एल्विश यादव को मिली जान से मारने की धमकी, 10 करोड़ की रंगदारी मांगकर बदमाश ने खुद को बताया लॉरेंस गैंग का करीबी

सोशल मीडिया स्टार एल्विश यादव से विदेशी नंबर के जरिए 10 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई है. आरोपी ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का करीबी बताकर एल्विश और उनके पिता को गोली मारने की धमकी दी है. गुरुग्राम पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

Elvish Yadav
Elvish Yadav

अरविंद ओझा

follow google news

मशहूर सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और 'बिग बॉस ओटीटी-2' के विजेता एल्विश यादव एक बार फिर सुर्खियों में हैं, लेकिन इस बार वजह कोई शो नहीं बल्कि उन्हें मिली जान से मारने की धमकी है. एल्विश से 10 करोड़ रुपये की भारी-भरकम रंगदारी मांगी गई है. धमकी देने वाले ने खुद को कुख्यात लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा हुआ बताया है.

Read more!

विदेशी नंबर से आया मैसेज

एल्विश यादव ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया कि 5 मई को उनके पास एक विदेशी नंबर से व्हाट्सएप कॉल आई थी. कॉल न उठा पाने के बाद उसी नंबर से एक मैसेज आया. मैसेज भेजने वाले ने अपना नाम रणदीप मलिक बताया और दावा किया कि वह लॉरेंस बिश्नोई गैंग का करीबी है. बदमाश ने सीधे तौर पर 10 करोड़ रुपये की मांग की और पैसे देने के लिए सिर्फ दो दिन का समय दिया.

पिता को भी दी गई धमकी

हैरान करने वाली बात यह है कि यह धमकी भरा मैसेज सिर्फ एल्विश को ही नहीं बल्कि उनके पिता के मोबाइल पर भी भेजा गया है. आरोपी ने चेतावनी दी है कि अगर दो दिन के भीतर मांग पूरी नहीं हुई तो एल्विश को गोली मार दी जाएगी. इस घटना के बाद एल्विश और उनका परिवार दहशत में है.

पुलिस ने दर्ज की एफआईआर

मामले की गंभीरता को देखते हुए एल्विश यादव ने तुरंत गुरुग्राम के सेक्टर-56 थाना पुलिस को इसकी सूचना दी. पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर (FIR) दर्ज कर ली है. पुलिस अब उस विदेशी नंबर को ट्रैक करने और आरोपी की पहचान करने में जुटी है.

करियर के शिखर पर हैं एल्विश

एल्विश यादव वर्तमान में मनोरंजन जगत का बड़ा नाम हैं. बिग बॉस जीतने के बाद उनकी लोकप्रियता काफी बढ़ गई है. आजकल वे कुकिंग रियलिटी शो 'लाफ्टर शेफ' में नजर आ रहे हैं, जहां करण कुंद्रा के साथ उनकी जोड़ी दर्शकों को खूब गुदगुदा रही है. प्रोफेशनल लाइफ में सफलता के बीच इस तरह की धमकी ने उनके फैंस को भी चिंता में डाल दिया है.

    follow google news