'पुलिस ने मुझ पर गाड़ी चढ़ाने की कोशिश की, पिस्तौल तानी', दुष्यंत चौटाला का गंभीर आरोप, हिसार में हुआ हाई वोल्टेज ड्रामा

Hisar political drama: हिसार में बड़ा सियासी बवाल, दुष्यंत चौटाला ने पुलिस पर गाड़ी चढ़ाने और पिस्तौल तानने जैसे गंभीर आरोप लगाए. जननायक जनता पार्टी नेताओं की गिरफ्तारी के बीच GJU विवाद ने तूल पकड़ लिया है. जानिए पूरा मामला, पुलिस का जवाब और आगे की रणनीति.

Dushyant Chautala news
Dushyant Chautala news

सोनिया सत्यानीता

follow google news

हरियाणा के पूर्व डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला और उनके भाई दिग्विजय चौटाला की गिरफ्तारी को लेकर हिसार में जबरदस्त हंगामा देखने को मिला. शुक्रवार को जब दुष्यंत चौटाला गुरु जंभेश्वर यूनिवर्सिटी (GJU) विवाद के सिलसिले में गिरफ्तारी देने एसपी दफ्तर जा रहे थे, तब उन्होंने पुलिस पर बेहद गंभीर आरोप लगाए. दुष्यंत का दावा है कि रास्ते में पुलिस की एक गाड़ी ने उन्हें कुचलने की कोशिश की और सादी वर्दी में एक पुलिसकर्मी ने उन पर हथियार तान दिया.

Read more!

'रक्षक ही भक्षक बन गए'- दुष्यंत चौटाला

सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा करते हुए दुष्यंत चौटाला ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की सरकार को घेरा. उन्होंने लिखा, 'जब रक्षक ही भक्षक बन जाए तो व्यवस्था पर सवाल उठना तय है. मुझ पर पुलिस की गाड़ी चढ़ाने की कोशिश किसके इशारे पर की गई? यह पुलिस है या नायब सरकार के गुंडे?'. वीडियो में नजर आ रहा है कि एक सफेद रंग की गाड़ी के सामने दुष्यंत चौटाला खड़े हैं और बाद में वह गाड़ी के बोनट के पास तक पहुंच जाते हैं, लेकिन गाड़ी वहां से तेजी से निकल जाती है. इस दौरान दिग्विजय चौटाला भी एक सिविल ड्रेस वाले पुलिसकर्मी को धक्का देते हुए दिखाई दे रहे हैं.

एसपी बोले- 'लिखित शिकायत दें'

दुष्यंत चौटाला के आरोपों पर हिसार के एसपी सिद्धार्थ जैन ने प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने कहा कि दुष्यंत और दिग्विजय चौटाला से उनकी मुलाकात हुई है और उनकी बातों को सम्मानपूर्वक सुना गया है. हथियार ताने जाने और गाड़ी चढ़ाने के आरोपों पर एसपी ने कहा, 'अगर उनके पास इस घटना का कोई ऑडियो, वीडियो या अन्य साक्ष्य है, तो वे हमें लिखित शिकायत दें. कानून के अनुसार उचित कार्रवाई की जाएगी.' एसपी ने स्पष्ट किया कि पुलिस केवल तथ्यों और सबूतों के आधार पर ही जांच आगे बढ़ाएगी.

अब तक 6 लोग गिरफ्तार

गुरुवार को गुरु जंभेश्वर यूनिवर्सिटी में हुए बवाल को लेकर एसपी ने बताया कि यूनिवर्सिटी प्रशासन की शिकायत पर एफआईआर दर्ज की गई थी. इसमें तोड़फोड़, धक्का-मुक्की और सरकारी काम में बाधा डालने जैसी धाराएं लगाई गई हैं. पुलिस ने अब तक 6 लोगों को गिरफ्तार किया है, जिन्हें कोर्ट ने एक दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. दिग्विजय चौटाला समेत अन्य नामजद आरोपियों की भूमिका की जांच की जा रही है। एसपी ने कहा कि यूनिवर्सिटी में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और अराजकता फैलाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा.

आंदोलन की चेतावनी

एसपी से मुलाकात के बाद बाहर आए दुष्यंत चौटाला ने कड़े तेवर दिखाए. उन्होंने कहा कि अगर पुलिस ने निष्पक्ष जांच नहीं की और उनके कार्यकर्ताओं को प्रताड़ित करना बंद नहीं किया, तो वे बड़ा आंदोलन शुरू करेंगे. उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस जानबूझकर राजनीतिक दबाव में काम कर रही है. फिलहाल हिसार में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है और भारी पुलिस बल तैनात है.

यहां देखें वीडियो

दिग्विजय चौटाला पर FIR के बाद भारी बवाल, रात 3 बजे कार्यकर्ताओं के घर घुसी पुलिस, JJP नेता ने दी CM को चेतावनी

    follow google news