि कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने 10 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन का आह्वान किया था. दिल्ली पुलिस ने सीजेपी का आवेदन खारिज करते हुए स्पष्ट किया था कि 7 अक्टूबर को प्राप्त हुआ आवेदन निर्धारित समय-सीमा के नियमों के विपरीत था. इसके अलावा पिछले प्रदर्शनों में नियमों के उल्लंघन के मामलों को भी आधार बनाया गया. नई दिल्ली इलाके में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BASS) की धारा 163 पहले ही लागू कर दी गई है. पुलिस ने चेतावनी दी है कि नियम तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. पिछले कुछ समय से ध्रुव राठी और दिपके सीजेपी की विचारधारा और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार तथा वोट चोरी जैसे मुद्दों पर लगातार मुखर होकर बयानबाजी कर रहे थे, जिसके बाद से एजेंसियां इनकी गतिविधियों पर नजर बनाए हुए थीं.
सोशल मीडिया पर पैनी नजर और सुरक्षा व्यवस्था सख्त
ध्रुव राठी और अभिजीत दिपके को हिरासत में लिए जाने के बाद राजनीतिक और सोशल मीडिया जगत में खलबली मच गई है. खुफिया एजेंसियों ने प्रदर्शन में भीड़ जुटाने वाले स्थानीय कार्यकर्ताओं की गुप्त सूचियां तैयार कर ली हैं और कई जिलों में सोशल एक्टिविस्ट्स को उनके घरों में नजरबंद कर दिया गया है. पुलिस और प्रशासन किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह मुस्तैद हैं और राजधानी की सीमाओं से लेकर जंतर-मंतर तक सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं.
ADVERTISEMENT


