दिग्विजय चौटाला पर FIR के बाद भारी बवाल, रात 3 बजे कार्यकर्ताओं के घर घुसी पुलिस, JJP नेता ने दी CM को चेतावनी

Haryana political news: दिग्विजय चौटाला पर FIR के बाद हरियाणा में सियासी बवाल तेज. जननायक जनता पार्टी कार्यकर्ताओं के घर रात 3 बजे पुलिस रेड का आरोप, CM नायब सिंह सैनी को दी खुली चेतावनी. जानें GJU विवाद, गिरफ्तारी और पूरा मामला.

Digvijay Chautala FIR News
Digvijay Chautala FIR News

सोनिया सत्यानीता

follow google news

हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जंभेश्वर यूनिवर्सिटी (GJU) में हुए हंगामे के बाद सियासत गरमा गई है. पुलिस ने जननायक जनता पार्टी (JJP) के युवा प्रदेशाध्यक्ष दिग्विजय चौटाला और कई कार्यकर्ताओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है. इस कार्रवाई के विरोध में दिग्विजय चौटाला ने सीधे मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को चुनौती दी है. दिग्विजय ने आरोप लगाया कि पुलिस ने रात के अंधेरे में उनके कार्यकर्ताओं के घरों पर छापा मारा और महिलाओं के साथ अभद्रता की. उन्होंने ऐलान किया है कि वह अपनी गिरफ्तारी देने के लिए दिल्ली से हिसार रवाना हो चुके हैं.

Read more!

यूनिवर्सिटी में बवाल: गमले टूटे और वीसी ऑफिस पर हंगामा

पूरा विवाद गुरुवार को तब शुरू हुआ जब जेजेपी कार्यकर्ता यूनिवर्सिटी परिसर में सम्मेलन करने की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे. प्रदर्शन के दौरान दिग्विजय चौटाला की मौजूदगी में ही छात्र और कार्यकर्ता उग्र हो गए. आरोप है कि प्रदर्शनकारियों ने वीसी ऑफिस के गेट तोड़ दिए, गमले फेंके और पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की की. स्थिति इतनी तनावपूर्ण हो गई थी कि वीसी नरसीराम बिश्नोई को पिछले दरवाजे से निकलना पड़ा. वीसी ने इसे सुरक्षा में भारी चूक बताया, जिसके बाद पुलिस ने आपराधिक अतिचार, दंगा भड़काने और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने जैसी गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया है.

'रात 3 बजे की गुंडागर्दी': दिग्विजय चौटाला के गंभीर आरोप

दिग्विजय चौटाला ने एक वीडियो संदेश जारी कर पुलिस की कार्यप्रणाली पर कड़े सवाल उठाए. उन्होंने आरोप लगाया कि शुक्रवार तड़के 3 बजे सीआईए की टीम ने जेजेपी नेताओं तरुण गोयल, रवि आहूजा और विजेंद्र धानक के घरों पर छापेमारी की. दिग्विजय के अनुसार, बिना किसी महिला पुलिसकर्मी के पुलिस घर में घुसी, महिलाओं के कपड़ों तक की तलाशी ली और उनके साथ धक्का-मुक्की की गई. उन्होंने यह भी दावा किया कि पुलिस कार्यकर्ताओं के घरों से सीसीटीवी कैमरे और डीवीआर तक उखाड़ ले गई है.

मुख्यमंत्री को चेतावनी: 'जेलों से नहीं डरता देवीलाल का परिवार'

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को संबोधित करते हुए दिग्विजय चौटाला ने कहा, 'कान खोलकर सुन लें, मेरे परदादा चौधरी देवीलाल, दादा ओम प्रकाश चौटाला और पिता ने प्रदेश के हितों के लिए कई बार जेलें काटी हैं. अगर छात्रों और युवाओं के हित की आवाज उठाना जुर्म है, तो हम यह जुर्म हजार बार करेंगे.' उन्होंने एनआईटी कुरुक्षेत्र में छात्रों के सुसाइड का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार की गलत नीतियों के खिलाफ उनका संगठन आवाज उठाता रहेगा. दिग्विजय ने स्पष्ट किया कि वह गिरफ्तारी से डरने वाले नहीं हैं और खुद हिसार जाकर आत्मसमर्पण करेंगे.

पुलिस की कार्रवाई: 6 नेता हिरासत में, जांच जारी

पुलिस ने अब तक इस मामले में तरुण गोयल, जितेंद्र सोरान, रवि आहूजा, विजेंद्र धानक और दीपक घणगस समेत 6 नेताओं को हिरासत में ले लिया है. पुलिस अधीक्षक का कहना है कि कानून-व्यवस्था के साथ खिलवाड़ करने वाले किसी भी अराजक तत्व को बख्शा नहीं जाएगा. सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाना और पुलिस बल पर हमला करना गंभीर अपराध है. पुलिस सीसीटीवी और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की मदद से अन्य आरोपियों की पहचान करने में जुटी है. इस बीच, दुष्यंत चौटाला ने भी इस कार्रवाई पर तीखी प्रतिक्रिया दी है, जिससे सरकार और जेजेपी के बीच टकराव और बढ़ने के आसार हैं.

    follow google news