"'अब लोकतंत्र का गला घुट चुका है...' AAP सांसदों की बगावत पर दुष्यंत चौटाला का बड़ा बयान, क्षेत्रीय दलों को दी ये बड़ी नसीहत

आम आदमी पार्टी के 7 राज्यसभा सांसदों के बीजेपी में शामिल होने के बाद हरियाणा के पूर्व डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने कड़ा प्रहार किया है. चौटाला ने सरकारी मशीनरी के दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए सभी क्षेत्रीय दलों को एकजुट होने का आह्वान किया. जानें दुष्यंत चौटाला ने पंजाब चुनाव और बीजेपी की रणनीति पर क्या कहा.

AAP सांसदों की बगावत पर दुष्यंत चौटाला का बड़ा बयान
AAP सांसदों की बगावत पर दुष्यंत चौटाला का बड़ा बयान

न्यूज तक डेस्क

follow google news

Dushyant Chautala Statement On AAP: देश की राजनीति में इस समय जबरदस्त हलचल मची हुई है. आम आदमी पार्टी (AAP) पार्टी में हुई बगावत के बाद से विपक्षी खेमे में भी खलबली मची हुई है. अब इस बड़े राजनीतिक उलटफेर पर हरियाणा के पूर्व उपमुख्यमंत्री और जजपा नेता दुष्यंत चौटाला ने तीखी प्रतिक्रिया दी है. चौटाला ने इसे लोकतंत्र की हत्या करार देते हुए बीजेपी पर सरकारी मशीनरी के दुरुपयोग का गंभीर आरोप लगाया है.मीडिया से बातचीत करते हुए दुष्यंत चौटाला ने सीधे तौर पर बीजेपी को निशाने पर लिया.

Read more!

उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी के सात सांसदों को जिस तरह से साथ लाया गया है, वह साफ दिखाता है कि अब लोकतंत्र का गला घोंटा जा चुका है. चौटाला ने आरोप लगाया कि ईडी (ED) और सीबीआई (CBI) जैसी केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग कर विपक्षी नेताओं पर दबाव बनाया जा रहा है. उनके मुताबिक, बीजेपी जन भावनाओं के जरिए नहीं, बल्कि दबाव की राजनीति के जरिए जीत हासिल करना चाहती है.

क्षेत्रीय दलों से की ये अपील

दुष्यंत चौटाला ने देश के सभी क्षेत्रीय दलों को एक महत्वपूर्ण नसीहत दी है. उन्होंने कहा कि "यह समय है जब हम सभी क्षेत्रीय दलों को एक होना चाहिए और इस तानाशाही के विरोध में मिलकर लड़ाई लड़नी चाहिए." चौटाला का मानना है कि अगर क्षेत्रीय दल अभी एकजुट नहीं हुए, तो आने वाले समय में स्वतंत्र राजनीति का अस्तित्व खतरे में पड़ सकता है.

केजरीवाल सहित कई नेताओं की तारीफ

चौटाला ने पंजाब के आगामी चुनावों का जिक्र करते हुए कहा कि बीजेपी को आम आदमी पार्टी से खतरा महसूस हो रहा है, इसलिए चुनाव से पहले पार्टी को तोड़ने की साजिश रची गई है. इसी बीच, उन्होंने अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया और सत्येंद्र जैन के साहस की तारीफ भी की. चौटाला ने कहा कि बीजेपी की मशीनरी के आगे ये नेता झुके नहीं, बल्कि डटकर लड़े और कोर्ट से उन्हें न्याय भी मिला.

हिसार में महापंचायत पर ये बोले

अपनी भविष्य की रणनीति और छात्रों के मुद्दों पर बात करते हुए दुष्यंत चौटाला ने हिसार के क्रांतिमान पार्क में बुलाई गई महापंचायत में पहुंचने का आग्रह किया. उन्होंने कहा कि यह छात्रों के हित की लड़ाई है. वहीं, कोर्ट के आदेशों और एसपी (SP) के एफिडेविट पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने मुख्यमंत्री पर तंज कसा और कहा कि एसपी तो वही लिखेगा जो सरकार कहेगी. उन्होंने मुख्यमंत्री से किसी भी तरह की बातचीत की जरूरत से भी इनकार किया.

 

    follow google news