12 हजार फॉलोअर्स, 4 फर्जी ID...खुद को पत्रकार बताकर घूम रहा था कपल, हरियाणा पुलिस ने पकड़ा तो MP से हरियाणा तक के काले कारनामे खुले

राहुल यादव

03 Jul 2026 (अपडेटेड: Jul 3 2026 10:00 AM)

हरियाणा के फतेहाबाद में पुलिस ने पत्रकारिता की आड़ में अफीम की तस्करी करने वाले एक यूट्यूबर और उसकी महिला मित्र को गिरफ्तार किया है. आरोपी अपनी होंडा सिटी कार पर 'प्रेस' का स्टीकर लगाकर घूम रहे थे. पुलिस ने इनके पास से 70 लाख रुपये मूल्य की 13 किलो से अधिक अफीम बरामद की है.

Haryana
Haryana
Google CTA

हरियाणा की फतेहाबाद पुलिस ने नशे के खिलाफ एक बहुत बड़ी कामयाबी हासिल की है. पुलिस ने एक ऐसे हाई-प्रोफाइल कपल का भंडाफोड़ किया है जो पत्रकारिता की आड़ में भारी मात्रा में अफीम की तस्करी कर रहे थे. पुलिस ने इनके कब्जे से एक लग्जरी होंडा सिटी कार और करीब 70 लाख रुपये की अफीम बरामद की है.

Read more!

धांगड़ पुल के पास पुलिस ने लगाया ट्रैप

फतेहाबाद की एएसपी दिव्याशी सिंगला ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि सीआईए रतिया की टीम को एक पुख्ता खुफिया इनपुट मिला था कि मध्य प्रदेश के नीमच का रहने वाला ईश्वर लाल पाटीदार और रायसेन की रहने वाली सोना प्रजापति एक दिल्ली नंबर की होंडा सिटी कार (DL 3CBA 2461) से हरियाणा में अफीम की बड़ी खेप लेकर आ रहे हैं. सूचना के आधार पर पुलिस ने नेशनल हाईवे-9 पर स्थित धांगड़ पुल के पास नाकाबंदी कर दी. जैसे ही संदिग्ध कार वहां पहुंची, पुलिस ने उसे रोक लिया.

गाड़ी की चेकिंग हुई तो उड़ गए पुलिस के होश

जब पुलिस टीम ने लग्जरी होंडा सिटी कार की सघन तलाशी ली, तो उसमें से 13 किलोग्राम और 60 ग्राम अफीम बरामद हुई. अंतरराष्ट्रीय बाजार में इस अफीम की अनुमानित कीमत करीब 70 लाख रुपये आंकी गई है. पुलिस ने तुरंत दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और नशे की खेप सहित लग्जरी कार को भी जब्त कर लिया.

पुलिस को झांसा देने के लिए अपनाया था 'प्रेस' का हथकंडा

पूछताछ में सामने आया कि मुख्य आरोपी ईश्वर लाल पाटीदार बेहद शातिर दिमाग है. पुलिस चेकिंग और नाकों से बचने के लिए उसने अपनी गाड़ी के आगे और पीछे 'दैनिक सुदर्शन टुडे' नाम के न्यूज पेपर का स्टीकर लगा रखा था. इसके अलावा, आरोपी के पास से न्यूज रिपोर्टर के 4 अलग-अलग आईकार्ड भी बरामद हुए हैं, जिन पर उसकी अलग-अलग तस्वीरें लगी हुई थीं. वह खुद को एक बड़ा जर्नलिस्ट बताकर घूमता था ताकि कोई उस पर शक न करे. साथ ही, उसने गाड़ी में महिला मित्र को इसलिए बिठाया था ताकि पुलिस को लगे कि कोई परिवार या कपल सफर कर रहा है.

यूट्यूब चैनल के जरिए बनाता था नेटवर्क

आरोपी ईश्वर लाल पाटीदार का सोशल मीडिया पर अपना एक यूट्यूब चैनल भी है, जिस पर 12,000 से ज्यादा फॉलोअर्स हैं. वह इस चैनल पर राजनीतिक और सामाजिक मुद्दों से जुड़ा कंटेंट पोस्ट करता था. इसी सोशल मीडिया प्रेजेंस और पत्रकार के रसूख का इस्तेमाल कर वह लोगों से संपर्क साधता था और फिर उन्हें अफीम सप्लाई करता था.

पहले भी दर्ज हैं आपराधिक मामले

पुलिस जांच में पता चला है कि आरोपी ईश्वर लाल के खिलाफ पहले भी पंजाब के बठिंडा में एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत नशा तस्करी का मामला दर्ज है, यानी वह लंबे समय से इस अवैध धंधे में शामिल था. पुलिस अब इन दोनों आरोपियों को रिमांड पर लेकर पूछताछ करेगी कि वे मध्य प्रदेश में यह अफीम कहां से खरीदकर लाए थे और हरियाणा के फतेहाबाद व सिरसा के अलावा पंजाब में उनके लोकल सप्लायर और खरीदार कौन-कौन हैं.