हरियाणा में जननायक जनता पार्टी (JJP) के युवा नेता दिग्विजय सिंह चौटाला ने नौकरियों में धांधली और कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर नायब सिंह सैनी सरकार को आड़े हाथों लिया है. सिरसा में अपने 'जन-जन अभियान' (हाथ से हाथ जोड़ो अभियान) के तहत ग्रामीणों के बीच पहुंचे चौटाला ने हरियाणा लोक सेवा आयोग (HPSC) की भर्तियों पर गंभीर सवाल उठाए हैं.
ADVERTISEMENT
नौकरियों में धांधली और बाहरी युवाओं का दबदबा
असिस्टेंट प्रोफेसर की ताजा लिस्ट का हवाला देते हुए दिग्विजय चौटाला ने आरोप लगाया कि एचपीएससी (HPSC) की भर्तियों में भारी गड़बड़ी की जा रही है. उन्होंने कहा, "100 नौकरियां निकलती हैं तो 80 सीटें खाली रख दी जाती हैं और यह बहाना बनाया जाता है कि बेसिक 35 नंबर ही नहीं आए. इस नियम के जरिए एससी (SC) और ओबीसी (OBC) वर्ग के युवाओं को जानबूझकर बाहर का रास्ता दिखा दिया गया."
चौटाला ने आगे तीखा हमला बोलते हुए कहा, "हमारी धरती, हमारी सरकार और हमारे टैक्सपेयर्स का पैसा है, लेकिन एचपीएससी का चेयरमैन बिहार का है और भर्ती होने वाले 90 फीसदी युवा बाहर के राज्यों से हैं. मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को हरियाणा की जनता को जवाब देना चाहिए कि देश के कितने राज्यों में हरियाणा के युवाओं को अच्छी नौकरियां मिली हैं? वे इसका डेटा फैक्ट्स के साथ साझा करें."
विपक्ष और मुख्यमंत्री सैनी पर तीखा तंज
कांग्रेस को घेरते हुए दिग्विजय ने कहा कि प्रदेश में विपक्ष पूरी तरह से हताश होकर घरों में दुबक गया है. जलभराव, फसल भुगतान और नीट (NEET) जैसे मुद्दों पर कांग्रेस मौन है. वहीं, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा, "प्रदेश में कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है. यमुनानगर और करनाल में सरेआम अपराध हो रहे हैं. यहां के मुख्यमंत्री 'डमी' हैं, जिन्हें दिल्ली से रिमोट कंट्रोल द्वारा चलाया जा रहा है. सरकार को केवल गुलाम प्रवृत्ति के लोग चाहिए जो आवाज न उठा सकें."
ADVERTISEMENT


