अक्षय चौटाला और अर्जुन के विवादित बयानों पर बरसे दिग्विजय चौटाला, बोले- 'अभय सिंह तो बीजेपी के हैं'

जजपा नेता दिग्विजय चौटाला ने जुलाना दौरे के दौरान इनेलो और भाजपा पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने इनेलो नेता अर्जुन चौटाला द्वारा एसपी को अपशब्द कहे जाने की निंदा करते हुए मर्यादा में रहने की सलाह दी. दिग्विजय ने दावा किया कि अभय चौटाला और आदित्य देवीलाल असल में बीजेपी और संघ के ही लोग हैं.

Digvijay Chautala FIR News
Digvijay Chautala FIR News

न्यूज तक डेस्क

follow google news

जननायक जनता पार्टी (जजपा) के राष्ट्रीय महासचिव दिग्विजय सिंह चौटाला इन दिनों हरियाणा में 'जन-जन अभियान' के तहत गांवों के दौरे पर हैं. जुलाना के दौरे के दौरान उन्होंने इनेलो (INELO) और भाजपा (BJP) पर जमकर राजनीतिक हमले किए. इसके साथ ही रोहतक में इनेलो नेता अर्जुन चौटाला द्वारा एसपी (SP) को कथित रूप से अपशब्द या गाली देने के मामले पर भी दिग्विजय ने तीखी प्रतिक्रिया दी.

Read more!

अर्जुन चौटाला के 'गाली' कांड पर घेरा

रोहतक में एसपी को लेकर इनेलो नेता अर्जुन चौटाला के बयान पर दिग्विजय चौटाला ने कहा कि किसी अधिकारी को गाली देना बिल्कुल गलत है. वे चौथी पीढ़ी के नेता हैं और उनके पास चौधरी देवीलाल और ओम प्रकाश चौटाला की विरासत है. बोलते वक्त मर्यादा का ध्यान रखना चाहिए.

उन्होंने कहा, "यूपीएससी क्लियर करके अधिकारी आते हैं, अगर वह गलत हैं तो उन्हें विनम्रता के साथ एहसास कराओ. राजनीति में अग्रेशन होना जरूरी है, लेकिन वह विनम्रता के साथ होना चाहिए." दिग्विजय ने चुटकी लेते हुए कहा कि जब पहले दुष्यंत चौटाला पर बंदूक तानी गई थी, तब ये लोग हंस रहे थे और आज जब इन पर बात आई है तो विरोध जता रहे हैं. उन्होंने चेतावनी दी कि आने वाले कुछ सालों में हरियाणा में किसी को भी बोलने की आजादी नहीं बचेगी.

'अभय चौटाला और आदित्य देवीलाल तो बीजेपी के हैं'

दिग्विजय चौटाला ने इनेलो और भाजपा के बीच अंदरूनी मिलीभगत का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि यह सारा खेल रचा हुआ है जिसमें इनेलो, भाजपा और हलोपा (गोपाल कांडा) सब एक साथ शामिल हैं. उन्होंने दावा किया कि गोपाल कांडा ने खुद ऑन-रिकॉर्ड कहा था कि मनोहर लाल खट्टर ने उन्हें अभय सिंह के बेटे को जिताने के लिए कहा था.

चाचा आदित्य देवीलाल को लेकर दिग्विजय ने कहा, "वह तो आज भी पक्के संघी हैं, उनकी आत्मा में संघ बसा है. यह सब लोग केवल प्रॉक्सी अटेंडेंस लगाने की तरह भाजपा द्वारा भेजे गए लोग हैं." वहीं इनेलो नेता अभय चौटाला को लेकर उन्होंने साफ तौर पर कहा कि वे तो असल में बीजेपी के ही नेता हैं, उनके अंदर बीजेपी बसती है.

विपक्ष पर साधा निशाना, जुलाना में जजपा के कामों को गिनाया

कांग्रेस पर तंज कसते हुए दिग्विजय ने कहा कि कांग्रेस के नेता इस समय शिमला और मनाली में छुट्टियां मना रहे हैं, वे भला क्या राज करेंगे? चुनाव खत्म होने के बाद भी जजपा लगातार फील्ड में पसीना बहा रही है. जुलाना में दुष्यंत चौटाला और अमरजीत ढांडा ने जितने विकास कार्य किए हैं, उतने हरियाणा बनने के बाद कभी नहीं हुए. जजपा नवंबर तक 1100 गांवों का दौरा पूरा कर समाज के अंतिम व्यक्ति तक अपनी नीतियां पहुंचाएगी.

 

    follow google news