HTET Scandals: बिना सील के पहुंचे पेपर, रात 8:30 बजे तक परीक्षा, दिग्विजय चौटाला ने उठाए गंभीर सवाल

न्यूज तक डेस्क

• 12:28 PM • 01 Aug 2026

जेजेपी नेता दिग्विजय चौटाला ने हरियाणा शिक्षक पात्रता परीक्षा (HTET) में बड़े घोटाले का आरोप लगाया है. उनका कहना है कि परीक्षा में धांधली छुपाने के लिए भिवानी शिक्षा बोर्ड से सीसीटीवी फुटेज डिलीट कर दी गई. इसके अलावा ओएमआर शीट जलाने और पैसों के बदले पास कराने के भी गंभीर आरोप लगाए हैं.

NewsTak
Google CTA

हरियाणा में शिक्षक पात्रता परीक्षा (HTET) को लेकर एक बार फिर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है. जननायक जनता पार्टी (JJP) के वरिष्ठ नेता दिग्विजय चौटाला ने भिवानी स्थित हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड और राज्य सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं. उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दावा किया कि HTET परीक्षा में बड़े पैमाने पर धांधली हुई है और सबूत मिटाने के लिए स्ट्रांग रूम की सीसीटीवी फुटेज तक डिलीट कर दी गई है.

Read more!

कर्मचारी बदलने का आरोप

दिग्विजय चौटाला ने कहा कि नियमों के मुताबिक परीक्षा संपन्न होने के बाद स्ट्रांग रूम और ट्रांसपोर्टेशन की सीसीटीवी फुटेज को 3 महीने तक सुरक्षित रखना अनिवार्य होता है. लेकिन भिवानी शिक्षा बोर्ड में मुख्यमंत्री की नाक के नीचे इस सीसीटीवी फुटेज को पूरी तरह से डिलीट कर दिया गया. जब स्थानीय कर्मचारी और बोर्ड कर्मचारी यूनियन ने इसके खिलाफ आवाज उठाई, तो आधी रात को सीसीटीवी फुटेज संभालने वाले प्रभारी समेत 14 कर्मचारियों का तबादला कर दिया गया.

आधी रात को ट्रक बुलाकर OMR शीट जलाने का प्रयास?

जेजेपी नेता ने सनसनीखेज आरोप लगाते हुए कहा कि हाई कोर्ट के स्पष्ट आदेश हैं कि OMR शीट्स को सुरक्षित रखा जाए. इसके बावजूद भिवानी बोर्ड परिसर में आधी रात को 4 से 5 ट्रक बुलाए गए. स्ट्रांग रूम खोलकर OMR शीट्स को ट्रकों में भरकर नष्ट करने और आग लगाने की कोशिश की गई. हालांकि, कर्मचारियों के विरोध और मामला कोर्ट में जाने के बाद ऐसा नहीं हो सका.

बिना बायोमेट्रिक 1284 नए लोगों को पास करने का दावा

पिछली परीक्षा प्रक्रिया का जिक्र करते हुए दिग्विजय चौटाला ने कहा कि बोर्ड सचिव द्वारा भेजे गए रिजल्ट को रोककर उनका रातों-रात ट्रांसफर कर दिया गया. इसके बाद सिक्योरिटी ऑडिट के नाम पर 1284 नए अभ्यर्थियों को पास घोषित कर दिया गया, जबकि आज तक उनका बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन ही नहीं हुआ है. उन्होंने कहा कि रिजल्ट सुबह 4 से 5 बजे के बीच बिना किसी पूर्व सूचना के चुपचाप जारी किया गया था.

22 जिलों में बिना सील के पहुंचे प्रश्न पत्र

हाल ही में 4 और 5 जुलाई को आयोजित हुई एचटेट परीक्षा का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि प्रदेश के 22 जिलों से अभ्यर्थियों ने शिकायत दर्ज कराई है कि प्रश्न पत्र बिना सील के दिए गए थे. इतना ही नहीं, शाम 5 बजे समाप्त होने वाली परीक्षा कई सेंटरों पर रात 8:30 बजे तक चलती रही.

5 से 7 लाख रुपये में पास कराने का खेल!

दिग्विजय चौटाला ने प्रदेश में चल रहे कोचिंग सेंटरों और बोर्ड अधिकारियों की साठगांठ का भी आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि हरियाणा में यह खुलेआम चर्चा है कि आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों से 2 लाख और सामान्य वर्ग से 5 से 7 लाख रुपये लेकर HTET परीक्षा पास कराई जा रही है. उन्होंने मुख्यमंत्री से इस पूरे मामले पर जवाब देने और अभ्यर्थियों के भविष्य से खिलवाड़ बंद करने की मांग की है.